1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. गोविंदा को अस्पताल से मिली छुट्टी, बाहर आते ही धर्मेंद्र के लिए जाहिर की चिंता, बताई बेहोश होने की वजह

गोविंदा को अस्पताल से मिली छुट्टी, बाहर आते ही धर्मेंद्र के लिए जाहिर की चिंता, बताई बेहोश होने की वजह

 Written By: Jaya Dwivedie @JDwivedie
 Published : Nov 12, 2025 05:18 pm IST,  Updated : Nov 12, 2025 06:18 pm IST

चक्कर आने की शिकायत के बाद गोविंदा को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन अब उन्हें छुट्टी दे दी गई है। 'हीरो नंबर 1' स्टार ने अस्पताल से बाहर आते हुए प्रशंसकों को भरोसा दिलाया कि उनकी तबियत ठीक है और उन्होंने अपनी इस परेशानी का कारण भी लोगों संग साझा किया।

govinda- India TV Hindi
गोविंदा। Image Source : GOVINDA INSTAGRAM

बॉलीवुड एक्टर गोविंदा को बुधवार, 12 नवंबर को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। अभिनेता को मंगलवार रात अचानक बेहोशी और चक्कर आने की शिकायत के बाद मुंबई के क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। अब उनकी तबीयत में सुधार है और उन्होंने खुद मीडिया से बात कर सभी प्रशंसकों को आश्वस्त किया है कि वे पूरी तरह ठीक हैं। अस्पताल से बाहर आते हुए गोविंदा मुस्कुराते नजर आए और मीडिया से बातचीत की। उन्होंने बताया कि बीते दिनों वे खुद पर जरूरत से ज्यादा दबाव डाल रहे थे, जिससे शरीर थक गया।

क्या हुई थी गोविंदा को समस्या

एएनआई से बातचीत में उन्होंने कहा, 'मैंने बहुत मेहनत की थी, जिससे थकान हो गई। मैं योग और प्राणायाम करता था, लेकिन फिर भी पर्सनैलिटी डेवलपमेंट के लिए भारी एक्सरसाइज शुरू कर दी थी। अब मुझे लगता है कि योग और प्राणायाम ही बेहतर हैं। मैंने दवाइयां ले ली हैं और अब मैं ठीक हूं।' अस्पताल से छुट्टी के बाद गोविंदा ने अपनी पहली प्रतिक्रिया एक वॉइस मैसेज के जरिए दी, 'बहुत-बहुत शुक्रिया... मैं ठीक हूं।'

यहां देखें पोस्ट

धर्मेंद्र के लिए जताई चिंता

गोविंदा ने हाल ही में मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में धर्मेंद्र से भी मुलाकात की थी। उस समय धर्मेंद्र भी स्वास्थ्य कारणों से भर्ती थे। हालांकि जब गोविंदा अस्पताल पहुंचे, तब धर्मेंद्र को पहले ही डिस्चार्ज मिल चुका था। मीडिया से बातचीत में गोविंदा ने कहा, 'धर्मेंद्र जी एक वर्ल्ड-क्लास पर्सनालिटी हैं। मैं उनकी बहुत इज़्ज़त करता हूं और उनके जल्दी ठीक होने की दुआ करता हूं। वाह, वीरता! मैं उनसे प्यार करता हूं।'

दोस्त ने दी थी हेल्थ अपडेट

गोविंदा के करीबी दोस्त और वकील ललित बिंदल ने बताया कि एक्टर को घर पर अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद अस्पताल ले जाया गया था। उन्होंने कहा, 'शाम को उनकी तबीयत बिगड़ी, उन्होंने मुझे फोन किया, और मैं तुरंत उन्हें अस्पताल लेकर गया। अब वे डॉक्टरों की निगरानी में हैं और सभी जांच पूरी कर ली गई हैं।' बिंदल ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट करते हुए लिखा, 'मेरे प्रिय और आदरणीय गोविंदा को चक्कर और भ्रम की शिकायत के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मैं उनकी शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।'

जल्द नए शो में नजर आएंगे गोविंदा

काम के मोर्चे पर, गोविंदा इन दिनों अपने नए शो ‘लेन-देन’ पर काम कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह एक बिजनेस-आधारित शो होगा, जिसमें वह फिल्म इंडस्ट्री के अपने दोस्तों और सहयोगियों को भी शामिल करने की योजना बना रहे हैं।

ये भी पढ़ें: प्रेम चोपड़ा की हालत सुधरते ही जुबान पर आया बस एक नाम, दामाद को देखते ही सताई सुपरस्टार जिगरी दोस्त की चिंता

कभी थीं हर घर की पहचान, 18 की उम्र में जीता मिस इंडिया, आमिर-सलमान की हीरोइन बनी धर्मेंद्र की बहू

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन