Dhurandhar The Revenge: आदित्य धर के निर्देशन में बनी बहुप्रतीक्षित फिल्म 'धुरंधर: द रिवेंज' आज यानी 18 मार्च से पेड प्रिव्यूज के लिए सिनेमाघरों में खुल गई है। फिल्म की आधिकारिक रिलीज से एक दिन पहले रखे गए इन विशेष शोज को लेकर दर्शकों में भारी उत्साह देखा जा रहा है और कुछ ही घंटों में शुरुआती प्रतिक्रियाएं आने की उम्मीद है। फिल्म के स्केल, एक्शन दृश्यों और दमदार स्टार कास्ट को लेकर सोशल मीडिया पर पहले से ही जबरदस्त चर्चा बनी हुई है। इस फिल्म में रणवीर सिंह, संजय दत्त, आर माधवन, अर्जुन रामपाल, दानिश पांडोर, राकेश बेदी और सारा अर्जुन जैसे कलाकार मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे।
फिल्म की टिकट दरों ने भी काफी सुर्खियां बटोरी हैं। दिल्ली-एनसीआर जैसे बड़े शहरों में पेड प्रिव्यू के लिए टिकटों की कीमत ₹300 से लेकर ₹2400 के बीच रखी गई है, जो इसे हाल के समय की सबसे प्रीमियम अर्ली-एक्सेस रिलीज में से एक बनाती है। ऊंची कीमतों के बावजूद, शुरुआती रुझान बताते हैं कि दर्शकों की इसमें खासी दिलचस्पी है और सिनेमाघरों में अच्छी खासी भीड़ देखी जा रही है। गौरतलब है कि फिल्म ने अपनी आधिकारिक रिलीज से पहले ही दुनिया भर में एडवांस बुकिंग के जरिए ₹100 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है।
आज के लाइव अपडेट्स के माध्यम से देशभर के सिनेमाघरों से फिल्म की वास्तविक स्थिति, दर्शकों के पहले रिव्यू और बॉक्स ऑफिस के शुरुआती संकेतों पर नजर रखी जा रही है। हालांकि फिल्म की असली रफ्तार और ओपनिंग डे का सटीक अंदाजा 19 मार्च को इसकी व्यापक रिलीज के बाद ही लग पाएगा। वैसे गौर करने वाली बात है कि फिल्म की डिमांड इस कदर है कि आधी रात के बाद के भी शोज हाउसफुल जा रहे हैं। रिलीज से कुछ ही घंटे पहले मेकर्स को साउथ से बड़ा झटका लहा है, फिल्म के प्रीमियर शोज कई जगह रद्द कर दिए गए हैं।