बॉलीवुड की चकाचौंध और ग्लैमर के पीछे एक काली सच्चाई छिपी है जिसे कई कलाकार चुपचाप सहते हैं। जहां कई सितारों ने कास्टिंग काउच के अपने अनुभव साझा किए हैं, वहीं मौनी रॉय ने भी बीते कुछ समय पहले इंडस्ट्री में अपने शुरुआती दिनों की एक परेशान करने वाली घटना का खुलासा किया है। स्पाइस इट अप पर अपूर्व मुखीजा के साथ बातचीत में अभिनेत्री ने बताया कि हालांकि उन्हें कभी कास्टिंग काउच का सामना नहीं करना पड़ा, लेकिन महज 21 साल की उम्र में उन्हें दुर्व्यवहार का सामना करना पड़ा जिसने उन्हें अंदर तक झकझोर कर रख दिया था।
कई दिनों तक याद रहा बुरा अनुभव
जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्हें कभी कास्टिंग काउच का सामना करना पड़ा है या क्या बॉलीवुड में कभी किसी ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया है, तो मौनी ने कहा, 'कास्टिंग काउच तो नहीं हुआ, लेकिन बदतमीजी हुई है। मैं 21-22 साल की थी, और मैं किसी के ऑफिस गई थी जहां लोग ऑफिस के अंदर थे और नरेशन दिया जा रहा था। अचानक, एक सीन आया जहां लड़की स्विमिंग पूल में गिर जाती है, वह बेहोश हो जाती है, और हीरो उसे बाहर निकालता है और उसके मुंह से सांस देता है, और वह होश में आ जाती है। उस आदमी ने सचमुच मेरा चेहरा पकड़ा और मुझे मुंह से सांस लेते हुए दिखाया। उस एक पल में मैं मुझे समझ ही नहीं आया, मेरे साथ क्या हुआ। मैं कांपने लगी और नीचे भागी। यह बात मुझे बहुत देर तक सताती रही।'
मौनी रॉय के बारे में
मौनी रॉय ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत प्रतिष्ठित शो 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' से की थी। उन्होंने कस्तूरी, देवों के देव महादेव और नागिन जैसे शोज़ में भी काम किया है जिससे उन्हें हर जगह पहचान मिली। उन्होंने 2018 में अक्षय कुमार के साथ फिल्म गोल्ड से बॉलीवुड में डेब्यू किया और बाद में रोमियो अकबर वाल्टर, मेड इन चाइना में अभिनय किया और ब्रह्मास्त्र: पार्ट वन - शिवा में जुनून के किरदार के लिए इंडस्ट्री में प्रशंसा अर्जित की। वह अगली बार रोमांटिक कॉमेडी फिल्म 'है जवानी तो इश्क होना है' में नजर आएंगी। डेविड धवन द्वारा निर्देशित इस फिल्म में पूजा हेगड़े और मृणाल ठाकुर भी हैं और यह 2026 में सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
ये भी पढ़ें- कहां हुई फैमिली मैन 3 की शूटिंग? भारत का वो सुंदर हिस्सा जहां दिखेगी 'श्रीकांत तिवारी' की चालबाजी