नाना पाटेकर फिल्म इंडस्ट्री में अपनी सख्च प्रोफेशनलिज्म और समय की पाबंदी के लिए मशहूर हैं। चाहे फिल्म की शूटिंग हो, मीटिंग हो या कोई पब्लिक इवेंट, नाना हमेशा तय समय पर पहुंचने को प्राथमिकता देते हैं। बुधवार को भी उन्होंने इसी आदत का पालन किया, लेकिन इस बार हालात ऐसे बने कि उनका गुस्सा सबके सामने आ गया। 75 वर्षीय दिग्गज अभिनेता अपनी आने वाली फिल्म ‘ओ रोमियो’ के ट्रेलर लॉन्च के लिए दोपहर ठीक 12 बजे मुंबई के एक मल्टीप्लेक्स में आयोजित कार्यक्रम स्थल पर पहुंच गए। मीडिया और इवेंट की टीम पहले से मौजूद थी, लेकिन उनके को-स्टार्स के न आने की वजह से मामला बिगड़ गया।
एक घंटे का इंतजार और फिर गुस्से में रवाना
करीब 60 मिनट तक इंतजार करने के बाद, जब इवेंट शुरू होने के कोई आसार नहीं दिखे तो नाना पाटेकर नाराज हो गए और बिना ट्रेलर लॉन्च में शामिल हुए ही वहां से निकल गए। इस पूरे घटनाक्रम का एक वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि नाना ऑडिटोरियम से बाहर निकलते हुए लिफ्ट की ओर बढ़ रहे हैं, जबकि इवेंट के ऑर्गनाइजर उन्हें रोकने और समझाने की कोशिश कर रहे हैं। वीडियो में नाना गुस्से में अपनी घड़ी की ओर इशारा करते हुए कुछ कहते नजर आते हैं, मानो वे यह जताना चाह रहे हों कि तय समय का सम्मान नहीं किया गया।
यहां देखें वीडियो
वायरल वीडियो में दिखा नाना का सख्त मिजाज
एक अन्य क्लिप में नाना पाटेकर लिफ्ट के पास खड़े एक ऑर्गनाइजर को साफ तौर पर ‘ना’ में इशारा करते हुए दिखते हैं, जिससे यह साफ हो जाता है कि उन्होंने वहां रुकने या वापस लौटने का मन बना ही लिया था। उनके इस रवैये ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि नाना समय और अनुशासन के मामले में किसी तरह का समझौता नहीं करते, चाहे सामने कितना भी बड़ा इवेंट क्यों न हो।
विशाल भारद्वाज ने बताया नाना के जाने का कारण
नाना के जाने के बाद ट्रेलर लॉन्च इवेंट में निर्देशक विशाल भारद्वाज ने इस पूरे वाकये पर खुलकर बात की। ट्रेलर लॉन्च शुरू होने से पहले उन्होंने मीडिया और मौजूद दर्शकों को बताया कि नाना पाटेकर क्यों चले गए। विशाल के मुताबिक, नाना ने साफ शब्दों में कहा, 'एक घंटा मुझे इंतजeर करवाया, मैं जा रहा हूं।' इवेंट में मौजूद लोगों के अनुसार,फिल्म के दो मुख्य कलाकार शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी करीब 1.30 बजे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे, यानी नाना के चले जाने के काफी देर बाद।
‘बदमाश स्कूल के बच्चे’ जैसा है नाना का स्वभाव
नाना के व्यक्तित्व पर बात करते हुए विशाल भारद्वाज ने उन्हें एक दिलचस्प तरीके से बयान किया। उन्होंने कहा, 'नाना यहां से चले गए हैं, लेकिन फिर भी उनके लिए कुछ कहना ज़रूरी है। नाना के अंदर एक बदमाश स्कूल के बच्चे जैसा स्वभाव है, जो क्लास में सबको बुली भी करता है, सबसे ज्यादा एंटरटेन भी करता है और जिसके साथ हर कोई रहना चाहता है। वही नाना का असली अंदाज है।' विशाल की इस टिप्पणी ने माहौल को थोड़ा हल्का जरूर किया, लेकिन नाना की नाराजगी की वजह साफ बनी रही।
‘ओ रोमियो’ में दमदार कहानी और शानदार स्टारकास्ट
फिल्म ‘ओ रोमियो’ की बात करें तो मेकर्स के अनुसार यह एक सच्ची घटनाओं से प्रेरित रोमांटिक एक्शन ड्रामा है, जो दर्शकों को एक रोमांचक सिनेमाई अनुभव देने का वादा करती है। फिल्म में शाहिद कपूर एक ऐसे किरदार में नजर आएंगे, जिसमें साहस, इमोशनल गहराई, इंटेंसिटी और एक अलग तरह का अनोखापन देखने को मिलेगा। शाहिद कपूर, तृप्ति डिमरी और नाना पाटेकर के अलावा इस फिल्म में अविनाश तिवारी, दिशा पटानी, फरीदा जलाल, अरुणा ईरानी और विक्रांत मैसी जैसे मजबूत कलाकार अहम भूमिकाओं में हैं। इसके साथ ही तमन्ना भाटिया फिल्म में एक स्पेशल अपीयरेंस करती नज़र आएंगी।
कब रिलीज होगी ‘ओ रोमियो’
साजिद नाडियाडवाला द्वारा निर्मित ‘ओ रोमियो’ वैलेंटाइन वीक के दौरान 13 फरवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होने वाली है। ट्रेलर लॉन्च से पहले हुआ यह विवाद भले ही चर्चा का विषय बन गया हो, लेकिन फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता अभी भी बरकरार है।
ये भी पढ़ें:Border 2 Box Office Prediction: पहले दिन ही सनी देओल छीन लेंगे रणवीर सिंह और विक्की कौशल का ताज