बॉलीवुड के गलियारों में इन दिनों एक ऐसी हलचल मची है जिसने सोशल मीडिया पर कयासों का बाजार गर्म कर दिया है। फिल्म निर्माता करण जौहर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से एक चौंकाने वाली सफाई की है। अपनी वफादारी, लंबी दोस्ती और फिल्म इंडस्ट्री के इनसाइडर्स का खुलकर साथ देने के लिए मशहूर करण जौहर ने अचानक अपने सबसे करीबी दोस्तों शाहरुख खान, करीना कपूर खान, अपनी पसंदीदा आलिया भट्ट, अनन्या पांडे, वरुण धवन और सिद्धार्थ मल्होत्रा जैसी बड़ी हस्तियों को अनफॉलो कर दिया है। 1.7 करोड़ से अधिक फॉलोअर्स वाले इस फिल्ममेकर की फॉलोइंग लिस्ट अब सिमटकर महज 78 रह गई है, लेकिन इस पूरी कवायद में जिस एक बात ने नेटिजन्स और बॉलीवुड विश्लेषकों का ध्यान सबसे ज्यादा खींचा है, वह है प्रियंका चोपड़ा का नाम।
सिर्फ लिस्ट में प्रियंका
करण जौहर ने पूरी हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के अभिनेताओं को अपनी लिस्ट से बाहर कर दिया है, लेकिन प्रियंका चोपड़ा एकमात्र ऐसी भारतीय अभिनेत्री हैं जिन्हें उन्होंने अभी भी फॉलो कर रखा है। यह कदम इसलिए हैरान करने वाला है क्योंकि एक समय पर करण जौहर ने प्रियंका चोपड़ा को सार्वजनिक रूप से 'स्पाइनलेस' कहा था और उन पर प्रियंका को बॉलीवुड से बाहर करने के गंभीर आरोप लगे थे। इस विरोधाभास को अब नेटिजन्स और पीआर एक्सपर्ट्स करण जौहर का एक नया पीआर स्टंट मान रहे हैं।
जब ट्विटर पर छिड़ी थी जंग
करण जौहर और प्रियंका चोपड़ा के बीच की यह कड़वाहट आज की नहीं, बल्कि साल 2012 की है। उस दौरान प्रियंका चोपड़ा और शाहरुख खान के बीच कथित अफेयर की अफवाहें जोरों पर थीं। चूंकि करण जौहर, शाहरुख और उनकी पत्नी गौरी खान के बेहद करीबी माने जाते हैं, इसलिए यह चर्चा आम थी कि करण ने गौरी का पक्ष लेते हुए प्रियंका को पूरी तरह से साइडलाइन करना शुरू कर दिया था। खबरों के मुताबिक उन्हें फिल्म इंडस्ट्री से अघोषित रूप से बैन करने की कोशिशें भी की जा रही थीं। यह विवाद तब खुलकर सामने आया जब मुंबई मिरर अखबार में प्रियंका चोपड़ा के एक करीबी दोस्त का बयान छपा। उस दोस्त ने खुलासा किया था, 'एक बेहद शक्तिशाली निर्माता-निर्देशक, जो करियर बना और बिगाड़ सकता है, प्रियंका के पीठ पीछे उनके लिए कड़वाहट फैला रहा है। हाल ही में एक पार्टी में जहां वह प्रियंका को कपकेक्स खिला रहा था, वहीं दूसरी ओर प्रियंका ने सुना कि वह पीठ पीछे उनके खिलाफ बिचिंग कर रहा था।' दोस्त ने स्टार-वाइव्स के एक शक्तिशाली गुट पर भी निशाना साधा था जो प्रियंका के खिलाफ लगातार निगेटिव खबरें प्लांट करवा रहा था।

भड़क गए थे करण जौहर
इस आर्टिकल के आते ही करण जौहर आगबबूला हो गए और उन्होंने ट्विटर (अब एक्स) पर प्रियंका का नाम लिए बिना उन पर तीखा हमला बोला था। करण ने ट्वीट किया था, 'अपनी किराए की पीआर मशीनरी का इस्तेमाल करना और टैब्लॉइड्स में खबरें छपवाने के लिए तथाकथित 'दोस्तों' के पीछे छिपना सरासर स्पाइनलेस और घटिया है!!!' करण यहीं नहीं रुके, उन्होंने आगे लिखा, 'कुछ लोगों को जागने और कॉफी की महक सूंघने की जरूरत है!!! इससे पहले कि बहुत देर हो जाए, असलियत को पहचानो!!! बड़े हो जाओ!!! और अच्छाई के साथ खिलवाड़ मत करो....'
सालों बाद भी खत्म नहीं हुआ विवाद
यह कड़वाहट समय के साथ और गहरी होती गई। हाल ही में सोशल मीडिया पर 'कॉफी विद करण' सीजन 5 (2017) का एक पुराना वीडियो भी वायरल हुआ, जिसमें करण, प्रियंका की हॉलीवुड सफलताओं पर तंज कसते नजर आ रहे हैं। रैपिड-फायर राउंड शुरू करने से ठीक पहले उन्होंने कहा था, 'हमने तुम्हारी हॉलीवुड उपलब्धियों के बारे में सब कुछ सुन लिया है... जैसे तुम वहां गईं और सब कर दिखाया... अब, असली मजा यहां शुरू होता है।' इसके बाद उन्होंने बेहद तीखे लहजे में कहा, 'बहुत हो गई तुम्हारी तारीफ। हो गया तुम्हारा ग्लोबल अचीवमेंट। हिंदी फिल्म एक्ट्रेस हो, अपनी औकात में रहो।'

