रीना रॉय 70-80 के दशक की टॉप अभिनेत्रियों में से थीं और एक अलग ही मुकाम रखती थीं। अपने एक्टिंग करियर में उन्होंने शत्रुघ्न सिन्हा से लेकर विनोद खन्ना, जितेंद्र और धर्मेंद्र जैसे तमाम बड़े सितारों के साथ काम किया। रीना रॉय अपने फिल्मी करियर को लेकर ही नहीं, अपनी निजी जिंदगी को लेकर भी काफी चर्चा में रहीं। रीना रॉय ने 1983 में पाकिस्तानी क्रिकेटर मोहसिन खान से शादी करके फिल्म इंडस्ट्री से ब्रेक ले लिया और पाकिस्तान चली गईं। 1992 में मोहसिन से तलाक के बाद वह भारत वापस लौट आईं, लेकिन बेटी सनम की कस्टडी के लिए उन्हें लंबे समय तक कानूनी लड़ाई लड़नी पड़ी। लेकिन, क्या आप जानते हैं, रीना रॉय की ही तरह उनकी बहन भी फिल्मों में अपनी किस्मत आजमा चुकी हैं।
रीना रॉय की बहन बरखा रॉय
जी हां, रीना रॉय की बहन बरखा रॉय भी अपनी स्टार बहन की तरह फिल्मी दुनिया में नाम बनाना चाहती थीं। उन्होंने रीना के नक्श-ए-कदम पर चलते हुए फिल्मी दुनिया में कदम भी रखे, लेकिन फर्क ये था कि जहां रीना रॉय फिल्मों के लिए पैसे ले रही थीं, वहीं बरखा पैसे दे रही थीं। दरअसल, बरखा रॉय ने एक्ट्रेस नहीं बल्कि प्रोड्यूसर के तौर पर करियर की शुरुआत की। बरखा रॉय ने अपने करियर में 3 फिल्में ही कीं और फिर लाइमलाइट से दूरी बना ली। अब रीना रॉय की बहन बरखा कहां हैं और क्या कर रही हैं, चलिए जानते हैं।
'सनम तेरी कसम' से की शुरुआत
रीना रॉय ने 1972 में अपना एक्टिंग डेब्यू किया, उनकी पहली फिल्म 'जरूरत' थी, जिसमें विजय अरोड़ा लीड रोल में थे। वहीं उनकी बहन बरखा की बात करें तो उन्होंने 1982 से शुरुआत की। बरखा पहली बार 'सनम तेरी कसम' थी, जिसमें रीना रॉय, साउथ सुपरस्टार कमल हासन और जगदीप ने अभिनय किया था। बरखा इस फिल्म की प्रोड्यूसर थीं और फिल्म की कहानी कादर खान ने लिखी थी। वहीं फिल्म का म्यूजिक आरडी बर्मन ने दिया था, जिसके लिए उन्हें फिल्मफेयर अवॉर्ड भी मिला। ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर हिट साबित हुई।
बरखा ने प्रोड्यूस कीं सिर्फ 4 फिल्में
सनम तेरी कसम की सफलता के बाद बरखा ने 1984 में 'करिश्मा' बनाई, जिसमें एक बार फिर सनम तेरी कसम वाली हिट जोड़ी यानी रीना रॉय और कमल हासन दिखाई दिए। इस फिल्म में टीना मुनीम (टीना अंबानी) भी नजर आई थीं, इस फिल्म ने भी बॉक्स ऑफिस पर ठीक-ठाक कमाई की। फिर उन्होंने 2000 में 'ईना मीना डीका' प्रोड्यूस की और 'माय फ्रेंड हुसैन' के लिए सैनफ्रैंसिस्को ग्लोबल फेस्ट में 2 अवॉर्ड भी जीते। इस ईनाम के साथ उन्हें 10 हजार डॉलर भी मिले, जिसे उन्होंने एनजीओ को दे दिए।
सरोज खान के बेटे से शादी
बरखा रॉय ने महेश आनंद से शादी की थी, जो बॉलीवुड के मशहूर खलनायक हुआ करते थे, लेकिन दोनों की शादी लंबे समय के लिए नहीं टिक सकी और फिर दोनों का तलाक हो गया। महेश आनंद से अलग होने के बाद बरखा ने सरोज खान के बेटे राजू खान से शादी कर ली। रीना रॉय की ही तरह अब बरखा भी लाइमलाइट से दूर हो चुकी हैं और फिलहाल फिल्मों और फिल्मी दुनिया से दूर ही चल रही हैं।