बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव फरवरी में लगातार चर्चा में रहे। चेक बाउंस मामले में अभिनेता सुर्खियों में रहे हैं, जिसके चलते उन्हें तिहाड़ जेल जाना पड़ा था। हालांकि, दिल्ली उच्च न्यायालय ने उन्हें 18 मार्च, 2026 तक की अंतरिम जमानत दे दी है। जेल से बाहर आने के बाद राजपाल यादव ने अपनी भतीजी की शादी अटैंड की और बारातियों की जमकर खातिरदारी की। चेक बाउंस केस के बाद अब राजपाल यादव ने एक नई शुरुआत कर दी है। एक्टर ने एक्स्ट्रा इनकम के लिए नया काम शुरू किया है, जिसकी जानकारी खुद राजपाल यादव ने दी है।
राजपाल यादव ने शनिवार को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर किया, जिसके साथ उन्होंने बताया कि उन्होंने डिजिटल स्पेस में कदम रख दिए हैं। राजपाल यादव अब यूट्यूबर बन चुके हैं। उन्होंने खुद अपने यूट्यूब चैनल के लॉन्च की घोषणा की। अभिनेता ने एक वीडियो शुरू किया और फैंस को इसकी जानकारी दी। वीडियो के कैप्शन में राजपाल ने लिखा, 'एक नई शुरुआत, एक नया सफर। मेरे यूट्यूब चैनल को अभी सब्सक्राइब करें।' इसी के साथ उन्होंने बताया कि उनके चैनल का नाम 'राजपाल नौरंग यादव' है। वीडियो शेयर करते हुए उन्होंने बताया कि उनके यूट्यूब चैनल पर दर्शकों को व्लॉग, मिनी-सीरीज, कॉमेडी और बिहाइंड द सीन्स जैसे कई तरह के कंटेंट देखने को मिलेंगे।
यूट्यूबर बने राजपाल यादव अपने वीडियो में कहते हैं, 'दोस्तों, मुझे यह घोषणा करते हुए बहुत खुशी हो रही है। मैं लंबे समय से एक नई पारी की तैयारी कर रहा था। अब वह शुभ क्षण आ गया है। मैं अपना नया यूट्यूब चैनल लॉन्च कर रहा हूं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर आप सभी से मुझे अपार प्यार मिल रहा है। अब इस यूट्यूब चैनल के माध्यम से आपको हमारे बारे में लगातार अपडेट मिलते रहेंगे। मैं आपसे बस यही अनुरोध करता हूं कि आप अपना प्यार और समर्थन जारी रखें।'
राजपाल यादव के इस ऐलान के बाद फैंस ने भी अपनी खुशी जाहिर की। अभिनेता को उनके फैंस का भरपूर सहयोग मिल रहा है। लोग उन्हें शुभकामनाएं भी दे रहे हैं। एक यूजर ने कमेंट में लिखा, 'आपको बहुत-बहुत बधाई।' कार्य जगत की बात करें तो राजपाल यादव अक्षय कुमार की फिल्म 'भूत बंगला' और लोकप्रिय फ्रेंचाइजी 'वेलकम टू द जंगल' में नजर आएंगे।
बता दें, फरवरी की शुरुआत में राजपाल यादव ने चेक बाउंस मामले में तिहाड़ जेल में सरेंडर किया था। 12 रातें जेल में काटने के बाद अभिनेता को 17 फरवरी को जेल से अंतरिम जमानत पर रिहाई मिली। राजपाल यादव को 18 मार्च तक अंतरिम जमानत मिली है। 17 फरवरी को कड़कड़डूमा कोर्ट ने रिहाई वारंट जारी किया, जिसके बाद उन्हें तिहाड़ जेल से रिहा कर दिया गया। समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, उनके वकील ने इसकी पुष्टि की और बताया कि कोर्ट के आदेश के बाद रिहाई वारंट जारी किया गया था। एक दिन पहले, सोमवार को दिल्ली हाई कोर्ट ने राजपाल यादव की जमानत याचिका पर सुनवाई की और उन्हें 18 मार्च तक अंतरिम जमानत दी।
ये भी पढ़ेंः कौन हैं ऐश्वर्या देसाई? प्रभास की Spirit में एक्ट्रेस की एंट्री, रणवीर की फिल्म में भी आ चुकी हैं नजर
संपादक की पसंद