प्रियंका चोपड़ा का कुबूलनामा, 'मुझे कोने में धकेला जा रहा था'
सालों तक इस विवाद पर चुप्पी साधे रखने के बाद साल 2023 में प्रियंका चोपड़ा ने आखिरकार एक अमेरिकी पॉडकास्ट में अपनी आपबीती साझा की। उन्होंने बिना किसी का नाम लिए स्वीकार किया कि उन्हें बॉलीवुड छोड़ने और हॉलीवुड का रुख करने के लिए मजबूर किया गया था। प्रियंका ने कहा था, 'मुझे इस बॉलीवुड में एक कोने में धकेला जा रहा था। लोग मुझे फिल्मों में कास्ट नहीं कर रहे थे, मेरा लोगों के साथ विवाद चल रहा था। मैं उस तरह का खेल खेलने में अच्छी नहीं हूं, इसलिए मैं इस राजनीति से थक चुकी थी और मुझे एक ब्रेक की जरूरत थी।' प्रियंका के इस बेबाक इंटरव्यू के बाद पूरी फिल्म इंडस्ट्री में नेपोटिज्म, खेमेबाजी और बाहरी कलाकारों आउटसाइडर्स को प्रताड़ित करने को लेकर एक बड़ा विवाद खड़ा हो गया था। कंगना रनौत जैसे सितारों ने खुलकर प्रियंका का समर्थन किया था और सीधे तौर पर करण जौहर को इस स्थिति का जिम्मेदार ठहराया था।
मेट गाला 2025 में करण जौहर की अनदेखी
करण जौहर के मन में प्रियंका को लेकर विरोधाभास हाल ही में दोबारा देखने को मिला था। मेट गाला 2025 के बाद करण जौहर ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट लिखकर अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का नाम रोशन करने के लिए शाहरुख खान, कियारा आडवाणी और दिलजीत दोसांझ की जमकर तारीफ की थी। लेकिन चौंकाने वाली बात यह थी कि पति निक जोनास के साथ इस प्रतिष्ठित इवेंट में शामिल हुईं प्रियंका चोपड़ा के नाम का जिक्र करण ने अपनी पोस्ट में कहीं नहीं किया। नेटिजन्स ने इस अनदेखी को तुरंत पकड़ लिया और करण जौहर को ट्रोल करना शुरू कर दिया था।

क्या है इस एक्सन पर?
शायद इसी निगेटिव पब्लिसिटी और 'नेपो-गॉडफादर' की छवि से बचने के लिए करण जौहर ने अब यह नया सोशल मीडिया पैंतरा आजमाया है। एक तरफ जहां करण जौहर पर हमेशा यह आरोप लगते रहे हैं कि वह सिर्फ स्टार-किड्स को प्रमोट करते हैं और आउटसाइडर्स का करियर बर्बाद करते हैं, वहीं अब अपने सभी चहेते नेपो-किड्स को अनफॉलो करके और केवल प्रियंका चोपड़ा को अपनी फॉलोइंग लिस्ट में बनाए रखकर वह शायद अपनी डैमेज हो चुकी छवि को सुधारने की कोशिश कर रहे हैं। फैंस और क्रिटिक्स इसे एक सोची-समझी पीआर रणनीति मान रहे हैं, जिसके जरिए करण यह संदेश देना चाहते हैं कि उनके मन में प्रियंका के लिए कोई खटास नहीं है और वह ग्लोबल स्टार्स का सम्मान करते हैं। वैसे हाल ही में करण जौहर ने अपने इस एक्शन पर सफाई दी और बताया, 'ये सिर्फ डिजिटल डिटॉक्स है। मैं अपना वक्त और ताकत बचाने के लिए सभी को अनफॉलो कर रहा हूं। ये नेशनल न्यूज बनने लायक खबर नहीं हैं, भगवान के लिए, क्लिकबेट न बनाएं कुछ और करें। ये गैरजरूरी है।'
ये भी पढ़ें: आलिया-करीना को किया अनफॉलो, अब करण जौहर की इकलौती फेवरेट बनी कमबैक क्वीन, कभी बॉलीवुड छोड़ने पर मचा था बवाल