1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. मशहूर एक्टर का निधन, 66 की उम्र में ली अंतिम सांस, मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने दी श्रद्धांजलि

मशहूर एक्टर का निधन, 66 की उम्र में ली अंतिम सांस, मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने दी श्रद्धांजलि

 Published : Feb 28, 2025 07:49 am IST,  Updated : Feb 28, 2025 07:55 am IST

उड़िया अभिनेता उत्तम मोहंती का भुवनेश्वर में 66 साल की उम्र में निधन हो गया। मोहंती लंबे समय से गंभीर बीमारी से पीड़ित थे। अब, मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए एक नोट शेयर किया है।

uttam mohanty death- India TV Hindi
मशहूर एक्टर का निधन Image Source : X

दिग्गज उड़िया अभिनेता उत्तम मोहंती का 27 फरवरी की शाम को गुरुग्राम के मेदांत अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। वे 66 वर्ष के थे। मोहंती के भतीजे ने अस्पताल से उनके निधन की पुष्टि की। मोहंती हाल ही में एक फिल्म की शूटिंग के लिए गए थे। तभी उनकी तबीयत खराब हुई, जिसके बाद उन्हें तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के बाद वे घर लौट आए, लेकिन कुछ दिन पहले फिर से उनकी तबीयत बिगड़ने लगी और उन्हें भुवनेश्वर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनके निधन की खबर सामने आते ही उनके प्रशंसकों, चाहने वालों और शुभचिंतकों के साथ-साथ कई मशहूर हस्तियों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की।

इस वजह से एक्टर का हुआ निधन

उत्तम मोहंती की हालत देखते हुए जल्द ही उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया क्योंकि वे लंबे समय से लीवर सिरोसिस से पीड़ित थे। हालांकि, डॉक्टरों की सलाह के बाद उनके परिवार के सदस्यों ने उनकी हालत बिगड़ने और ऑर्गन सपोर्ट की जरूरत पड़ने पर उन्हें एयरलिफ्ट करके मेदांत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन दुर्भाग्य से अस्पताल में इलाज के दौरान आज उन्होंने अंतिम सांस ली।

इन पुरस्कारों से नवाजे गए उत्तम मोहंती

मोहंती को उनके काम और फिल्म इंडस्ट्री में बेहतरीन योगदान के लिए 1999 में सबसे प्रतिष्ठित जयदेव पुरस्कार के अलावा ओडिशा लिविंग लीजेंड अवार्ड 2012 और कई बार सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के रूप में ओडिशा राज्य फिल्म पुरस्कार मिल चुका है।

राजकीय सम्मान के साथ होगा अंतिम संस्कार

मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने एक्स पर लिखा, 'उड़िया के लोकप्रिय अभिनेता उत्तम मोहंती के निधन के बारे में जानकर मुझे गहरा दुख हुआ है। उनके जाने से उड़िया कला क्षेत्र में एक बड़ा शून्य पैदा हो गया है। उन्होंने उड़िया सिनेमा में जो छाप छोड़ी वह उन्हें हमेशा दर्शकों के दिलों में बनाए रखेगी। मैं उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं और शोकसंतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं।' उन्होंने मोहंती का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किए जाने का आदेश भी दिया।

150 फिल्मों में किया काम

1977 में उड़िया फिल्म 'अभिमान' से अपने करियर की शुरुआत करने वाले उत्तम मोहंती ने 'निझुम रतिरा साथी' (1979), 'फूल चंदना' (1982), 'झियाती सीता परी' (1983) और 'डंडा बालुंगा' (1984) सहित 150 से अधिक फिल्मों में काम किया है। उन्होंने 'सारा आकाश' सहित कुछ टीवी धारावाहिकों में भी अभिनय किया है। इस दौरान उत्तम मोहंती ने 30 बंगाली फिल्मों और एक हिंदी फिल्म 'नया जहर' में भी अपने अभिनय का जलवा दिखाया है। मोहंती की पत्नी अपराजिता और बेटा बाबूशान भी उड़िया फिल्म इंडस्ट्री के प्रसिद्ध स्टार्स हैं।

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन