बॉलीवुड अभिनेत्री प्रीति जिंटा ने शनिवार को अपनी आईपीएल टीम पंजाब किंग्स की दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) पर जीत के बाद नई दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित हनुमान मंदिर का दौरा किया। बीती शाम के मुकाबले में प्रीति जिंटा की टीम ने आईपीएल में धमाकेदार प्रदर्शन किया और एक बड़ा स्कोर चेज करते हुए जीत दर्ज की। जीतने के बाद प्रीति जिंटा खुशी से उछल पड़ीं और उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पर इसकी बधाई भी दी। मैच के बाद अभिनेत्री ने अपनी टीम के शानदार प्रदर्शन का जश्न मनाते हुए मंदिर में आशीर्वाद लिया। मंदिर के सचिव द्वारा इंस्टाग्राम पर साझा किए गए एक वीडियो में प्रीति को दुपट्टे से चेहरा आंशिक रूप से ढके हुए मंदिर पहुंचते हुए दिखाया गया है। हल्के गुलाबी रंग की पारंपरिक पोशाक में सजी प्रीति को प्रार्थना करते और मंदिर परिसर में मौजूद लोगों से कुछ देर बातचीत करते हुए देखा गया। अपनी आध्यात्मिक छवि के लिए जानी जाने वाली अभिनेत्री दर्शन के दौरान शांत और संयमित नजर आईं।
सनी देओल ने भी दी जीत की बधाई
लगता है अभिनेता सनी देओल पर आईपीएल का बुखार चढ़ गया है। रविवार को उन्होंने इंस्टाग्राम पर पंजाब किंग्स बनाम दिल्ली कैपिटल्स का मैच देखते हुए एक वीडियो शेयर किया। इस वीडियो में सनी टीवी पर आईपीएल मैच देखते हुए मुस्कुरा रहे हैं, जहां प्रीति जिंटा पंजाब किंग्स की ऐतिहासिक जीत का जश्न मना रही हैं। गौरतलब है कि सनी जल्द ही 'लाहोर 1947' में प्रीति के साथ स्क्रीन शेयर करते नजर आएंगे। दोनों इससे पहले 'द हीरो: लव स्टोरी ऑफ अ स्पाई' और 'भैयाजी सुपरहिट' में साथ काम कर चुके हैं। शनिवार को पंजाब किंग्स ने लगातार छठी जीत दर्ज की। उन्होंने टी20 क्रिकेट इतिहास में सबसे बड़े रन चेज को अंजाम देते हुए नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) को हराया।
जश्न की तस्वीरें भी की थीं शेयर
प्रीति जिंटा ने उनकी टीम के जीत के बाद अपने इंस्टाग्राम पर कुछ तस्वीरें शेयर कर फैन्स को इसकी बधाई दी थी। इन तस्वीरों में प्रीति अपनी टीम के स्टार खिलाड़ियों के साथ खड़ी हुई थीं। बता दें कि प्रीति जिंटा की टीम इस सीजन आईपीएल में कमाल का प्रदर्शन कर रही है और अब तक ट्रॉफी की एक प्रबल दावेदार टीम है। अब देखना होगा कि क्या पंजाब की टीम इस सीजन के आईपीएल खिताब को अपने नाम कर पाएगी या नहीं।
ये भी पढ़ें- अक्षय खन्ना की फिल्म का बनेगा सीक्वल? डायरेक्टर ने कर दिया अनाउंसमेंट, ऐश्वर्या राय ने निभाया था लीड रोल
'कलाकारों को मसखरा मत बनाइये', कैलाश खेर के पास आई ऐसी फरमाइश कि भनक गया माथा