1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. कबीर बेदी से करण सिंह ग्रोवर तक, वो सेलेब्स जिन्होंने एक नहीं 2 से 3 बार लिया तलाक

कबीर बेदी से करण सिंह ग्रोवर तक, वो सेलेब्स जिन्होंने एक नहीं 2 से 3 बार लिया तलाक

 Edited By: Jyoti Jaiswal
 Published : Jan 19, 2022 04:29 pm IST,  Updated : Jan 19, 2022 04:29 pm IST

 सेलेब्स की शादी टूटना कोई नई बात नहीं है, मगर आज हम आपको उन सेलेब्स के बारे में बताने वाले हैं जिन्होंने 1 बार नहीं बल्कि 2 या 3 बार तलाक लिया और 3 से 4 शादियां की।

वो सेलेब्स जिन्होंने एक नहीं 2 से 3 बार लिया तलाक- India TV Hindi
वो सेलेब्स जिन्होंने एक नहीं 2 से 3 बार लिया तलाक Image Source : INSTAGRAM

Highlights

  • धनुष ने हाल ही में अपनी पत्नी ऐश्वर्या से अलग होने की खबर साझा की।
  • करण सिंह ग्रोवर बिपाशा से शादी से पहले दो तलाक ले चुके हैं।

हाल ही में एक्टर धनुष ने अपनी पत्नी ऐश्वर्या आर धनुष से तलाक की घोषणा की। रजनीकांत की बेटी ऐश्वर्या और धनुष ने 18 साल पहले शादी की थी, मगर ये रिश्ता नहीं चला और दोनों अलग हो गए। इससे पहले सामंथा भी नागा चैतन्य से तलाक लेकर अलग हुईं। सेलेब्स की शादी टूटना कोई नई बात नहीं है, मगर आज हम आपको उन सेलेब्स के बारे में बताने वाले हैं जिन्होंने 1 बार नहीं बल्कि 2 या 3 बार तलाक लिया और 3 से 4 शादियां की।

कबीर बेदी - तीन तलाक

भारतीय एक्टर कबीर बेदी ने चार शादियां की हैं। जिसमें से तीन पत्नियों से वो तलाक ले चुके हैं। पहली शादी उन्होंने साल 1969 में प्रोतिमा बेदी से की थी। शादी के बाद वो परवीन बाबी के नजदीक आ गए और उनका रिश्ता पहली पत्नी से टूट गया। साल 1974 में उन्होंने पहली पत्नी से तलाक ले लिया। कबीर ने दूसरी शादी फैशन डिजाइनर सुजैन हम्प्रेज से की, ये शादी भी नहीं चली और शादी के कुछ समय बाद ही दोनों ने तलाक ले लिया। तीसरी शादी उन्होंने साल 1992 में रेडियो प्रेजेंटर निक्की बेदी से की। मगर ये शादी भी नहीं चली और साल 2005 में दोनों अलग हो गए। 

साल 2016 में कबीर का अफेयर परवीन दोसांझ से हुआ। कबीर ने अपने 70वें जन्मदिन पर परवीन संग सात फेरे लिए। चौथी पत्नी उनसे 29 साल छोटी हैं। कबीर बेदी ने एक इंटरव्यू में बताया कि वो अपनी चौथी पत्नी परवीन का नाम बदलना चाहते थे क्योंकि उनका परवीन बाबी से अफेयर रहा है मगर परवीन इस बात से भड़क गईं और उन्होंने नाम नहीं बदला।

श्राबंती मुखर्जी - तीन तलाक

बंगाली एक्ट्रेस श्राबंती मुखर्जी ने भी 3 बार तलाक लिया है। एक्ट्रेस की पहली शादी साल 2003 में राजीव कुमार विश्वास से हुई, मगर साल 2016 में दोनों अलग हो गए। दूसरी शादी उन्होंने एक मॉडल कृष्ण व्रज से की मगर साल 2017 में दोनों ने तलाक ले लिया। साल 2018 में केबिन क्रू सुपरवाइजर रोशन से श्राबंती मुखर्जी  करीब आईं, दोनों कोलकाता के रेस्ट्रो-पब में मिले और दोनों को प्यार हो गया। 19 अप्रैल 2019 में दोनों ने शादी कर ली मगर अब श्राबंती मुखर्जी ने इनसे भी तलाक ले लिया। 

नीलिमा अजीम - तीन तलाक

एक्ट्रेस नीलिमा अजीम ने भी 3 तलाक लिए हैं। नीलिमा ने पहली शादी एक्टर पकंज कपूर संग की। जिनके साथ वो शाहिद कपूर की मां बनीं। पंकज कपूर से उनकी शादी साल 1979 में हुई और साल 1984 में दोनों अलग हो गए। पंकज कपूर से अलग होने के बाद उन्होंने राजेश खट्टर से शादी की। राजेश खट्टर से उन्होंने साल 1990 में शादी की और साल 2001 में दोनों अलग हो गए। राजेश खट्टर के साथ उनका जो बेटा हुआ वो ईशान खट्टर हैं। साल 2004 में नीलिमा ने रजा अली खान से शादी की मगर साल 2009 में उनका तीसरा तलाक हो गया।

आमिर खान - दो तलाक 

आमिर खान ने साल 1986 में रीना दत्ता से शादी की थी। मगर ये रिश्ता टूट गया और साल 2002 में आमिर और रीना का तलाक हो गया। रीना से आमिर खान को दो बच्चे हैं- बेटा जुनैद और बेटी इरा खान। साल 2005 में आमिर खान ने किरण राव से दूसरी शादी की। किरण के साथ आमिर का बेटा आजाद राव खान हुआ। मगर ये रिश्ता भी नहीं चल पाया और साल 2021 में आमिर खान और किरण राव ने ऑफिशियल बयान जारी करते हुए कहा कि वो और किरण अब साथ नहीं हैं।

संजय दत्त - दो तलाक

बॉलीवुड एक्टर संजय दत्त ने भी दो तलाक लिए हैं। संजय दत्त की पहली शादी साल 1987 में रिचा शर्मा से हुई, कहा जाता है कि संजय दत्त ने साल 2003 में रिचा से तलाक की अर्जी दी थी, हालांकि इस बात की पुष्टि नहीं है, साल 1996 में रिचा की मौत हो गई थी। संजय और रिचा की एक बेटी हैं जिनका नाम त्रिशला दत्त है। साल 1998 में संजय दत्त ने रिया पिल्लाई से शादी की। मगर ये शादी भी नहीं चली और साल 2008 में दोनों अलग हो गए। रिया ने संजय दत्त से शादी से पहले माइकल वाज से साल 1984 में शादी की थी, मगर 1994 में वो पहले पति से अलग हो गई थीं। साल 2008 में संजय दत्त ने मान्यता दत्त से शादी की। जिससे उन्हें दो बच्चे हैं।

करण सिंह ग्रोवर - दो तलाक

टीवी एक्टर करण सिंह ग्रोवर ने तीन शादियां की हैं। पहली शादी करण ने एक्ट्रेस श्रद्धा निगम से की। साल 2008 में दोनों की शादी हुई और महज एक साल बाद साल 2009 में दोनों ने तलाक ले लिया। इसके बाद साल 2012 में करण सिंह ग्रोवर की जिंदगी में जेनिफर विंगेट आईं। मगर ये शादी भी नहीं चली और 2 साल बाद साल 2014 में करण और जेनिफर का तलाक हो गया। साल 2016 में करण की जिंदगी में बिपाशा आईं, दोनों ने शादी कर ली।

किशोर कुमार- दो तलाक

किशोर कुमार ने पहली शादी साल 1950 में रूमा गुहा ठाकुरता से की थी। ये सत्यजीत रे की भतीजी थीं। रूमा एक्ट्रेस होने के साथ गायिका भी थीं। किशोर कुमार के साथ उनके बेटे अमित कुमार ने जन्म लिया। मगर ये रिश्ता नहीं चला और साल 1958 में दोनों का तलाक हो गया। 

किशोर कुमार ने दूसरी शादी मधुबाला से की, इस शादी के लिए किशोर कुमार ने अपना धर्म भी बदला, मगर साल 1969 में दिल की बीमारी से मधुबाला का निधन हो गया। इसके बाद किशोर कुमार ने योगिता बाली से शादी की, मगर दो ही साल में दोनों का तलाक हो गया। योगिता बाली ने बाद में मिथुन चक्रवर्ती से शादी कर ली। योगिता से तलाक के बाद किशोर कुमार ने 21 साल छोटी एक्ट्रेस लीना चंदावकर से शादी की। 

कमल हासन- दो तलाक

साउथ के सुपरस्टार कमल हासन के भी दो तलाक हो चुके हैं और उन्होंने तीन बार शादी की है। कमल ने पहली शादी वाणी गणपति से की और दूसरी शादी एक्ट्रेस सारिका से की मगर दोनों से तलाक हो गया और तीसरी शादी उन्होंने गौतमी संग की। 

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन