1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. Patriot Movie X Review: 18 साल बाद जब साथ आए ममूटी और मोहनलाल, दीवाने हो गए फैंस, इंटरनेट पर आई रिएक्शन की बाढ़

Patriot Movie X Review: 18 साल बाद जब साथ आए ममूटी और मोहनलाल, दीवाने हो गए फैंस, इंटरनेट पर आई रिएक्शन की बाढ़

 Written By: Jaya Dwivedie @JDwivedie
 Published : May 01, 2026 11:48 am IST,  Updated : May 01, 2026 11:48 am IST

Patriot Movie X Review: ममूटी और मोहनलाल की फिल्म रिलीज हो गई है और इसके लिए फैंस की दीवानगी देखने को मिल रही है। फैंस इस फिल्म की जमकर तारीफ कर रहे हैं।

patriot mammootty mohanlal- India TV Hindi
मामूटी और मोहनलाल। Image Source : IMDB

साल 2026 की सबसे बहुप्रतीक्षित फिल्मों में से एक 'पैट्रियट' शुक्रवार 1 मई को आखिरकार बड़े पर्दे पर रिलीज हो गई है। महेश नारायणन द्वारा लिखित और निर्देशित यह फिल्म भारतीय सिनेमा के इतिहास में एक मील का पत्थर मानी जा रही है, क्योंकि इसके जरिए मलयालम सिनेमा के दो सबसे बड़े सुपरस्टार्स मोहनलाल और ममूटी करीब 18 साल के लंबे अंतराल के बाद एक साथ पर्दे पर नजर आए हैं। इस स्पाई थ्रिलर फिल्म में न केवल इन दोनों दिग्गजों की जोड़ी है, बल्कि फहाद फासिल और नयनतारा जैसे मंझे हुए कलाकारों ने भी मुख्य भूमिकाएं निभाकर इसे एक 'पावर-पैक' एंटरटेनर बना दिया है।

पहले दिन ही दिखी दीवानगी

फिल्म को लेकर दर्शकों में जबरदस्त क्रेज था, जिसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि 4 अप्रैल को ट्रेलर रिलीज होने के बाद से ही सोशल मीडिया पर इसे लेकर चर्चाएं तेज थीं। ममूटी और मोहनलाल के प्रशंसकों ने बिना समय गंवाए पहले दिन के पहले शो के लिए सिनेमाघरों का रुख किया, जिससे सिनेमा हॉल खचाखच भरे नजर आए। फिल्म के शुरुआती रुझानों और सोशल मीडिया प्रतिक्रियाओं की बात करें तो 'पैट्रियट' को लेकर दर्शकों और समीक्षकों की मिली-जुली राय सामने आ रही है। एक्स पर फिल्म को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। एक बड़े वर्ग ने मोहनलाल और ममूटी के अभिनय और स्क्रीन प्रेजेंस की जमकर तारीफ की है।

एक्टिंग की हो रही तारीफ

फैंस का कहना है कि ममूटी ने नायक के रूप में अपनी कमान बखूबी संभाली है, वहीं मोहनलाल ने अपने बेहतरीन चरित्र चित्रण और प्रभावशाली व्यक्तित्व से हर दृश्य में जान फूंक दी है। इसके अलावा फहाद फासिल के अभिनय और फिल्म के बैकग्राउंड स्कोर की भी काफी सराहना की जा रही है। दर्शकों के एक गुट के अनुसार यह एक शक्तिशाली देशभक्ति की कहानी है जिसमें संगीत और कलाकारों का प्रदर्शन बिल्कुल सटीक बैठता है, जो फिल्म को एक अलग ऊंचाई पर ले जाता है।

कुछ लोगों को दिखी कमी

हालांकि हर बड़ी फिल्म की तरह 'पैट्रियट' को लेकर भी कुछ नकारात्मक टिप्पणियां देखने को मिली हैं। दर्शकों के एक छोटे से हिस्से ने फिल्म की गति और पात्रों के चित्रण पर सवाल उठाए हैं। कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने ममूटी के लुक और उनकी एनर्जी को लेकर निराशा जाहिर की और कहा कि उनके प्रदर्शन में वह पुरानी चमक नजर नहीं आई। इसके अलावा कुछ लोगों का यह भी मानना था कि फिल्म में 'हाई मोमेंट्स' यानी वे दृश्य जो रोंगटे खड़े कर देने वाले हों, उनकी कमी महसूस हुई। आलोचनाओं के बावजूद फिल्म के प्रति उत्साह कम नहीं हुआ है और लोग भारी संख्या में थिएटर्स पहुंच रहे हैं।

कैसा है बॉक्स ऑफिस का हाल?

महेश नारायणन के निर्देशन में बनी इस फिल्म की तुलना अक्सर उन क्लासिक फिल्मों से की जा रही है जिनमें ये दोनों दिग्गज पहले साथ दिखे थे। कमाई की दृष्टि से 'पैट्रियट' ने बॉक्स ऑफिस पर एक धमाकेदार शुरुआत की है। एंटो जोसेफ फिल्म्स और किचप्पस एंटरटेनमेंट्स के बैनर तले बनी इस फिल्म ने घरेलू बाजार में शानदार प्रदर्शन किया है। बॉक्स ऑफिस ट्रैकर सैकनिल्क के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक फिल्म ने भारत में पहले ही दिन 10 से 12 करोड़ रुपये के बीच की जबरदस्त कमाई की है। सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी इस फिल्म का डंका बज रहा है। 

पुरानी यादों हुईं ताजा

गुरुवार 30 अप्रैल तक की भविष्यवाणियों के आधार पर यह अनुमान लगाया गया है कि फिल्म विदेशी बाजारों में लगभग 15 करोड़ रुपये के साथ अपना खाता खोलेगी। ममूटी और मोहनलाल की इस स्पाई थ्रिलर ने जिस तरह का ओपनिंग कलेक्शन दर्ज किया है, उसे देखते हुए यह कहना गलत नहीं होगा कि आने वाले दिनों में यह कई नए रिकॉर्ड बना सकती है। कुल मिलाकर 'पैट्रियट' ने लंबे समय बाद पुरानी यादों को ताजा कर दिया है और दर्शकों को सुपरस्टार्स की उस जादुई जोड़ी से दोबारा रूबरू कराया है जिसका उन्हें दशकों से इंतजार था।

ये भी पढ़ें:  38 साल पुराना इरफान खान का 8.9 रेटिंग वाला शो, जहां दिखाया गया 5000 साल का इतिहास, 1000 एक्टर्स को दिया मंच, 350 सितारों ने किया डेब्यू

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन