1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. 'भूल भुलैया 3' के बड़े पंडित फिर धमाके को तैयार, '5 सितंबर' में दिखाएंगे नया अवतार, ट्रेलर ने बढ़ाया रोमांच

'भूल भुलैया 3' के बड़े पंडित फिर धमाके को तैयार, '5 सितंबर' में दिखाएंगे नया अवतार, ट्रेलर ने बढ़ाया रोमांच

 Written By: Priya Shukla
 Published : Jul 06, 2025 02:29 pm IST,  Updated : Jul 06, 2025 05:45 pm IST

संजय मिश्रा बॉलीवुड के उन कलाकारों में से हैं, जिनकी गिनती इंडस्ट्री के सबसे मंझे हुए कलाकारों में होती है। अब जल्द ही संजय मिश्रा एक नई फिल्म में अपने अभिनय का जादू बिखेरते नजर आएंगे।

Sanjay Mishra- India TV Hindi
संजय मिश्रा। Image Source : INSTAGRAM

संजय मिश्रा ने अपने करियर में अलग-अलग जॉनर की फिल्मों में काम किया है और अपने अभिनय से अपने हर किरदार में जान फूंकने में सफल रहे हैं। कॉमिक टाइमिंग से लेकर इमोशनल सीन तक में उनका कोई जवाब नहीं है। वह जिस भी किरदार में होते हैं, उसे जीवंत कर देते हैं। उन्होंने 1995 में अपने करियर की शुरुआत की थी और पिछले दिनों राजकुमार राव स्टारर 'भूल चूक माफ' में दिखाई दिए थे। अब संजय मिश्रा एक स्पोर्ट्स ड्रामा में अपने अभिनय का जादू बिखेरते दिखाई देंगे, जिसका ट्रेलर हाल ही में जारी किया गया है।

कब रिलीज होगी फिल्म?

संजय मिश्रा KSM फिल्म प्रोडक्शन्स की अपकमिंग स्पोर्ट्स ड्रामा ‘5th September’ में नजर आएंगे, जो गुरु-शिष्य के रिश्ते के इर्द-गिर्द घूमती है। अनुराधा पुनीर मल्ला द्वारा निर्मित और मोहित श्रीवास्तव द्वारा सहयोगी निर्माता के रूप में समर्थित फिल्म की लंबे समय से चर्चा थी, जिसका ट्रेलर अब जाकर जारी किया गया, जिसे दर्शकों से जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है। कुनाल शमशेर मल्ला द्वारा निर्देशित यह फिल्म 18 जुलाई 2025 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। ट्रेलर की शुरुआत एक भावुक क्लासरूम सीन से होती है, जिसमें अधूरे सपनों, पछतावों और एक गुरु और शिष्य के बीच के अनकहे रिश्ते को खूबसूरती से दर्शाया गया है।

संजय मिश्रा के साथ नजर आएंगे ये कलाकार

फिल्म एक ऐसे पूर्व खिलाड़ी की कहानी है जो अपने अतीत से जूझ रहा है और एक नई पीढ़ी के साथ जीवन का उद्देश्य फिर से खोजता है। दमदार अभिनय, खूबसूरत डायलॉग्स के साथ ये फिल्म प्रेरणा और उम्मीद का संदेश देती है। फिल्म में संजय मिश्रा एक भावनात्मक रूप से टूटे हुए पूर्व एथलीट और अब शिक्षक की भूमिका में हैं। फिल्म में बृजेंद्र काला, अतुल श्रीवास्तव, दीपराज राणा, कविन दवे, किरण दुबे, सारिका सिंह, गायत्री भार्गवी, मलिहा मल्ला, ऋषभ खन्ना और स्वयं कुनाल शमशेर मल्ला भी एक अहम भूमिका में नजर आएंगे।

जब सब छोड़कर ऋषिकेश चले गए संजय मिश्रा

संजय मिश्रा ने अपने अभिनय से दर्शकों को हमेशा ही इंप्रेस किया है, लेकिन एक समय पर वह एक्टिंग छोड़कर ऋषिकेश जाकर बस गए थे और वहां उन्होंने ढाबे में भी काम किया। संजय मिश्रा ने खुद अपनी जिंदगी के उस समय को लेकर बात की थी और बताया था कि कैसे वो समय उनके लिए काफी मुश्किल भरा रहा। ये वो समय था जब उनके पिता का देहांत हो गया था और वह भी काफी बीमार रहने लगे थे।

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन