फेमस सिंगर जैस्मीन सैंडलास इन दिनों सुर्खियों में बनी हुई हैं। हिट पर हिट गाने देकर वो बॉलीवुड की टॉप सिंगर बन गई हैं। 'धुरंधर' फेम सिंगर हाल ही में रणवीर अल्लाहबादिया के पॉडकास्ट में नजर आईं, जहां उन्होंने अपनी निजी जिंदगी, करियर और संघर्षों पर खुलकर बात की। 'धुरंधर: द रिवेंज' एल्बम की सफलता को एंजॉय कर रहीं जैस्मीन ने इस दौरान अपने जीवन के उस कठिन दौर का भी जिक्र किया, जब वह शराब की लत से जूझ रही थीं। उन्होंने बताया कि शराब की लत के चलते उनकी हालत कैसी हो गई थी।
बचपन के अनकहे दर्द और माता-पिता से अनबन
चर्चा के दौरान जैस्मीन ने स्वीकार किया कि उनका बचपन काफी संघर्षपूर्ण रहा। उन्होंने बताया कि बड़े होते समय उन्हें कई चीजों को खुद ही समझना पड़ा, जो उनके लिए काफी मुश्किल दौर था। जैस्मीन के अनुसार माता-पिता की सख्ती और घर के माहौल का बच्चों पर गहरा प्रभाव पड़ता है। उन्होंने भावुक होते हुए कहा, 'जब एक बच्चे का दिल टूटता है तो वह हमेशा के लिए टूटा रह जाता है।' उन्हें अपने माता-पिता से वह सुरक्षित जगह और मार्गदर्शन नहीं मिला जिसकी उन्हें तलाश थी, जिसके कारण उनके मन में काफी नाराजगी भर गई थी।
शराब की लत और जीवन का सबसे कठिन दौर
जैस्मीन ने अपने जीवन के उन 2-3 सालों के बारे में बात की जब वह शराब के नशे में डूबी रहती थीं। उन्होंने बताया कि उस समय एक तरफ वह सफलता की ऊंचाइयों पर थीं और मशहूर हो रही थीं, लेकिन दूसरी तरफ उनके परिवार की स्थिति बिगड़ रही थी। पिता के निधन और पारिवारिक कलह ने उन्हें मानसिक रूप से तोड़ दिया था। उन्होंने कहा, 'मैंने जरूरत से ज्यादा शराब पी और मुझे इस बात का पछतावा है, लेकिन उस समय के हालात को देखते हुए वह मेरे लिए शायद एक सहारा था।' वह जीवन भर एक ऐसे सुकून और घर की तलाश में भटकती रहीं जो उन्हें बचपन में नहीं मिला।
परिवार ने की मदद
अपनी रिकवरी के बारे में बात करते हुए जैस्मिन ने अपने परिवार, खासकर अपनी मां को इसका श्रेय दिया, जिन्होंने उनके सबसे बुरे दौर में उनका साथ दिया। वो कहती हैं, 'मेरी मां और मेरे परिवार ने रिकवरी में मेरी सच में बहुत मदद की, जब मैं पूरी तरह टूट चुकी थी, तब भी उन्होंने मुझसे प्यार किया। मेरी सबसे बड़ी लड़ाई खुद से थी। उन्होंने यह भी बताया कि पुरानी आदतों से बाहर निकलना और फिर से शुरुआत करने की हिम्मत जुटाना कितना मुश्किल था। उन्होंने बताया,'दिन शुरू होता है और आप फिर से अपनी पुरानी आदतों में फंस जाते हैं। मैंने भगवान से बहुत प्रार्थना की, 'प्लीज मुझे बचा लो, बस मुझे एक और मौका दे दो'। मैं बहुत बेबस महसूस कर रही थी। आपको बस चीज़ों के लिए 'नहीं' कहने की हिम्मत चाहिए होती है। परिवार का साथ बहुत जरूरी है.उनसे दूर मत भागिए। जब मैंने अपनी जिंदगी से जहरीली चीजों निकाल फेंका तो मुझे लगा जैसे मुझे एक नई ज़िंदगी मिल गई हो।'
'किक' से मिली पहचान और 'धुरंधर' की बड़ी सफलता
जैस्मीन सैंडलास का जन्म जालंधर में हुआ और परवरिश कैलिफोर्निया में हुई। उन्होंने 2008 में 'मुस्कान' गाने से अपने करियर की शुरुआत की थी, लेकिन उन्हें असली पहचान 2014 में सलमान खान की फिल्म 'किक' के गाने 'यार ना मिले' से मिली, जिसे उन्होंने यो यो हनी सिंह के साथ गाया था। हाल ही में आदित्य धर के निर्देशन और रणवीर सिंह अभिनीत फिल्म 'धुरंधर' और 'धुरंधर: द रिवेंज' में उनके गाए गाने जैसे 'शरारत', 'मैं और तू' और 'आरि आरि' चार्टबस्टर साबित हुए हैं।
जैस्मीन का करियर ग्राफ और वर्तमान स्थिति
शाश्वत सचदेव द्वारा रचित संगीत एल्बम में जैस्मीन की आवाज को दर्शकों ने खूब सराहा है। अपनी निजी मुश्किलों को पीछे छोड़कर वह अब संगीत की दुनिया में नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं। पॉडकास्ट में उनकी स्पष्टवादिता ने प्रशंसकों को उनके मानवीय पक्ष से रूबरू कराया, जहां उन्होंने यह संदेश दिया कि सफलता के बावजूद इंसान के भीतर कई अनसुलझी भावनाएं और दर्द हो सकते हैं।
ये भी पढ़ें: नमाज के फायदे बता कर बुरी फंसी 'शार्क टैंक' जज नमिता थापर, लोगों ने सुनाई खरीखोटी तो रोते हुए दी सफाई