1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. 'खत्म हो गया', आर माधवन को शूटिंग सेट पर किस बात से लगता है डर? बताई असली वजह

'खत्म हो गया', आर माधवन को शूटिंग सेट पर किस बात से लगता है डर? बताई असली वजह

 Published : Nov 16, 2025 04:01 pm IST,  Updated : Nov 16, 2025 04:03 pm IST

आर माधवन का कहना है कि वे इस डर में जीते हैं कि लोग यह न सोच लें कि उनका करियर खत्म हो गया है और अब उन्हें बदलने का समय आ गया है। उन्होंने यह भी खुलासा किया कि सेट पर उन्हें असिस्टेंट्स से डर क्यों लगता है।

R Madhavan- India TV Hindi
आर माधवन Image Source : INSTAGRAM/@ACTORMADDY

आर माधवन ने फिल्म इंडस्ट्री ही नहीं, बल्कि लोगों के दिलों में भी अपनी खास जगह बनाई है। चाहे तमिल सिनेमा हो या बॉम्बे फिल्म इंडस्ट्री, मणिरत्नम और राजकुमार हिरानी जैसे दिग्गज निर्देशकों के साथ काम करने से लेकर विभिन्न जॉनर की फिल्मों में अपनी प्रतिभा दिखाने तक, उन्होंने हर बार अपना हुनर साबित किया है। आर माधवन साल 2026 में फिल्म इंडस्ट्री में अपने 30 साल पूरे कर लेंगे। हाल ही में अजय देवगन, रकुल प्रीत और मीजान जाफरी के साथ रोमांटिक कॉमेडी-ड्रामा फिल्म 'दे दे प्यार दे 2' में नजर आए अभिनेता ने फिल्म के सेट पर होने वाली अपनी एंग्जायटी के बारे में बात की। उन्होंने यह भी बताया कि हर नई फिल्म के साथ उनका यह डर पहले से ज्यादा बढ़ जाता है।

आर माधवन को किस बात का डर है

मिर्ची प्लस के साथ एक बातचीत में उन्होंने अपने डर के बारे में बताया और कहा, 'इन दिनों, जब भी मैं सेट पर जाता हूं, मुझे पहले से ही बहुत बड़ा डर लगता है। पहले दिन मुझे लगता है कि हर कोई मुझे देख रहा है और सोचते हैं... सब खत्म हो गया, मैडी का काम खत्म हो गया या वह अब एक्टिंग नहीं कर सकता। हर फिल्म के साथ यह और खराब होता जा रहा है। मुझे लगता है कि मेरे असिस्टेंट देख रहे हैं और कह रहे हैं कि अब टाइम हो गया है किसी और को जॉइन करने का इसे कुछ नहीं आता है। मेरा वो जो खौफ है न वो हर फिल्म में बढ़ता जाता है।'

आर माधवन ने अजय देवगन की तारीफ

इसी बातचीत में माधवन ने अजय देवगन जैसे सुपरस्टार के साथ काम करने की खुशी भी शेयर की, जिनके साथ उन्होंने पहले हिट फिल्म 'शैतान' और अब 'दे दे प्यार दे 2' में काम किया। उन्होंने कहा, 'जब मैंने उनके साथ शैतान की तो पहले दिन मैंने सोचा... बस उन्हें अकेला छोड़ दो क्योंकि शायद उन्हें बात करना और सब कुछ पसंद नहीं है, लेकिन एक बार जब वह कंफर्टेबल हो जाते हैं तो यह देखना बहुत मजेदार होता है कि वह क्या-क्या शेयर करते हैं। मुझे लगता है कि उन्हें समझने में थोड़ा समय लगता है, लेकिन उनकी मासूमियत और मेरी जिज्ञासा दोनों ही चीजें हमने बनाए रखी हैं और मुझे उन पर बहुत गर्व है।'

फिल्मों से आर माधवन ने क्यों लिया 3 साल का ब्रेक?

माधवन ने पहले फिल्मों से तीन साल का ब्रेक लेने के बारे में बात की थी क्योंकि वह जिस तरह का काम कर रहे थे। उससे निराश थे और उससे जुड़ नहीं पा रहे थे। उन्होंने उस घटना के बारे में भी बात की थी, जिसकी वजह से उन्होंने यह फैसला लिया। उन्होंने कहा, 'मुझे ब्रेक लेना पड़ा क्योंकि मैं जिस तरह का काम कर रहा था, उससे मैं बहुत निराश हो गया था। मैं स्विट्जरलैंड में एक तमिल गाने की शूटिंग कर रहा था, ऑरेंज पैंट और ग्रीन शर्ट पहने हुए। मैं म्यूजिक पर नाच रहा था। मैं सड़क के बीच में था और मैंने देखा कि एक स्विस किसान हमें गुस्से से देख रहा था और अपना सिर हिला रहा था। मैंने उसकी तरफ देखा और कहा तुम चेन्नई आओ, मैं तुम्हें दिखाऊंगा कि मैं कौन हूं। मुझे सच में बुरा लगा, लेकिन अचानक मुझे एहसास हुआ कि मैं सचमुच दूसरे लोगों के इशारों पर नाच रहा हूं।'

ये भी पढे़ं-

हाथ में त्रिशूल लिए बैल पर सवार दिखे महेश बाबू, राजामौली की 'वाराणसी' से सुपरस्टार का धांसू लुक आया सामने

'पति पत्नी और पंगा' के टॉप 4 फाइनलिस्ट का हुआ खुलासा, जानें कब होगा विनर का ऐलान

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन