1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. क्या प्रकाश राज ने शूटिंग के बीच छोड़ दी 'स्पिरिट'? अफवाहों पर एक्टर ने लगाया विराम, खुद बता दी सच्चाई

क्या प्रकाश राज ने शूटिंग के बीच छोड़ दी 'स्पिरिट'? अफवाहों पर एक्टर ने लगाया विराम, खुद बता दी सच्चाई

 Written By: Jaya Dwivedie @JDwivedie
 Published : Feb 09, 2026 04:49 pm IST,  Updated : Feb 09, 2026 04:49 pm IST

अचानक ही चर्चाएं शुरू हुईं कि दीपिका पादुकोण के बाद एक्टर प्रकाश राज ने संदीप रेड्डी वांगा की फिल्म बीच में ही छोड़ दी है। अब एक्टर ने इन चर्चाओं पर विराम लगा दिया और सच्चाई जग जाहिर कर दी है।

prakash raj spirit- India TV Hindi
प्रकाश राज और प्रभास। Image Source : PRAKASH RAJ X, TRIPTI DIMRI INSTAGRAM

संदीप रेड्डी वांगा की ‘स्पिरिट’ उन फिल्मों में शुमार है, जिनका नाम आते ही फिल्मी गलियारों में हलचल तेज हो जाती है। प्रभास और तृप्ति डिमरी स्टारर यह फिल्म पहले से ही जबरदस्त बज में है और दर्शक इसकी हर छोटी-बड़ी अपडेट पर नजर बनाए हुए हैं। तय कार्यक्रम के मुताबिक ‘स्पिरिट’ 7 मार्च 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है और यही वजह है कि इससे जुड़ी हर खबर सुर्खियां बन रही है। पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया और गॉसिप सर्कल्स में यह चर्चा जोरों पर थी कि दिग्गज अभिनेता प्रकाश राज ने फिल्म को बीच में ही छोड़ दिया है।

प्रकाश ने लगाया अफवाहों पर विराम

कहा जा रहा था कि उनके और फिल्म की टीम के बीच क्रिएटिव मतभेद हो गए हैं। लेकिन 9 फरवरी को खुद प्रकाश राज ने इन तमाम अटकलों पर करारा जवाब दिया और अफवाहों की हवा निकाल दी। प्रकाश राज ने अपने X (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, 'सभी टॉक्सिक फेक न्यूज फैलाने वालों के लिए… स्पिरिट फिल्म के बारे में। हमने अभी तक मेरे सीन की शूटिंग भी शुरू नहीं की है… और आप व्हाट्सएप फैक्ट्रियां कहानियों पर अटकलें लगा रही हैं। बड़े हो जाओ और अपनी जिंदगी जियो।'

यहां देखें पोस्ट

फिल्म का हिस्सा हैं प्रकाश राज

पोस्ट के अंत में हंसने वाले इमोजी ने साफ कर दिया कि एक्टर इन अफवाहों को कितनी गंभीरता से ले रहे हैं। गौरतलब है कि प्रकाश राज को फिल्म में एक अहम किरदार निभाते हुए बताया गया है। इतना ही नहीं, फिल्म के लॉन्च वीडियो में उनकी आवाज ने पहले ही दर्शकों के बीच उत्सुकता पैदा कर दी थी। उनके किरदार को लेकर फैंस में खासा क्रेज देखने को मिल रहा है, ऐसे में उनके प्रोजेक्ट छोड़ने की खबरें स्वाभाविक तौर पर चिंता का विषय बन गई थीं।

फिल्म की कास्ट

अगर फिल्म की कास्ट की बात करें तो ‘स्पिरिट’ में कंचना और विवेक ओबेरॉय भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे। प्रभास इस फिल्म में एक पुलिस अधिकारी का किरदार निभा रहे हैं और वह भी संदीप रेड्डी वांगा के इंटेंस और रॉ स्टाइल में। वहीं तृप्ति डिमरी फिल्म में प्रभास की लव इंटरेस्ट की भूमिका में दिखाई देंगी। खास बात यह है कि इस रोल के लिए पहले दीपिका पादुकोण का नाम चर्चा में था, लेकिन बाद में तृप्ति को फाइनल किया गया।

वायरल हुआ था पोस्टर

‘स्पिरिट’ भूषण कुमार की टी-सीरीज और संदीप रेड्डी वांगा की भद्रकाली पिक्चर्स का कोलैबोरेशन है, जो अपने आप में बड़ी उम्मीदें पैदा करता है। 1 जनवरी को संदीप रेड्डी वांगा ने फिल्म का पहला लुक पोस्टर रिलीज किया था, जिसने इंटरनेट पर तहलका मचा दिया। पोस्टर में प्रभास लंबे बालों और दाढ़ी-मूंछ के साथ, बिना शर्ट के कैमरे की तरफ पीठ किए खड़े नजर आए। उनके शरीर पर चोटों के निशान और बंधी पट्टियां फिल्म के रॉ और हिंसक टोन की झलक देती हैं। उनके पास खड़ी तृप्ति उन्हें सिगरेट जलाते हुए दिखती हैं, एक फ्रेम, जिसने कई सवाल और थ्योरीज को जन्म दे दिया।

रिलीज की गई थी साउंड स्ट्रोरी

इतना ही नहीं, पिछले साल प्रभास के जन्मदिन पर संदीप रेड्डी वांगा ने फिल्म की पहली ‘साउंड स्टोरी’ शेयर की थी। इसमें जेल के माहौल में एक जेलर और उसका असिस्टेंट एक पूर्व पुलिस अधिकारी के बारे में बात करते हैं, जो रिमांड पर है। बैकग्राउंड में प्रभास की भारी आवाज सुनाई देती है, 'सर, बचपन से मेरी एक बुरी आदत है…', यह लाइन और उसका दोहराव फिल्म के किरदार की मानसिकता की झलक देता है।

इस फिल्म में नजर आए थे प्रकास राज

वर्क फ्रंट की बात करें तो प्रकाश राज आखिरी बार हिंदी फिल्म ‘तेरे इश्क में’ में नजर आए थे, जिसमें उन्होंने धनुष के पिता का किरदार निभाया था। आनंद एल राय के निर्देशन में बनी इस फिल्म में कृति सेनन भी अहम भूमिका में थीं और यह फिल्म नेटफ्लिक्स पर उपलब्ध है।

ये भी पढ़ें:  रूबी और डायमंड से बना है सैफ अली खान का छोटा सा चिड़िया वाला ब्रोच, कीमती इतनी कि खरीद लें लग्जरी कार

रिटायरमेंट के बाद भी क्या आमिर खान के लिए गाना गा रहे अरिजीत सिंह? एक पोस्ट से मची खलबली

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन