1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. रणबीर कपूर की हीरोइन, डायरेक्टर से खा चुकी है थप्पड़, 41 की उम्र में भी लगती है बला की खूबसूरत

रणबीर कपूर की हीरोइन, डायरेक्टर से खा चुकी है थप्पड़, 41 की उम्र में भी लगती है बला की खूबसूरत

 Written By: Priya Shukla
 Published : Feb 10, 2026 02:30 pm IST,  Updated : Feb 10, 2026 02:30 pm IST

रणबीर कपूर से लेकर संजय दत्त जैसे कलाकारों के साथ काम कर चुकी ये एक्ट्रेस करीब 9 सालों से बड़े पर्दे से दूर है, लेकिन अब भी फैंस के बीच चर्चा में बनी रहती है। अब ये एक्ट्रेस अपनी नई तस्वीरों को लेकर सुर्खियों में है।

minissha lamba- India TV Hindi
मिनीषा लांबा। Image Source : INSTAGRAM/@MINISSHA_LAMBA

बॉलीवुड में ऐसे कई कलाकार आए, जिन्होंने शुरुआती दौर में तो खूब सुर्खियां बटोरीं, लेकिन धीरे-धीरे ये दर्शकों की नजरों से ओझल होते चले गए। इस लिस्ट में कई बड़े नाम शामिल हैं, जो अब फिल्मी दुनिया में एक्टिव नहीं हैं। रणबीर कपूर और संजय दत्त जैसे कलाकारों के साथ काम कर चुकीं मिनीषा लांबा भी इन्हीं कलाकारों में से एक हैं। मिनिषा लांबा ने 2005 में फिल्मों की दुनिया में कदम रखा था और अपने बोल्ड-ग्लैमरस अंदाज को लेकर खूब सुर्खियों में रहीं। उन्होंने अपने करियर में कई बड़े स्टार्स के साथ काम किया, लेकिन फिर भी वो सफलता मिनीषा के हाथ नहीं लग पाई, जिसकी उन्हें उम्मीद थी। मिनीषा अब करीब 9 साल से बड़े पर्दे से दूर हैं, लेकिन अक्सर ही किसी न किसी वजह से चर्चा में बनी रहती हैं।

21 साल में कीं 19 फिल्में

मिनीषा लांबा ने 2005 में 'यहां' से डेब्यू किया था। इस फिल्म में उन्होंने अदा का किरदार निभाया था। इसके बाद वह 'कॉर्पोरेट', 'रॉकीः द रिबेल', 'एंथनी कौन है?', 'हनीमून ट्रैवल्स प्राइवेट लिमिटेड' और 'दस कहानियां' जैसी फिल्मों में नजर आईं, लेकिन किसी भी फिल्म का दर्शकों पर कुछ खास जादू नहीं चल सका। इसके बाद मिनीषा के हाथ रणबीर कपूर स्टारर 'बचना ऐ हसीनों' लगी, जिसमें उन्होंने माही का किरदार निभाया था और इस फिल्म के जरिए उन्होंने खूब सुर्खियां बटोरीं। इस फिल्म के बाद वह इसी साल तीन और फिल्मों में नजर आईं और फिर धीरे-धीरे फिल्मों की गिनती कम होती गई। मिनीषा लांबा को फिल्मी दुनिया में 21 साल हो चुके हैं,लेकिन अब तक उनके खाते में 19 फिल्में ही आई हैं।

रियेलिटी शो में भी लिया हिस्सा

मिनीषा सिर्फ फिल्मों में ही नहीं बल्कि टीवी शोज और रियेलिटी शो में भी अपनी किस्मत आजमा चुकी हैं। मिनीषा ने 2014 में बिग बॉस 8 में बतौर कंटेस्टेंट भाग लिया था और काफी सुर्खियां भी बटोरीं, लेकिन ज्यादा लंबे समय तक वह इस शो में नहीं टिक पाईं। इसके अलावा वह 'छूना है आसमान', 'कॉमेडी नाइट्स बचाओ', 'तेनाली रामा' और 'इंटरनेट वाला लव' जैसे शोज का भी हिस्सा रह चुकी हैं। आखिरी बार वह अमेजन मिनी टीवी की सीरीज 'बदतमीज दिल' में नजर आई थीं और फिलहाल बड़े पर्दे से दूर ही चल रही हैं।

डायरेक्टर ने मारा था थप्पड़

मिनीषा लांबा ने खुद एक इंटरव्यू के दौरान अपनी फिल्मी जर्नी के बारे में बात की थी। इसी दौरान उन्होंने बताया था कि उनके माता-पिता फिल्मों में उनके काम करने के खिलाफ थे, लेकिन एक एड के चलते उन्हें खुद ही फिल्मों के ऑफर आने लगे। डायरेक्टर सुजित सरकार ने कैडबरी के एड में उन्हें देखने के बाद अपनी फिल्म 'यहां' के लिए उन्हें अप्रोच किया था, लेकिन मिनीषा के माता-पिता इसके लिए तैयार नहीं थे। ऐसे में खुद सुजित सरकार ने मिनीषा के पेरेंट्स से बात की और उन्हें मनाया। मिनीषा ने इसी दौरान ये भी बताया था कि सुजित सरकार ने सेट पर सबके सामने उन्हें थप्पड़ भी जड़ दिया था। दरअसल, अभिनेत्री को शूटिंग के दौरान एक इमोशनल सीन करना था और वह कई कोशिशों के बाद भी रो नहीं पा रही थीं। ऐसे में सुजित सरकार ने एक्ट्रेस में इमोशन भरने के लिए उन्हें चांटा मार दिया।

41 की उम्र में भी लगती हैं बला की खूबसूरत

मिनीषा लांबा अब 41 साल की हो चुकी हैं, लेकिन इस उम्र में भी उनका चार्म और खूबसूरती बरकरार है। एक्ट्रेस सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव हैं और अक्सर अपनी तस्वीरें-वीडियो शेयर करती रहती हैं, जिसमें उन्हें देखकर किसी के लिए भी ये कह पाना मुश्किल होगा कि वह 41 साल की हैं। हाल ही में एक्ट्रेस ने अपना एक सर्फिंग करते हुए वीडियो शेयर किया था, जिसने सबको हैरान कर दिया था।

ये भी पढ़ेंः 'मेरे पास पैसे नहीं हैं', तिहाड़ जेल में सरेंडर से पहले रो पड़े राजपाल यादव, नहीं मिल रही मदद, सुनाई अपनी व्यथा

Jana Nayagan: फिल्म की रिलीज में देरी से परेशान मेकर्स, समझौते को तैयार? सेंसर बोर्ड के खिलाफ याचिका ली वापस

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन