1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. 2-3 हजार थी पहली सैलरी, आज करोड़ों की मालकिन हैं नयनतारा, बताया कैसे शुरू हुआ था सफर?

2-3 हजार थी पहली सैलरी, आज करोड़ों की मालकिन हैं नयनतारा, बताया कैसे शुरू हुआ था सफर?

 Written By: Himanshi Tiwari
 Published : Aug 23, 2026 06:04 am IST,  Updated : Aug 23, 2026 06:04 am IST

नयनतारा ने बताया कि फिल्मों में आने से पहले वह मॉडलिंग असाइनमेंट से 2,000-3,000 रुपये कमाती थीं। हाल ही में साउथ की 'लेडी सुपरस्टार' ने अपने करियर की शुरुआत के बारे में भी बात की।

Nayanthara- India TV Hindi
नयनतारा Image Source : INSTAGRAM/@NAYANTHARA

नयनतारा और कविन अपनी आने वाली रोमांटिक ड्रामा फिल्म 'Hi' की रिलीज की तैयारी कर रहे हैं। हाल ही में एक इंटरव्यू में नयनतारा ने अपनी पहली नौकरी के बारे में बात की और बताया कि उन्हें अपनी पहली सैलरी के तौर पर कितने पैसे मिले थे। एक्ट्रेस ने बताया कि उन्हें अपने पहले प्रोफेशनल असाइनमेंट के लिए सिर्फ 2,000-3,000 रुपये मिले थे। आज 'लेडी सुपरस्टार' करोड़ों की मालकिन हैं और उनका खुद का प्रोडक्शन हाउस भी है। उन्होंने इस बातचीत के दौरान अपने  संघर्ष के दिनों के बारे में खुलकर बात की।

नयनतारा की पहली सैलरी

पर्ल माने के साथ बातचीत के दौरान, नयनतारा से उनकी पहली नौकरी और पहली सैलरी के बारे में पूछा गया। उन्होंने बताया कि उन्होंने एक मॉडल के तौर पर शुरुआत की थी और याद करते हुए कहा, 'मुझे लगता है कि यह एक कवर शूट के लिए था। मुझे लगता है कि मुझे एक फैशन प्रोग्राम के लिए बुलाया गया था।' फिर उन्होंने बताया कि उन्हें उस असाइनमेंट के लिए लगभग 2,000-3,000 रुपये मिले थे। पर्ल ने मजाकिया अंदाज में एक किस्सा सुनाते हुए कहा, 'मुझे अपने पिता के नाखून काटने के लिए 500 रुपये मिले थे।'

नयनतारा को रजनीकांत की फिल्म ने बनाया दिया स्टार

नयनतारा ने अपने करियर की शुरुआत 2003 में 'मनस्सिनाक्कारे' फिल्म से की थी। उन्हें फिल्ममेकर सत्यन अंथिकाड ने 'वनिता' मैगजीन में उनकी एक फोटो देखकर चुना था, जब वह एक मॉडल के तौर पर काम कर रही थीं। शुरू में उनका एक्टिंग में आने का कोई प्लान नहीं था, लेकिन उन्होंने गौरी का रोल स्वीकार कर लिया। फिल्म की सफलता से उन्हें पहचान मिली, जिसके बाद 'विस्मयाथुम्बाथु' और 'नाट्टुराजवु' जैसी फिल्मों में दिखीं। इसके बाद उन्होंने 2005 में 'अय्या' से तमिल सिनेमा में कदम रखा, लेकिन रजनीकांत के साथ 'चंद्रमुखी' फिल्म उनके करियर का बड़ा टर्निंग पॉइंट साबित हुई। ​शाहरुख खान की 'जवान' से नयनतारा ने बॉलीवुड में डेब्यू किया था, जो बॉक्स ऑफिस पर हिट साबित हुई और हिंदी दर्शकों के बीच उनकी लोकप्रियता को और बढ़ाया।

नयनतारा की आने वाली फिल्में

नयनतारा और कविन की आने वाली तमिल रोमांटिक ड्रामा फिल्म 'Hi' का निर्देशन विष्णु एडवन कर रहे हैं, जो बतौर डायरेक्टर अपनी पहली फिल्म बना रहे हैं। फिल्म में प्रभु, राधिका सरथकुमार, के. भाग्यराज और पूर्णिमा भाग्यराज भी अहम भूमिकाओं में हैं। यह फिल्म 28 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इसके अलावा, वह 'टॉक्सिक' और सलमान खान की 'SVC 63'  में भी दिखाई देंगी।

ये भी पढ़ें - नयनतारा का सालों पुराना सपना हुआ पूरा, तस्वीरें शेयर कर एक्ट्रेस ने जाहिर की खुशी

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन