1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. सुरमई आंखें, बालों में गजरा, हेमा मालिनी लगीं बला की खूबसूरत; 56 साल पुरानी अदाएं देख कंगना रनौत हुईं फैन

सुरमई आंखें, बालों में गजरा, हेमा मालिनी लगीं बला की खूबसूरत; 56 साल पुरानी अदाएं देख कंगना रनौत हुईं फैन

 Written By: Jaya Dwivedie @JDwivedie
 Published : Apr 12, 2024 06:07 pm IST,  Updated : Apr 13, 2024 10:45 am IST

बॉलीवुड की खूबसूरत एक्ट्रेस और मथुरा सांसद हेमा मालिनी का एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो पर कंगना रनौत की भी नजर पड़ गई है और इसे देखने के बाद वो खुद को रोक नहीं पाईं और उन्होंने लंबे कैप्शन के साथ इसे पोस्ट किया है।

Kangana ranaut and hema malini- India TV Hindi
कंगना रनौत और हेमा मालिनी। Image Source : INSTAGRAM

मथुरा सांसद और एक्ट्रेस हेमा मालिनी इन दिनों लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जोर-शोर से जुटी हुई हैं। वो एक बार फिर मथुरा से भाजपा की प्रत्याशी हैं। एक्ट्रेस अपने लोकसभा क्षेत्र में जोर-शोर से प्रचार-प्रसार कर रही हैं। राजनीति में पूरी तरह से सक्रिय होने के बाद से ही एक्ट्रेस किसी फिल्म में नजर नहीं आईं, लेकिन फिल्मों से दूर रहते हुए भी हेमा मालिनी अपनी नृत्य कला से जुड़ी हुई हैं। कई मौकों पर वो आज भी क्लासिकल डांस की प्रस्तुति देते नजर आ जाती हैं। उन्होंने राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के दौरान भी अपनी इसी कला से लोगों का मन मोह लिया था। अब एक्ट्रेस का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। ये वीडिया हाल फिलहाल का नहीं बल्कि 56 साल पुराना है। 

वीडियो में दिखीं हेमा मालिनी की खूबसूरत अदाएं

सामने आए हेमा मालिनी के इस पुराने वीडियो में वो बला की खूबसूरत लग रही हैं। उन्होंने भरतनाट्यम नृत्य की पोशाक पहनी है। हैवी ज्वेलरी के साथ ही हेमा मालिनी ने बालों में फूलों का गजरा लगाया है। वहीं उनकी सुरमई आखें हर एक्सप्रेशन को और अधिक सुंदर बना रही हैं। सामने आए इस वीडियो में हेमा मालिनी डांस कर रही हैं। वो मुस्कुराते और शर्माते भी नजर आ रही हैं। ये वीडियो साल 1968 का है।  वो बिना रुके हर ताल पर अपने अपने एक्सप्रेशन और मूव्ज मैच करती दिख रही हैं। हेमा मालिनी को इस वीडियो में डांस करता देखकर लोग उनकी खूबसूरती और कला की तारीफें करते नहीं थक रहे हैं। इस वीडियो को देखने के बाद कंगना भी खुद को रोक नहीं पाईं और उन्होंने भी एक्ट्रेस की तारीफ करते हुए ये वीडियो अपने सोशल मीडिया हैंडल पर पोस्ट कर दिया है। इसके साथ कंगना ने उन लोगों की आलोचना भी की जो कला को नहीं समझते।

यहां देखें वीडियो 

कंगना ने तारीफ के साथ की किसकी आलोचना?

कंगना रनौत ने इस 56 साल पुराने वीडियो को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर पोस्ट किया है। इसके कैप्शन में उन्होंने लिखा, '20 साल वाली हेमा जी स्टेज पर प्रस्तुति देते हुए। वो आज भी तीन-चार घंटे लंबी नृत्य प्रस्तुतियां स्टेज पर दे सकती हैं। जो लो आज भी नृत्य, कला और संगीत का मजाक बनाते हैं, वो नीच और छोटी सोच रखते हैं। देवलोक में अर्जुन में भी नृत्य, संगीत और कला में शिक्षा ली थी। भगवान शिव ने योग के साथ ये कलाएं मनुष्य को दी हैं। तभी वो नटराज कहलाते हैं।'

Kangana ranaut and hema malini
Image Source : INSTAGRAMकंगना रनौत ने की हेमा मालिनी की तारीफ।

कंगना भी लड़ रही हैं चुनाव

बता दें, कंगना रनौत की हाल में ही राजनीति में एंट्री हुई हैं। एक्ट्रेस हिमाचल प्रदेश की मंडी सीट से भाजपी की उम्मीदवार हैं। एक्ट्रेस लगातार चुनाव प्रचार में लगी हुई हैं। वहीं वो सोशल मीडिया पर भी प्रचार-प्रसार कर रही हैं। एक्ट्रेस ने राजनीति में आने के बाद फिल्मों से कोई ब्रेक नहीं लिया है। जल्द ही एक्ट्रेस 'इमरजेंसी' फिल्म में नजर आएंगी। 

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन