1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. Dhurandhar Box Office collection: OTT पर आने के बाद भी कमाई के रिकॉर्ड बना रही 'धुरंधर', सनी देओल की 'बॉर्डर 2' पर भारी पड़े रणवीर सिंह

Dhurandhar Box Office collection: OTT पर आने के बाद भी कमाई के रिकॉर्ड बना रही 'धुरंधर', सनी देओल की 'बॉर्डर 2' पर भारी पड़े रणवीर सिंह

 Written By: Jaya Dwivedie @JDwivedie
 Published : Feb 02, 2026 12:28 pm IST,  Updated : Feb 02, 2026 12:28 pm IST

Dhurandhar Box Office collection: रणवीर सिंह की 'धुरंधर' अब ओटीटी पर रिलीज हो चुकी है। बॉक्स ऑफिस पर अभी भी फिल्म की कमाई हो रही है। फिल्म ने दुनिया भर में ताबतोड़ कमाई कर ली है और अभी भी 'बॉर्डर 2' के लिए बड़ा खतरा बनी हुई है।

Dhurandhar - India TV Hindi
रणवीर सिंह। Image Source : STILL FROM DHURANDHAR

रणवीर सिंह और निर्देशक आदित्य धर की ‘धुरंधर’ ने यह साबित कर दिया है कि अगर कंटेंट दमदार हो तो ओटीटी रिलीज भी सिनेमाघरों की रफ्तार को थाम नहीं सकती। हाल ही में नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होने के बावजूद यह स्पाई थ्रिलर बड़े पर्दे पर अपनी पकड़ बनाए हुए है और बॉक्स ऑफिस पर लगातार नए रिकॉर्ड जोड़ रही है। ट्रैकिंग वेबसाइट सैकनिल्क के मुताबिक रिलीज के 59 दिन बाद भी ‘धुरंधर’ का जलवा कायम है। फिल्म अब तक दुनिया भर में 1300 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर चुकी है। भारत में इसका लाइफटाइम कलेक्शन 1000 करोड़ रुपये के आंकड़े को पार कर चुका है, जो इसे हाल के वर्षों की सबसे बड़ी बॉलीवुड हिट्स में शामिल करता है। हालिया रिलीज हुई फिल्म 'बॉर्डर 2' पर ये फिल्म अब भी भारी पड़ रही है।

धीमी रफ्तार, लेकिन मजबूत पकड़

जहां आमतौर पर बड़ी फिल्में कुछ हफ्तों में दम तोड़ देती हैं, वहीं ‘धुरंधर’ नौवें हफ्ते में भी रोजाना 40 से 50 लाख रुपये कमा रही है। रविवार को फिल्म ने भारत में 45 लाख रुपये नेट कलेक्शन किया। भले ही ये आंकड़े शुरुआती हफ्तों जितने बड़े न हों, लेकिन यह साफ दिखाते हैं कि फिल्म अब भी दर्शकों की पसंद बनी हुई है और अपने लाइफटाइम कलेक्शन में लगातार इजाफा कर रही है। सैकनिल्क के आंकड़ों के अनुसार फिल्म ने भारत में अब तक 836.95 करोड़ रुपये नेट कमाए हैं। टैक्स जोड़ने के बाद इसका ग्रॉस कलेक्शन 1004 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है। वहीं विदेशों में फिल्म ने 299 करोड़ रुपये की शानदार कमाई की है। इन सबको मिलाकर ‘धुरंधर’ का वर्ल्डवाइड कलेक्शन अब 1303 करोड़ रुपये हो चुका है।

हफ्ते दर हफ्ते बना रहा दबदबा

‘धुरंधर’ की बॉक्स ऑफिस जर्नी उतनी ही दिलचस्प है जितनी इसकी कहानी। पहले हफ्ते में फिल्म ने 207.25 करोड़ रुपये का धमाकेदार कलेक्शन किया। दूसरे हफ्ते में यह आंकड़ा और बढ़कर 253.25 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। तीसरे हफ्ते में फिल्म ने 172 करोड़, चौथे में 106.5 करोड़ और पांचवें हफ्ते में 51.25 करोड़ रुपये कमाए। इसके बाद भी रफ्तार पूरी तरह थमी नहीं छठे हफ्ते में 26.35 करोड़, सातवें में 13.9 करोड़ और आठवें हफ्ते में 5.35 करोड़ रुपये जुड़े। रिलीज के 57वें, 58वें और 59वें दिन भी फिल्म ने क्रमशः 25 लाख, 40 लाख और 45 लाख रुपये कमाकर यह दिखा दिया कि इसका क्रेज अब भी जिंदा है।

थिएटर्स में क्यों टिकी हुई है ‘धुरंधर’?

हाल के हफ्तों में सिनेमाघरों में किसी बड़ी बॉलीवुड रिलीज़ की गैरमौजूदगी ने भी ‘धुरंधर’ को फायदा पहुंचाया है। दर्शकों के पास देखने के लिए सीमित विकल्प हैं, और ऐसे में यह स्पाई थ्रिलर अब भी थिएटर जाने की एक मजबूत वजह बनी हुई है। ‘धुरंधर’ एक स्पाई एक्शन थ्रिलर है, जिसे आदित्य धर ने लिखा, को-प्रोड्यूस और डायरेक्ट किया है। फिल्म में रणवीर सिंह के साथ अक्षय खन्ना, संजय दत्त, अर्जुन रामपाल और आर. माधवन जैसे मंझे हुए कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आते हैं। इन सभी की परफॉर्मेंस फिल्म को और भी प्रभावशाली बनाती है।

सच्ची घटनाओं से प्रेरित, दो हिस्सों में बंटी कहानी

दो पार्ट में बनी इस सीरीज का पहला भाग दर्शकों को भारत के हालिया इतिहास की कुछ सबसे सनसनीखेज घटनाओं से रूबरू कराता है। इसमें 1999 की IC-814 हाईजैकिंग, 2001 का संसद हमला, 2008 का मुंबई आतंकी हमला और पाकिस्तान के लियारी इलाके से जुड़े अंडरकवर जासूसी ऑपरेशन जैसे अहम अध्याय शामिल हैं। पहले पार्ट की ऐतिहासिक सफलता के बाद अब सभी की निगाहें इसके सीक्वल पर टिकी हैं। ‘धुरंधर 2 – द रिवेंज’ भारी उम्मीदों के बीच 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। अगर पहला पार्ट कोई संकेत है तो यह कहना गलत नहीं होगा कि रणवीर सिंह और आदित्य धर की यह स्पाई फ्रेंचाइज आने वाले समय में भी बॉक्स ऑफिस पर बड़ा खेल खेलने वाली है।

ये भी पढ़ें:  Grammy Awards 2026: दलाई लामा ने जीता पहला ग्रैमी अवॉर्ड, जानें बौद्ध धर्म गुरु को क्यों मिला ये पुरस्कार

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन