1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. 'दिल धड़कने दो' एक्ट्रेस ने बेटी की मौत से एक हफ्ते पहले की DNA की बात, पोस्ट साझा कर कहा था- यही सच्चाई है

'दिल धड़कने दो' एक्ट्रेस ने बेटी की मौत से एक हफ्ते पहले की DNA की बात, पोस्ट साझा कर कहा था- यही सच्चाई है

 Written By: Jaya Dwivedie @JDwivedie
 Published : Aug 06, 2024 05:45 pm IST,  Updated : Aug 06, 2024 05:45 pm IST

'जब वी मेट' और 'दिल धड़कने दो' जैसी फिल्मों में काम करने वाली एक्ट्रेस दिव्या सेठ शाह की बेटी मिहिका शाह का निधन हो गया है। अचानक आई इस खबर ने सभी को हैरान किया है। इसी के साथ ही दिव्या सेठ शाह का आखिरी इंस्टाग्राम पोस्ट भी वायरल हो रहा है।

Divya Seth Shah daughter mihika- India TV Hindi
दिव्या सेठ शाह और मिहिका शाह। Image Source : INSTAGRAM

बॉलीवुड और टीवी एक्ट्रेस दिव्या सेठ की बेटी मिहिका शाह की मौत ने इंडस्ट्री के लोगों के साथ ही चाहने वालों को भी हैरान किया है। दिव्या सेठ ने मंगलवार को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर अपनी बेटी के निधन की खबर सार्वजनिक की। उन्होंने बताया कि सोमवार को मिहिका की मौत हो गई। मौत की वजह बताए बिना ही उन्होंने प्रेयर मीट की जानकारी भी सोशल मीडिया पर साझा की है। इस घटना ने पूरे परिवार को झगझोर कर रख दिया है। दिव्या के साथ ही परिवार के बाकी सदस्य भी गम में डूबे हुए हैं। इसी बीच दिव्या का एक इंस्टाग्राम पोस्ट तेजी से वायरल हो रहा है और हर किसी का ध्यान उस पोस्ट में कही हुई बात पर जा रहा है।  

वायरल हुआ दिव्या का पोस्ट

वायरल हो रहे दिव्या सेठ शाह के इंस्टाग्राम पोस्ट में उन्होंने दो तस्वीरें साझा की हैं। इन तस्वीरों में परिवार की तीन जनरेशन नजर आ रही है। मिहिका अपनी नानी सुषमा सेठ के साथ खड़ी नजर आ रही हैं। वहीं दिव्या भी बगल में खड़ी दिख रही हैं। तीनों ही तस्वीर में काफी खुश नजर आ रही हैं। इन तस्वीरों को साझा करते हुए उन्होंने कैप्शन में लिखा, 'डीएनए ही एकमात्र सच्चाई है। बाकी सब बहुत मेहनत का काम है। मदरशिप को थैंक्यू।' एक्ट्रेस ने खून के रिश्तों को तवज्जो देने की बात की है।

यहां देखें पोस्ट 

दिव्या ने दी निधन की जानकारी

बता दें, मिहिका के निधन के बाद उनकी मां दिव्या सेठ ने फेसबुक पर लिखा, 'बहुत दुख के साथ, हम आपको हमारी प्यारी मिहिका शाह के निधन की सूचना देते हैं, जो 5 अगस्त, 2024 को स्वर्ग सिधार गईं।' नोट पर दिव्या और उनके पति सिद्धार्थ शाह के नाम लिखे हुए थे। इसके साथ ही प्रेयर मीट की टाइमिंग, तारीख और स्थान की जानकारी साझा की। 

इन फिल्मों के लिए जानी जाती हैं दिव्या

दिव्या सेठ के करियर ग्राफ की बात करें तो उन्होंने कई फिल्मों और टीवी शोज में काम किया है। दिव्या को 'जब वी मेट' में शाहिद कपूर की मां के किरदार के लिए जाना जाता है। इसके अलावा वो 'दिल धड़कने दो' में भी अपनी कॉमिक टाइमिंग से लोगों को इंप्रेस करती नजर आई थीं। 'आर्टिकल 370', 'सरदार्स ग्रैंडसन', 'द एक्सिडेंटल प्राइममिनिस्टर' जैसी फिल्मों में भी काम करने के लिए वो चर्चा में रहीं। 'बनेगी अपनी बात' और 'देख भाई देख' जैसे टीवी शो में काम करने के लिए भी वो जानी जाती हैं। इसके अलावा वो शाहरुख खान के साथ बेरी जॉन के थिएटर ग्रुप का भी हिस्सा रह चुकी हैं।

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन