साल 2007 में आई निर्देशक मोहित सूरी की सुपरहिट फिल्म 'आवारापन' के फैंस के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। फिल्म के सीक्वल 'आवारापन 2' के मेकर्स ने इसका नया रोमांटिक गाना 'यह आवारापन' आधिकारिक तौर पर रिलीज कर दिया है। विशेष फिल्म्स और सोनी म्यूजिक इंडिया के बैनर तले जारी किए गए इस खूबसूरत ट्रैक को अपनी जादुई आवाज दी है अरिजित सिंह ने, जबकि इसका सुरीला संगीत अमाल मलिक ने तैयार किया है। गाने के बोल रश्मि विराग ने लिखे हैं। इमरान हाशमी पर फिल्माया गया यह गाना फिल्म की कहानी की एक झलक पेश करता है। गाने से पहले आए टीजर को भी लोगों ने काफी पसंद किया, लोगों के अलग-अलग रिएक्शन देखने को मिले।
'वे जुनून' की सफलता और पहला गाना
निर्माताओं के अनुसार यह गाना मुख्य किरदार के अतीत और वर्तमान के ताने-बाने को जोड़ता है और यह दर्शाता है कि जीवन के हर मोड़ पर उसका इकलौता सच्चा साथी केवल उसका आवारापन ही रहा है। यह इस फिल्म का दूसरा ट्रैक है। इससे ठीक दो हफ्ते पहले, 7 जुलाई 2026 को मेकर्स ने फिल्म का पहला गाना 'वे जुनून' पेश किया था। मिथुन के संगीत, सुबोध शर्मा की गायकी और सईद कादरी के लिखे इस गाने को दर्शकों का भरपूर प्यार मिल रहा है। रिलीज के बाद से ही यह गाना यूट्यूब के टॉप ट्रेंडिंग म्यूजिक वीडियोज की सूची में अपनी जगह बनाए हुए है।
14 अगस्त को सिनेमाघरों में होगी 'बंटवारा 1947' से सीधी टक्कर
गौरतलब है कि 2007 में आई मूल फिल्म 'आवारापन' का म्यूजिक एल्बम एक बड़ा कल्ट हिट साबित हुआ था। 'तो फिर आओ', 'तेरा मेरा रिश्ता पुराना' और 'माहिया' जैसे गानों ने आज भी लोगों के दिलों में एक खास जगह बना रखी है। 'आवारापन 2' स्वतंत्रता दिवस के खास मौके पर 14 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में बड़े स्तर पर रिलीज़ होने जा रही है। बॉक्स ऑफिस पर इसकी सीधी भिड़ंत आमिर खान के प्रोडक्शन तले बन रही और सनी देओल स्टारर फिल्म 'बंटवारा 1947' से होगी।
क्या होगी कहानी?
कहानी के लिहाज से यह सीक्वल वहीं से शुरू होगा जहां पहली फिल्म खत्म हुई थी। मेकर्स ने बताया कि आवारापन की दुनिया को एक फिल्म से आगे ले जाना हमेशा से उनका सपना था। नए कलाकारों और गायकों के जुड़ने से यह सफर और भी बड़ा हो गया है। नितिन कक्कड़ के निर्देशन में बनी इस फिल्म की पटकथा बिलाल सिद्दीकी ने लिखी है, जबकि इसका निर्माण विशेष भट्ट और मुकेश भट्ट कर रहे हैं। इमरान हाशमी के फैंस के लिए यह फिल्म बेहद खास होने वाली है।
ये भी पढ़ें: 23 दमदार सितारों से सजी 'रामायण' की टोली, रणबीर कपूर और यश के अलावा भी एक से बढ़कर एक कलाकार