कोच्चि/थोडुपुझा: मलयालम फ़िल्मों के जाने-माने निर्देशक रंजीत को मंगलवार रात पुलिस हिरासत में ले लिया गया। एक युवा अभिनेत्री द्वारा दर्ज कराई गई यौन उत्पीड़न की शिकायत के सिलसिले में पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक यह कार्रवाई गुपचुप तरीके से की गई ताकि लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति बनी रहे। एर्नाकुलम सेंट्रल पुलिस ने थोडुपुझा की स्थानीय पुलिस की मदद से इस पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया।
गोपनीयता के साथ पुलिस ने पकड़ा
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, रंजित एक निर्धारित कार्यक्रम के लिए थोडुपुझा से गुजर रहे थे, तभी उन्हें रास्ते में ही रोक लिया गया। इडुक्की के एसपी के निर्देशों पर इस ऑपरेशन को काफी गोपनीयता के साथ अंजाम दिया गया ताकि सार्वजनिक शांति भंग न हो और किसी भी तरह के हंगामे से बचा जा सके। हिरासत में लेने के बाद उन्हें प्रारंभिक प्रक्रिया के लिए पहले थोडुपुझा पुलिस स्टेशन ले जाया गया, जिसके बाद आगे की पूछताछ के लिए उन्हें एर्नाकुलम सेंट्रल पुलिस को सौंप दिया गया है।
निर्माणाधीन फिल्म के सेट पर हुई घटना
पुलिस के मुताबिक यह घटना एक निर्माणाधीन फिल्म के सेट पर हुई थी। अभिनेत्री ने आरोप लगाया है कि फिल्म की शूटिंग के दौरान निर्देशक रंजीत ने उनके साथ अनुचित व्यवहार और यौन उत्पीड़न किया। पीड़िता ने सीधे पुलिस के पास शिकायत दर्ज नहीं कराई थी। उसने फिल्म की आंतरिक शिकायत समिति (Internal Complaints Committee - ICC) के पास औपचारिक शिकायत दर्ज कराई थी।
इस समिति ने मामले की गंभीरता को समझते हुए इसे केरल पुलिस को रेफर कर दिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच के दौरान शिकायत की संवेदनशीलता को देखते हुए पूरी गोपनीयता बरती गई और पुख्ता सबूतों के आधार पर ही यह एक्शन लिया गया।