1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. 'मेरी जान राधा, तुम हीरा हो', राजपाल यादव ने खुद को बताया पत्नी का कर्जदार, बर्थडे पर लिखा लंबा-चौड़ा पोस्ट

'मेरी जान राधा, तुम हीरा हो', राजपाल यादव ने खुद को बताया पत्नी का कर्जदार, बर्थडे पर लिखा लंबा-चौड़ा पोस्ट

 Written By: Priya Shukla
 Published : Oct 18, 2026 11:57 am IST,  Updated : Oct 18, 2026 11:57 am IST

राजपाल यादव ने अपनी पत्नी राधा के जन्मदिन पर एक प्यारा सा नोट लिखते हुए उन्हें अपने परिवार का हीरा बताते हुए उनकी जमकर तारीफ की और खुद को उनका कर्जदार बताया है। एक्टर ने अपने पोस्ट में बताया कि कैसे मुश्किल समय में वह उनके साथ खड़ी रहीं।

Rajpal Yadav- India TV Hindi
पत्नी राधा के साथ राजपाल यादव। Image Source : INSTAGRAM/@RAJPALOFFICIAL

राजपाल यादव को पिछले दिनों निजी जिंदगी में एक सालों पुराने चेक बाउंस केस के चलते कई मुश्किलों को सामना करना पड़ा। इस केस के चलते अभिनेता को जेल तक जाना पड़ा, लेकिन पिछले दिनों ही इस मामले में राजपाल यादव को सुप्रीम कोर्ट से राहत मिली है। सुप्रीम कोर्ट की रजिस्ट्री में 2 करोड़ रुपये जमा करने के बाद अदालत ने संतोष जताया और आपसी सहमति से मामला सुलझाने के लिए दोनों पक्षों को मध्यस्थता का रास्ता अपनाने के निर्देश दिए। इसी के साथ उन्हें पासपोर्ट को लेकर भी राहत मिल गई। इस बीच राजपाल यादव ने एक पोस्ट शेयर किया है, जो काफी चर्चा में है। इस पोस्ट में राजपाल यादव ने अपनी पत्नी राधा का आभार जताया है और उन्हें अपने परिवार का हीरा बताया है।

राजपाल यादव ने पत्नी राधा के लिए लिखा लंबा-चौड़ा पोस्ट

राजपाल यादव ने रविवार को इंस्टाग्राम पर अपनी पत्नी राधा के साथ एक तस्वीर शेयर की और उन्हें जन्मदिन की बधाई दी। ये तस्वीर शेयर करते हुए अभिनेता ने कैप्शन में लिखा- 'माता-पिता, गुरु (दद्दा जी), मेरे अंदर के मनोरंजन कुमार और परम पिता परमेश्वर, परमात्मा रूपी ब्रह्मानंद के बाद अगर मेरी जिंदगी में किसी का सबसे बड़ा कर्ज रहा है तो वो मेरी डियर राधा हैं। राधा के कर्ज को मैं दिल से, खुशी-खुशी हमेशा के लिए स्वीकार करता हूं और इस बात पर गर्व महसूस करता हूं कि तुम मेरी जिंदगी में आई।'

राजपाल यादव ने पत्नी राधा को बताया हीरा

अपने पोस्ट में राजपाल यादव आगे लिखते हैं- 'जिंदगी की इस आपाधापी के हर मोड़ पर, जिंदगी की हर मुश्किल घड़ी में, बिना अपना आपा खोए तुमने मेरा साथ दिया और कभी मेरा साथ नहीं छोड़ा। मेरे साथ इतना सब कुछ सहने के बाद भी तुमने मेरे परिवार, बच्चों का ध्यान रखा, उन्हें अच्छे से पढ़ाया-लिखाया और उन्हें जिंदगी की सीख दी। ये सपना मेरा था, जिसे तुमने पूरा किया है। आज तक मुझसे अपने लिए कुछ भी नहीं मांगा, बल्कि अपना सब कुछ मेरी, मेरे परिवार और बच्चों की खुशियों के लिए न्योछावर कर दिया। सच में, तुम हमारे परिवार का हीरा हो। इन सब के लिए मैं जिंदगी भर तुम्हारा आभारी था, आभारी हूं और आभारी रहूंगा। हैप्पी बर्थडे, हमेशा प्यार, मेरी जान राधा।'

चेक बाउंस केस पर छलका था राजपाल यादव का दर्द

पिछले दिनों ही राजपाल यादव ने कोर्ट में भावुक होकर कहा कि वह अपने करियर में अब तक करीब ढाई सौ फिल्मों में काम कर चुके हैं, लेकिन इस एक केस के चलते उनका काफी पैसा डूब चुका है। उन्होंने कहा कि पांच करोड़ रुपये के इस मामले ने उन्हें बहुत नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने अदालत को बताया कि 5 करोड़ के चक्कर में उनके 22 करोड़ डूब चुके हैं। इस पर मुख्य न्यायाधीश ने हल्के अंदाज में अभिनेता से कहा कि अब कोई अच्छी फिल्म बनाइये और लोगों का मनोरंजन कीजिए।

ये भी पढ़ेंः राखी सावंत की बढ़ीं मुश्किलें, कोर्ट ने जारी किया गैर-जमानती वारंट, 16 साल पुराना है मामला

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन।