1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. मेरे गांव चलो, हीरे खोजेंगे... पत्नी की सलाह ने पूरे परिवार की किस्मत बदल दी, दो दिन में मिले 4 चमकते हीरे

मेरे गांव चलो, हीरे खोजेंगे... पत्नी की सलाह ने पूरे परिवार की किस्मत बदल दी, दो दिन में मिले 4 चमकते हीरे

 Written By: Khushbu Rawal
 Published : Oct 02, 2026 08:19 pm IST,  Updated : Oct 02, 2026 08:20 pm IST

पन्ना की रत्नगर्भा धरती ने एक बार फिर मेहनत करने वाले परिवार की किस्मत चमका दी। झांसी से पन्ना आए पति-पत्नी राजकुमार श्रीवास और गुड्डी देवी की मेहनत रंग लाई। पांच महीने तक लगातार मेहनत करने के बाद अचानक महज 2 दिन में उनकी खदान से चार हीरे निकल आए।

झांसी से पन्ना आए...- India TV Hindi
झांसी से पन्ना आए पति-पत्नी की 4 हीरो ने बदली किस्मत। Image Source : REPORTER INPUT

कहते हैं कि मेहनत करने वालों की किस्मत भी एक दिन जरूर बदलती है और मध्य प्रदेश के पन्ना की धरती ने एक बार फिर इस कहावत को सच कर दिखाया है। झांसी से पन्ना आए पति-पत्नी ने पांच महीने तक कड़ी मेहनत की और उनकी मेहनत का ऐसा फल मिला कि महज दो दिनों में उन्हें चार हीरे मिल गए। पत्नी ने पति से कहा था कि हमारे गांव पन्ना चलिए, यहां मेहनत करेंगे और हीरे खोजेंगे। पति ने पत्नी की बात मानी और ससुराल में रहकर हीरा खदान में मेहनत शुरू कर दी। अब 4 हीरों ने पूरे परिवार की उम्मीदों को नई चमक दे दी है।

5 महीने खोदते रहे, अचानक दो दिन में मिले 4 हीरे

यूपी के झांसी से पन्ना आए राजकुमार श्रीवास और उनकी पत्नी गुड्डी देवी ने सरकोहा की निजी जमीन पर करीब पांच महीने पहले हीरा कार्यालय से पट्टा लिया था। इसके बाद पति-पत्नी लगातार खदान में मेहनत कर रहे थे। किस्मत ने साथ दिया और महज दो दिनों में उनकी खदान से एक-एक कर चार हीरे निकले। इनमें 1.44 कैरेट, 1.62 कैरेट, 1.29 कैरेट और 0.81 कैरेट के हीरे शामिल हैं। इनका कुल वजन 5 कैरेट 16 सेंट बताया गया है।

पांच महीने की मेहनत के बाद दो दिन में मिले चार हीरे।
Image Source : REPORTER INPUTपांच महीने की मेहनत के बाद दो दिन में मिले चार हीरे।

चारों हीरों को नियमानुसार पन्ना के हीरा कार्यालय में जमा करा दिया गया है। इन हीरों की अनुमानित कीमत करीब दो से तीन लाख रुपये आंकी जा रही है। इन्हें आगामी हीरा नीलामी में रखा जाएगा और नीलामी के बाद प्राप्त राशि नियमानुसार खदान मालिक को मिलेगी।

पत्नी की सलाह ने बदली पूरे परिवार की किस्मत

राजकुमार श्रीवास कहते हैं कि पन्ना में हीरे मिलने की बात उन्होंने सुनी थी, लेकिन कभी सोचा नहीं था कि यही धरती उनके परिवार की जिंदगी में इतनी बड़ी खुशी लेकर आएगी। पत्नी की बात मानकर झांसी से पन्ना आए और ससुराल में रहकर मेहनत शुरू की। पांच महीने की मेहनत के बाद जब दो दिनों में चार हीरे मिले तो खुशी का ठिकाना नहीं रहा। अब परिवार की उम्मीदें इन हीरों से जुड़ गई हैं। नीलामी से मिलने वाली रकम से परिवार का भरण-पोषण और बच्चों की पढ़ाई का सपना पूरा करने की उम्मीद है।

झांसी से पन्ना आए दंपति की किस्मत खुली।
Image Source : REPORTER INPUTझांसी से पन्ना आए दंपति की किस्मत खुली।

पन्ना की धरती ने गरीब दंपति को दिए चार हीरे

पन्ना की धरती पर मिलने वाला हर हीरा सिर्फ पत्थर नहीं होता, उसके पीछे किसी गरीब परिवार की मेहनत, उम्मीद और वर्षों का इंतजार छिपा होता है। राजकुमार और गुड्डी देवी के लिए ये चार हीरे भी सिर्फ चमकते पत्थर नहीं, बल्कि उनके बच्चों के भविष्य और परिवार की नई उम्मीद हैं। अब दंपति की यही तमन्ना है कि मेहनत का यह सिलसिला आगे भी जारी रहे। खदान में फिर हीरे मिलें और माता रानी की कृपा से उनके परिवार की जिंदगी में खुशियों की चमक और बढ़ती जाए।

इससे कुछ दिन पहले एक किसान को जेम्स क्वालिटी का 4.70 कैरेट हीरा मिला, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई जा रही है।

(रिपोर्ट- अमित सिंह)

यह भी पढ़ें-

पन्ना की धरती ने फिर उगला अनमोल रत्न, मिला 27.29 कैरेट का बेशकीमती हीरा

38 की उम्र तक नहीं सजा सेहरा, अचानक चमकी किस्मत से जगी आस; खदान में मिला 16.96 कैरेट का हीरा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।