तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और सुपरस्टार विजय की मोस्ट अवेटेड फिल्म 'जना नायकन' हिंदी में 'जन नेता' आखिरकार महीनों के इंतजार के बाद सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। 23 जुलाई को ये फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज हुई और अब सिनेमाघरों में मौजूद सभी फिल्मों पर भारी पड़ती दिख रही है। सेंट्रल बोर्ड ऑफ सर्टिफिकेशन से जुड़ी दिक्कतों के चलते 'जना नायकन' को रिलीज के लिए 7 महीने इंतजार करना पड़ा और अब जब फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है तो विजय के फैंस के बीच इसे लेकर अलग ही स्तर का क्रेज देखने को मिल रहा है। मिली-जुली प्रतिक्रिया के बावजूद ये बॉक्स ऑफिस पर शानदार कमाई कर रही है और चार ही दिनों में 100 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है। यही नहीं, विदेशों में भी इस फिल्म को जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है।
'जना नायकन' का कलेक्शन
'जना नायकन' ने 42.70 करोड़ के साथ ओपनिंग की, मगर दूसरे दिन फिल्म की कमाई 50 प्रतिशत से भी ज्यादा गिर गई। दूसरे दिन फिल्म ने 21.15 करोड़ रुपये कमाए और तीसरे दिन यानी शनिवार को 28.50 करोड़ का कलेक्शन किया। अब फिल्म की कमाई के चौथे दिन के आंकड़े भी आ चुके हैं, जिसके अनुसार फिल्म ने पहले संडे को 32 करोड़ का कलेक्शन किया है, जिसमें सबसे ज्यादा कमाई इसके तमिल वर्जन से हुई है। चौथे दिन फिल्म के तमिल वर्जन ने 27.30 करोड़, हिंदी में इसने 3.35 करोड़ और तेलुगु में 1.35 करोड़ का कलेक्शन किया। इसी के साथ भारत में 'जना नायकन' का ग्रॉस कलेक्शन145.98 करोड़ और नेट कलेक्शन 124.75 करोड़ हो गया है।
वर्ल्डवाइड 'जना नायकन' का कमाल
विजय की फिल्म भारत के साथ-साथ विदेशों में भी खूब पसंद की जा रही है। फिल्म को विदेशों में कितना शानदार रिस्पॉन्स मिल रहा है, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि फिल्म की वर्ल्डवाइड कमाई 200 करोड़ के पार पहुंच गया है। चौथे दिन फिल्म ने विदेशों में 10 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन किया और अब तक 71.50 करोड़ का कलेक्शन कर चुकी है। भारत और विदेशों के कलेक्शन को मिला दिया जाए तो इसने चार दिनों में 217.48 करोड़ कमा लिए हैं।
चर्चा में विजय की पर्सनल लाइफ
विजय पिछले कुछ महीनों से अलग-अलग वजहों से चर्चा में बने हुए हैं। एक तरफ तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में शानदार जीत दर्ज कराते हुए वह तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री चुने गए तो दूसरी तरफ उनकी फिल्म 'जना नायकन' सेंसरशिप के फेर में उलझी रही। इसी बीच विजय और उनकी पत्नी संगीता सोरनालिंगम का रिश्ता भी तब चर्चा में आ गया, जब संगीता ने तलाक के लिए अर्जी दाखिल कर दी। पिछले दिनों ही संगीता और विजय के तलाक मामले में तब नया मोड़ आ गया, जब संगीता ने कोर्ट के सामने घर खोने का डर जाहिर किया था। उन्होंने इस मामले में कोर्ट से एक अंतरिम आदेश की मांग की थी, ताकि तलाक पर अंतिम फैसला आने तक वह विजय के नीलांकरई वाली प्रॉपर्टी में रहना जारी रख सकें।
ये भी पढ़ेंः विजय के लिए तृषा कृष्णन के सीक्रेट मैसेज को फैंस ने किया डीकोड, '00.00' को बताया प्यार का टाइम कोड