1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. मीठी रिवर घोटाला: ED के सामने पेश हुए डिनो मोरिया, पहले EOW ने की थी पूछताछ

मीठी रिवर घोटाला: ED के सामने पेश हुए डिनो मोरिया, पहले EOW ने की थी पूछताछ

 Written By: Jaya Dwivedie @JDwivedie
 Published : Jun 12, 2025 11:22 am IST,  Updated : Jun 12, 2025 11:22 am IST

मीठी नदी सफाई घोटाला मामले में डिनो मोरिया गरुवार को ईडी के सामने पेश हुए। इससे पहले वे 26 मई को आर्थिक अपराध शाखा कार्यालय (EOW) में पेश हुए थे। क्या है पूरा मामला जानें।

Dino Morea- India TV Hindi
डिनो मोरिया Image Source : INSTAGRAM

मीठी नदी सफाई घोटाला मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) के सामने गुरुवार को डिनो मोरिया पेश हुए हैं। इससे पहले उन्होंने बीते दिन यानी बुधवार को पेश होना था, लेकिन निजि कारणों के चलते वो पेश नहीं हो सके थे। इसी कड़ी में उन्हें आज का वक्त मिला था और वो ईडी के सामने पेश होने के लिए कार्यालय पहुंच गए हैं। यह मामला मुख्य रूप से मुंबई पुलिस के ईओडब्ल्यू द्वारा दर्ज किया गया था, जिसमें धोखाधड़ी, अनुबंधों को प्रभावित करने और ठेकेदारों द्वारा गुटबाजी करने का आरोप लगाया गया था, जिससे बीएमसी को लगभग 65 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। पिछले हफ्ते ईडी अधिकारियों ने डिनो मोरिया के आवास और ईओडब्ल्यू द्वारा मामले में आरोपियों के ठिकानों पर तलाशी ली थी। वह इससे पहले 26 मई को अपने भाई के साथ आर्थिक अपराध शाखा कार्यालय में पेश हुए थे।

डिनो मोरिया के घर पर हुई छापेमारी

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने 6 जून को मीठी नदी सफाई घोटाले को लेकर महाराष्ट्र में डिनो मोरिया के घर पर छापेमारी की। इस घोटाले में शामिल ठेकेदारों और बीएमसी अधिकारियों के घरों पर छापेमारी की गई। गौरतलब है कि मीठी नदी सफाई घोटाले में मुंबई पुलिस ने केस दर्ज किया था, जिसके बाद ईडी ने भी इस मामले की समानांतर जांच शुरू कर दी है। यह घोटाला 65 करोड़ का है और इस मामले में कुल 13 आरोपी हैं। छापेमारी में बॉलीवुड अभिनेता डिनो मोरिया, बीएमसी के असिस्टेंट इंजीनियर प्रशांत रामुगाड़े और कई ठेकेदारों के घर शामिल थे।

मीठी नदी घोटाला क्या है?

बता दें कि 'मीठी नदी घोटाला' महाराष्ट्र में मीठी नदी की सफाई में बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) द्वारा इस्तेमाल की जाने वाली स्लज पुशर और ड्रेजिंग मशीनों की बिक्री और खरीद से जुड़ा है। आरोप है कि इन मशीनों को कोच्चि स्थित कंपनी मैटप्रॉप टेक्निकल सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड से ऊंचे दामों पर किराए पर लिया गया था और इसमें भारी वित्तीय अनियमितता हुई थी।

डीनो मोरिया का वर्क फ्रंट

बॉलीवुड अभिनेता डिनो मोरिया को 'राज', 'ओम शांति ओम', 'हैप्पी न्यू ईयर' और 'प्यार में कभी कभी' जैसी फिल्मों में उनके काम के लिए जाना जाता है। बता दें कि हाल ही में उन्हें कॉमेडी-ड्रामा फिल्म 'हाउसफुल 5' में देखा गया था, जो 6 जून 2025 को दुनिया भर में सिल्वर स्क्रीन पर आई थी। फिल्म का निर्देशन तरुण मनसुखानी ने किया है और इसमें अक्षय कुमार, अभिषेक बच्चन, रितेश देशमुख, जैकलीन फर्नांडीज, सोनम बाजवा, संजय दत्त, नाना पाटेकर, जैकी श्रॉफ और अन्य प्रमुख भूमिकाओं में हैं। इससे पहले वो 'द रॉयल्स' में नजर आए थे।

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन