उज्जैन में जामा मस्जिद इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है। जुमे की नमाज को लेकर पुलिस हाई अलर्ट पर है। 2,500 सुरक्षा बल के जवान इलाके में तैनात हैं। 5 ASP और 21 DSP मुस्तैदी से एक्टिव हैं। 100 CCTV और ड्रोन से चप्पे-चप्पे पर पैनी नजर रखी जा रही है।
सोशल मीडिया पर भी पुलिस की नजर
सोशल मीडिया पर भड़काऊ रील, नफरती कंटेंट और अफवाहें फैलाने वाले अकाउंट्स पर पुलिस की पैनी नजर है। साइबर सेल ने अब तक 100 से ज्यादा भ्रामक पोस्ट हटवाए हैं। मुस्लिम समाज ने कहा सोशल मीडिया के जरिए गलतफहमी हुई थी। नमाजियों ने कहा कि शहर की गंगा जमुना तहजीब को सलामत रखने के लिए नमाज पढ़ी जाएगी।
बता दें कि हिंसक झड़प के बाद उज्जैन में शाही मस्जिद के आस-पास सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सड़क चौड़ी करने के प्रोजेक्ट के लिए मस्जिद का एक हिस्सा हटाने को लेकर पुलिस और भीड़ के बीच झड़प हो गई थी। यह घटनाक्रम 28 सितंबर को हुई हिंसक झड़प के बाद हुआ, जब तोड़-फोड़ की कार्रवाई के दौरान एक बड़ी भीड़ का पुलिस से सामना हुआ।
भीड़ पर छोड़े गए थे आंसू गैस के गोले
पत्थरबाज़ी की घटनाओं के बाद भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठीचार्ज किया। अधिकारियों द्वारा सुरक्षा व्यवस्था कड़ी किए जाने के बाद रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) के जवानों को भी तैनात किया गया।
मस्जिद के चारों ओर लोहे का ढांचा खड़ा किया गया
पुलिस ने बताया कि मस्जिद के चारों ओर लोहे का ढांचा खड़ा किया गया है, जबकि पुलिस ने इलाके में घुड़सवार मार्च किया। इसके अलावा, मस्जिद के आस-पास की स्थानीय दुकानों को पहले ही पुलिस की देखरेख में खाली करा लिया गया था। इस बीच, शाही मस्जिद कमेटी और राज्य प्रशासन के बीच समझौता होने के बाद मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने विवाद से जुड़ी याचिका का निपटारा कर दिया।
कमेटी के वकील कुलदीप पाठक के अनुसार, प्रशासन ने शुरू में 9.5 फीट जगह मांगी थी, लेकिन समझौते में ढांचे का तीन फीट हिस्सा हटाने की बात तय हुई। प्रशासन प्रभावित दुकानों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था, अधिग्रहण के मानक नियमों के अनुसार मुआवज़ा और मस्जिद परिसर के भीतर ही मीनार को स्थानांतरित करने पर भी सहमत हो गया है। सड़क चौड़ी करने का काम सिंहस्थ कुंभ की तैयारियों के तहत किया जा रहा है।
ये भी पढ़ेंः उज्जैन में शाही मस्जिद के हिस्से को हटाने पर बवाल, पथराव की घटना, पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले; शहरभर में अलर्ट