1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. 'आवारापन 2' से क्यों बाहर हुए मोहित सूरी? खुद बताई वजह, बोले- 'बिना सोचे-समझे इमरान हाशमी संग काम करने को तैयार'

'आवारापन 2' से क्यों बाहर हुए मोहित सूरी? खुद बताई वजह, बोले- 'बिना सोचे-समझे इमरान हाशमी संग काम करने को तैयार'

 Written By: Priya Shukla
 Published : Apr 27, 2026 04:05 pm IST,  Updated : Apr 27, 2026 04:05 pm IST

इमरान हाशमी अब 'आवारापन 2' को लेकर सुर्खियों में हैं, जिसका फर्स्ट लुक हाल ही में जारी किया गया है। इससे पहले 2007 में आई 'आवारापन' एक बड़ी हिट थी, जिसके निर्देशक मोहित सूरी थे। लेकिन, अब वह इसके सीक्वल का हिस्सा नहीं हैं।

mohit suri- India TV Hindi
मोहित सूरी, इमरान हाशमी। Image Source : INSTAGRAM/@MOHITSURI/@VISHESHFILMS

इमरान हाशमी अब 2007 में रिलीज हुई हिट फिल्म 'आवारापन' के सीक्वल में नजर आएंगे, जो करीब 2 दशक बाद दर्शकों के बीच दस्तक देगी। इस फिल्म में इमरान हाशमी के साथ दिशा पाटनी लीड रोल में दिखाई देने वाली हैं। हाल ही में मेकर्स ने इस फिल्म का फर्स्ट लुक पोस्टर जारी किया, जिसने दर्शकों के बीच हलचल पैदा कर दी है। 'आवारापन 2' का निर्देशन नितिन कक्कड़ कर रहे हैं, जबकि 'आवारापन' का निर्देशन मोहित सूरी ने किया था। अब मोहित सूरी ने आवारापन 2 का निर्देशन न करने पर खुलकर बात की है। साथ ही उन्होंने इस फिल्म का हिस्सा न बन पाने की वजह भी बताई है।

आवारापन 2 से क्यों बाहर हुए मोहित सूरी?

आवारापन 2 का निर्माण फिल्ममेकर महेश भट्ट अपने प्रोडक्शन हाउस विशेष फिल्म्स के बैनर तले कर रहे हैं और इसके निर्देशक नितिन कक्कड़ हैं। जबकि, ओरिजिनल फिल्म के निर्देशक मोहित सूरी थे। अब मोहित सूरी ने एनडीटीवी से बात करते हुए सीक्वल का हिस्सा न बन पाने पर चुप्पी तोड़ी है। मोहित सूरी ने कहा- 'इस फिल्म के निर्देशन को लेकर मुझसे पूछा ही नहीं गया। यही बात है, जो मैं इस फिल्म का हिस्सा नहीं हूं। ऐसा नहीं है कि वो मेरे साथ काम करना चाहते थे। अगर ऐसा होता, तो मैं इस फिल्म का हिस्सा जरूर होता।'

इमरान हाशमी संग काम करने पर क्या बोले मोहित सूरी

मोहित सूरी के अनुसार, उन्होंने इमरान हाशमी के साथ 8 फिल्में की हैं और अब भी अगर उनसे पूछा जाता तो वो बिना सोचे-समझे उनके साथ काम करने के लिए तैयार हो जाते। वह कहते हैं- 'इमरान के साथ तो मैं बिना कुछ सोचे-समझे काम करने को तैयार हूं। इमरान के साथ मैं 8 फिल्मों में काम कर चुका हूं और वो मुझे बहुत अच्छे से जानते हैं। इसलिए अगर मुझे उनके साथ काम करना है तो मुझे उनको एक दमदार रोल देना होगा। मैं ऐसे ही किसी रोल के लिए उन्हें अप्रोच नहीं कर सकता। मुझे लगता है कि हम दोनों का साथ काम करना, उनसे ज्यादा मेरे लिए फायदेमंद रहा है और आगे भी होगा।'

ब्लॉकबस्टर थी मोहित सूरी की 'सैयारा'

मोहित सूरी ने आखिरी बार 'सैयारा' का निर्देशन किया था, जो 2025 में सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। इस फिल्म में उन्होंने दो नए-नवेले एक्टर्स को मौका दिया था। इस फिल्म से चंकी पांडे के भतीजे अहान पांडे ने अपना बॉलीवुड डेब्यू किया, जबकि अनीत पड्डा का ये तीसरा एक्टिंग प्रोजेक्ट था। फिल्म और इसके गानों को दर्शकों ने खूब पसंद किया, जिसके चलते ये साल की सबसे बड़ी फिल्मों में से एक साबित हुई। अब चर्चा है कि मोहित सूरी अहान पांडे और अनीत पड्डा के साथ एक और फिल्म बनाने की तैयारी में जुटे हैं, हालांकि इसे लेकर अब तक कोई और अपडेट सामने नहीं आया है।

मोहित सूरी और इमरान हाशमी का रिश्ता

बता दें, मोहित सूरी और इमरान हाशमी का रिश्ता सिर्फ प्रोफेशनल ही नहीं हैं, दोनों एक-दूसरे के रिश्तेदार भी हैं। इमरान और मोहित दोनों कजिन भाई हैं और साथ ही भट्ट परिवार का हिस्सा हैं। यानी दोनों का रिश्ता पेशेवर होने के साथ-साथ निजी और गहरा भी है। दोनों ने 'आवारापन' के अलावा 'जहर', 'कलयुग', 'मर्डर 2', 'हमारी अधूरी कहानी' जैसी फिल्मों में साथ काम किया है।

ये भी पढ़ेंः 2025 की सबसे बड़ी फ्लॉप की OTT पर पलटी किस्मत, ट्रेंडिंग लिस्ट में मारी धमाकेदार एंट्री, छाया हीरो का टशन

पंजाब की जीत के बाद हनुमान मंदिर पहुंची प्रीति जिंटा, माथा टेक लिया आशीर्वाद, सन्नी देओल ने भी दी थी बधाई

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन