स्मिता पाटिल अपने समय की सबसे शानदार अभिनेत्रियों में से एक थीं। अपने छोटे से करियर में ही उन्होंने अमिताभ बच्चन से लेकर राजेश खन्ना जैसे स्टार्स के साथ काम किया। लेकिन, 13 दिसंबर 1986 को 31 साल की उम्र में ही उन्होंने इस दुनिया को अलविदा कह दिया। अब उनके बेटे प्रतीक बब्बर भी फिल्मी दुनिया में अपने अभिनय से लाइमलाइट लूट रहे हैं और दूसरी तरफ उनकी एक भतीजी भी है, जो फिल्मी दुनिया का हिस्सा है और अपने अभिनय से ज्यादा अपनी फिटनेस को लेकर चर्चा में छाई रहती है। हम बात कर रहे हैं शाहरुख खान के साथ 'चक दे इंडिया' में काम कर चुकीं विद्या मालवडे की, जो आजकल सोशल मीडिया पर हर तरफ छाई रहती हैं।
इन फिल्मों में किया काम
विद्या मालवडे ने अपने करियर की शुरुआत 2003 में की थी और पहली बार विक्रम भट्ट की 'इंतेहा' में नजर आई थीं। ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर असफल रही। अपने एक्टिंग डेब्यू के 4 साल बाद 2007 में आई फिल्म 'चक दे इंडिया' से विद्या को पहचान मिली। शाहरुख खान स्टारर इस फिल्म में विद्या ने भारतीय महिला हॉकी टीम की गोलकीपर का किरदार निभाया था। इन दो फिल्मों के अलावा विद्या बेनाम, माशूका, स्ट्राइकर, वसं अपॉन ए टाइम इन मुंबई दोबारा, 1920: इविल रिटर्न और लव.. फिर कभी जैसी फिल्मों में नजर आईं। इसके अलावा वह वेब सीरीज 'मिसमैच्ड' में अपने जीनत करीम के किरदार को लेकर भी सुर्खियां बटोर चुकी हैं।
27 की उम्र में हो गई थीं विधवा
विद्या मालवडे की निजी जिंदगी की बात करें तो वह दिवंगत अभिनेत्री स्मिता पाटिल की भतीजी हैं। उन्होंने 1997 में कैप्टन अरविंद सिंह बग्गा से शादी की थी, दोनों अपनी जिंदगी में बेहद खुश थे और अपनी मैरिड लाइफ को एंजॉय कर रहे थे। लेकिन, साल 2000 में एक ऐसी खबर आई, जिसने विद्या को बुरी तरह तोड़ दिया। एक प्लेन क्रैश में अरविंद का निधन हो गया और 27 की उम्र में ही विद्या विधवा हो गईं। इस एक हादसे ने विद्या की जिंदगी को तितर-बितर कर दिया। अरविंद के जाने के बाद करीब 9 साल तक विद्या अकेली रहीं, तभी उनकी जिंदगी में संजय डायमा की एंट्री हुई और दोनों ने 2009 में शादी कर ली।
फिटनेस में हैं अव्वल
विद्या मालवडे अपने एक्टिंग करियर के अलावा अपनी फिटनेस को लेकर भी काफी चर्चा में रहती हैं। एक्ट्रेस 52 साल की हैं और इस उम्र में भी सुपरफिट हैं। सोशल मीडिया पर वह अक्सर अपने फिटनेस सीक्रेट फैंस के साथ साझा करती रहती हैं। विद्या सुबह 5.20 पर अपने दिन की शुरुआत करती हैं और रोजाना एक घंटे मेडिटेशन करती हैं। इसके अलावा वह मंत्रों का जाप करती हैं, ताकि सुबह की शुरुआत पॉजिटिविटी से भरी हो। यानी, विद्या सिर्फ अपने अभिनय से ही नहीं, अपने सेहतमंद रूटीन से भी फैंस को प्रेरित करती हैं।
ये भी पढ़ेंः 'गरम मसाला' में अक्षय कुमार ने जॉन अब्राहम के सीन पर चलवाई थी कैंची? सालों बाद प्रियदर्शन ने बताया सच
योगा टीचर पर पड़ी डायरेक्टर की नजर, झटके में बना दिया स्टार, बनी हजार करोड़ी देने वाली पहली हीरोइन, पहचाना?