1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. कौन है थलापति विजय की पत्नी? कभी रोज चिट्ठियां भेजा करती थी फैन गर्ल, एक झलक के लिए लंदन से पहुंची थी चेन्नई

कौन है थलापति विजय की पत्नी? कभी रोज चिट्ठियां भेजा करती थी फैन गर्ल, एक झलक के लिए लंदन से पहुंची थी चेन्नई

 Written By: Jaya Dwivedie @JDwivedie
 Published : Jan 06, 2026 01:39 pm IST,  Updated : Jan 06, 2026 01:39 pm IST

थलापति विजय अब राजनीति में एंट्री कर चुके हैं और जल्द ही फिल्मों से भी दूरी बनाने जा रहे हैं। वो हमेशा ही चर्चा में बने रहते हैं और फैंस उनके लिए दीवाने है। वैसे उनकी पत्नी उनकी सबसे बड़ी फैन गर्ल रही हैं। पत्नी बनने के सफर की शुरुआत भी एक फैन की दीवानगी से शुरू हुई थी।

Thalapathy Vijay wife Sangeetha Sornalingam- India TV Hindi
थलापति विजय और संगीता। Image Source : SANGEETHAVIJAY_OFFICIAL/INSTAGRAM

थलपति विजय आज साउथ सिनेमा के सबसे बड़े और भरोसेमंद सितारों में गिने जाते हैं। उनकी फिल्मों का क्रेज सिर्फ भारत तक सीमित नहीं है, बल्कि विदेशों में भी उनके चाहने वालों की कमी नहीं। इंडस्ट्री में उन्हें एक अनुशासित, विनम्र और सम्मानित कलाकार के तौर पर जाना जाता है। जहां उनका प्रोफेशनल जीवन हमेशा सुर्खियों में रहता है, वहीं उनकी निजी जिंदगी बेहद सादगी और गोपनीयता से भरी हुई है। खासतौर पर उनकी पत्नी संगीता सोरनालिंगम, जो लाइमलाइट से कोसों दूर रहना पसंद करती हैं। दोनों के बीच की केमिस्ट्री कमाल की है और इनकी लव स्टोरी उससे भी ज्यादा शानदार है।

कौन हैं संगीता सोरनालिंगम?

संगीता सोरनालिंगम थलपति विजय की पत्नी हैं। वह मूल रूप से श्रीलंकाई तमिल परिवार से ताल्लुक रखती हैं, लेकिन उनका जन्म और परवरिश यूनाइटेड किंगडम में हुई। विजय और संगीता ने 25 अगस्त 1999 को शादी की थी। इस शादी से उनके दो बच्चे हैं बेटा जेसन और बेटी दिव्या। संगीता ने हमेशा परिवार और निजी जीवन को प्राथमिकता दी है और शोबिज की चकाचौंध से दूरी बनाए रखी है। वो कभी-कभी पब्लिक इवेंट में नजर आती हैं। विजय सोशल मीडिया पर भी उनकी कम ही तस्वीरें पोस्ट करते हैं। इतना ही नहीं संगीता सोशल मीडिया से भी दूर ही रहती हैं।

एक अमीर परिवार से ताल्लुक

संगीता एक समृद्ध उद्योगपति परिवार में पली-बढ़ीं। उनके पिता एक सफल बिजनेसमैन थे, फिर भी परिवार का रहन-सहन बेहद साधारण था। शायद यही वजह है कि संगीता ने कभी स्टार-वाइफ होने का दिखावा नहीं किया। वह आज भी इंडस्ट्री की सबसे प्राइवेट स्टार पत्नियों में गिनी जाती हैं, जिनके बारे में बहुत कम जानकारी सार्वजनिक तौर पर उपलब्ध है।

जब फैनगर्ल बनी जीवनसाथी

विजय और संगीता की प्रेम कहानी किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं है। संगीता पहले विजय की जबरदस्त फैन थीं। कहा जाता है कि वह सिर्फ फैन लेटर भेजने तक ही सीमित नहीं रहीं, बल्कि विजय से मिलने का पक्का इरादा लेकर लंदन से चेन्नई तक पहुंच गईं। रिपोर्ट्स के मुताबिक उन्होंने विजय की शूटिंग लोकेशन की जानकारी जुटाई और सीधे फिल्म के सेट पर जाकर खुद को उनसे परिचित कराया।

मुलाकात से शादी तक का सफर

संगीता का यह आत्मविश्वास और सच्चा प्रशंसक वाला जज़्बा विजय को बेहद पसंद आया। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे दोस्ती गहरे रिश्ते में बदल गई। विजय ने अपने परिवार के साथ मिलकर संगीता के माता-पिता से शादी की बात की। दोनों परिवारों की सहमति के बाद 1999 में यह रिश्ता शादी में बदल गया। खास बात यह रही कि संगीता के ईसाई होने के बावजूद उनकी शादी हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न हुई।

तलाक की अफवाहें और सच्चाई

शादी के बाद भी संगीता हमेशा पब्लिक अपीयरेंस से दूर रहीं। वह बहुत कम मौकों पर विजय के साथ नजर आईं, जिसके चलते समय-समय पर उनके रिश्ते को लेकर अफवाहें उड़ती रहीं। कुछ इवेंट्स में उनकी गैर-मौजूदगी ने तलाक की अटकलों को भी हवा दी। हालांकि इन सभी बातों पर विराम तब लगा जब संगीता विजय के साथ निर्देशक ऐश्वर्या शंकर के वेडिंग रिसेप्शन में नजर आईं।

ये भी पढ़ें:  कौन है KGF स्टार यश की नई हीरोइन, पहले ही देसी अंदाज में दे चुकी है 800 करोड़ी फिल्म, अब नए अवतार में करेगी धमाका

पत्नी संग डिनर पर गए थे अल्लू अर्जुन, भीड़ ने किया निकलना मुश्किल, धक्का-मुक्की में घबराए सुपरस्टार ने जोड़े हाथ

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन