1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. मेगा बजट वाली शाहरुख खान की ये फिल्म थी सबसे बड़ी फ्लॉप, को-एक्टर को हुई जेल, डायरेक्टर की हार्ट अटैक से हुई थी मौत

मेगा बजट वाली शाहरुख खान की ये फिल्म थी सबसे बड़ी फ्लॉप, को-एक्टर को हुई जेल, डायरेक्टर की हार्ट अटैक से हुई थी मौत

 Written By: Jaya Dwivedie @JDwivedie
 Published : Feb 05, 2025 06:31 pm IST,  Updated : Feb 05, 2025 06:31 pm IST

अपने करियर में एक से बढ़कर एक हिट फिल्में देने वाले शाहरुख खान की एक फिल्म ऐसी भी रिलीज हुई थी, जिसे बनाने में फिल्म मेकर के पसीने छूट गए थे। साथ में काम कर रहे एक और सुपरस्टार को फिल्म की शूटिंग के बीच जेल हो गई थी।

Shah rukh khan- India TV Hindi
शाहरुख खान। Image Source : INSTAGRAM

बॉलीवुड के किंग खान शाहरुख खान आज बॉलीवुड के सबसे बड़े सुपरस्टार कहलाते हैं। शाहरुख ने साल 1992 में 'दीवाना' से डेब्यू किया था। करियर के शुरुआती दौर में शाहरुख खान की फिल्में सुपरहिट साबित नहीं हुईं। अनिल कपूर, संजय दत्त, गोविंदा, जैकी श्रॉफ और सनी देओल उस दौर के सुपरस्टार थे और इनकी फिल्मों को देखने के लिए लोग बेताब रहते थे, लेकिन फिर दौर बदला और शाहरुख खान ने अपने स्टारडम को इतना बड़ा किया कि आज फैंस उनकी एक झलक पाने के लिए घंटों इंतजार करते हैं। कई सालों के ब्रेक के बाद जब शाहरुख खान 2023 में बड़े पर्दे पर लौटे तो उन्हें चाहने वाले सिनेमाघरों में भीड़ लगा दिए। 'पठान', 'जवान' और 'डिंकी' जैसी बड़ी ब्लॉकबस्टर उन्होंने एक बार में दे डालीं। तीन दशकों से शाहरुख खान अपने स्टारडम को जी रहे हैं और उनके स्तर तक किसी का भी पहुंचना आसान नहीं है। 

करियर की शुरुआत में दी थी ये फ्लॉप फिल्म

बॉक्स ऑफिस के बादशाह कहे जाने वाले शाहरुख खान ने अपने करियर में कई फ्लॉप फिल्में भी दी हैं। आज हम आपको शाहरुख खान की महाफ्लॉप फिल्म के बारे में बताएंगे, जिसे बनाने में मेकर्स के हाथ-पैर फूल गए थे। इस फिल्म को बनाने में कई मुश्किलें पैदा हुईं। शाहरुख खान के को-एक्टर फिल्म की शूटिंग के बीच ही जेल हो गई। वहीं दूसकी तरफ जब फिल्म रिलीज हुई तो उसके कुछ महीनों के बाद ही निर्देशक की मौत हो गई। 'दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे' शाहरुख खान के करियर में बड़ा मोड़ आया और यहीं से उन्होंने सफलता की सीढ़ियां चढ़नी शुरू कीं। जिस साल ये फिल्म रिलीज हुई उसी साल शाहरुख के करियर की सबसे बड़ी फ्लॉप फिल्म भी पर्दे पर आई थी। इसे बनाने में काफी बड़ा बजट लगा था। 

बड़े बजट में बनई थी फिल्म

मुकुल एस. आनंद द्वारा निर्देशित यह फिल्म उस समय भारत की सबसे महंगी फिल्म थी, जो डीडीएलजे से 27 गुना महंगी थी। हम बात कर रहे हैं 'त्रिमूर्ति' की, जिसे 11 करोड़ रुपये के बजट में बनाया गया था। इसने 'अजूबा' और 'शांति क्रांति' के बजट को पीछे छोड़ दिया। इस फिल्म का तब तक रिकॉर्ड रहा जब तक कमल हासन की 'इंडियन' रिलीज नहीं हुई, जिसे बनाने में 15 करोड़ रुपेय की लागत आई थी। अपनी जबरदस्त हाइप और रिकॉर्ड तोड़ ओपनिंग के बावजूद 'त्रिमूर्ति' बॉक्स ऑफिस पर एक बड़ी फ्लॉप साबित हुई। फिल्म ने केवल 8 करोड़ रुपये कमाए। दिलचस्प बात यह है कि यह एक दिन में 1 करोड़ रुपये की कमाई करने वाली पहली भारतीय फिल्म बनी थी।। हालांकि नकारात्मक समीक्षाओं के कारण ओपनिंग वीकेंड के बाद यह फिल्म धराशायी हो गई।

यहां देखें तस्वीरें

फिल्म में थे ये सितारे

शाहरुख खान के अलावा इस एक्शन थ्रिलर में जैकी श्रॉफ, अनिल कपूर, प्रिया तेंदुलकर और मोहन अगाशे मुख्य भूमिकाओं में थे। शुरुआत में संजय दत्त अनिल कपूर की भूमिका निभा रहे थे, उन्होंने शूटिंग भी शुरू कर दी थी, लेकिन अवैध हथियार मामले में उन्हें गिरफ्तार किए जाने के बाद फिल्म का निर्माण रोक दिया गया था। बाद में फिल्म प्रोड्यूसर सुभाष घई अनिल कपूर को लाए और फिल्म के कुछ हिस्सों को फिर से शूट करना पड़ा, जिससे रिलीज में एक साल की देरी हुई। यह फिल्म आखिरकार 22 दिसंबर, 1995 को सिनेमाघरों में आई। 

निर्देशक का हुआ निधन

निर्देशक की बात करें तो मुकुल एस आनंद ने बॉलीवुड में आने से पहले 1983 में गुजराती फिल्म 'कंकू नी कीमत' से अपने करियर की शुरुआत की थी। उन्होंने 10 फिल्मों का निर्देशन किया, जिनमें 'हम', 'अग्निपथ' और 'खुदा गवाह' जैसी हिट फिल्में शामिल हैं। ज्यादातर में अमिताभ बच्चन ही मुख्य भूमिकाएं निभाते नजर आए। इस फिल्म की रिलीज के दो साल बाद मुकुल एस आनंद की मौत हो गई। मुकुल ने सलमान खान और संजय दत्त अभिनीत अपने ड्रीम प्रोजेक्ट दस पर काम करना शुरू किया था। इसी बीच उन्हें 45 साल की उम्र में दिल का दौरा पड़ा और वो इस दुनिया को अलविदा कह गए।

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन