1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. पेट में दर्द, रूटीन टेस्ट थे नॉर्मल, फिर कैसे छीनी प्रदीप रावत की सांसें? चंद हफ्तों में बदला सब कुछ, बेटे ने बयां किया आखिरी वक्त का हाल

पेट में दर्द, रूटीन टेस्ट थे नॉर्मल, फिर कैसे छीनी प्रदीप रावत की सांसें? चंद हफ्तों में बदला सब कुछ, बेटे ने बयां किया आखिरी वक्त का हाल

 Written By: Jaya Dwivedie
 Published : Aug 06, 2026 02:27 pm IST,  Updated : Aug 06, 2026 02:27 pm IST

दिग्गज अभिनेता प्रदीप रावत का 74 साल की आयु में दुर्लभ ब्लड कैंसर से निधन हो गया। उनके बेटे विक्रमादित्य के अनुसार बीमारी बहुत तेजी से फैली। आमिर खान सहित कई हस्तियों ने उन्हें अंतिम विदाई दी।

Pradeep rawat- India TV Hindi
प्रदीप रावत। Image Source : PRADEEP RAWAT INSTAGRAM

भारतीय सिनेमा के जाने-माने अभिनेता प्रदीप रावत के अचानक निधन से फिल्म जगत और उनके प्रशंसकों में शोक की लहर दौड़ गई है। 74 वर्ष की आयु में उन्होंने अंतिम सांस ली। मुंबई में संपन्न हुए उनके अंतिम संस्कार के बाद उनके बेटे विक्रमादित्य ने पिता के अंतिम पलों और इस जानलेवा बीमारी के तेजी से फैलने का दर्दनाक सच उजागर किया। विक्रमादित्य ने बताया कि महज दो महीने पहले कराए गए रूटीन मेडिकल चेकअप में सब कुछ सामान्य आया था, लेकिन इस दुर्लभ ब्लड कैंसर ने बहुत कम समय में उनके पिता को उनसे छीन लिया।

पेट के संक्रमण से शुरू हुआ भ्रम और कैंसर की पुष्टि

शुरुआती दौर में परिवार को यही लगा कि प्रदीप रावत केवल पेट के साधारण संक्रमण से जूझ रहे हैं। डॉक्टरों ने भी शुरुआती लक्षणों को देखते हुए दवाएं दीं। हालांकि जब दवाइयों के बावजूद उनकी सेहत में कोई सुधार नहीं हुआ और हालत बिगड़ने लगी तो परिवार ने विस्तृत जांच कराने का फैसला किया। मेडिकल रिपोर्ट में उनका व्हाइट ब्लड सेल काउंट सामान्य से काफी ज्यादा आया, जो चिंताजनक था। विक्रमादित्य ने बताया कि बिगड़ती स्थिति को देखते हुए वे तुरंत अभिनेता को कोकिलाबेन अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां के डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद ही आशंका जता दी थी कि 99 प्रतिशत मामला ब्लड कैंसर का है। अगले ही दिन डॉक्टरों ने इस बात की आधिकारिक पुष्टि कर दी। यह कैंसर एक बेहद दुर्लभ और आक्रामक किस्म का था, जिसने शरीर को संभलने का मौका ही नहीं दिया। बेटे ने ये भी बताया कि मौत कुछ घंटे पहले उनकी प्लेटलेट्स तेजी से गिरने लगे और आखिरी वक्त में सिर्फ 3000 प्लेटलेट्स थे।

यहां देखें वीडियो

आईसीयू का वो खौफनाक दृश्य और अंतिम क्षण

अपने पिता के अंतिम पलों को याद करते हुए विक्रमादित्य बेहद भावुक हो गए। उन्होंने आंखों में आंसू भरकर बताया कि आईसीयू के बाहर का माहौल बेहद तनावपूर्ण था। जब उन्होंने दरवाजे से अंदर झांका तो डॉक्टर उनके पिता को सीपीआर दे रहे थे। उस एक दृश्य ने विक्रमादित्य को समझ दे दी कि उनके पिता अब इस दुनिया को अलविदा कहने वाले हैं। इसके तुरंत बाद उनकी मां खुद को संभाल नहीं पाईं और बिलख पड़ीं। विक्रमादित्य का मानना है कि उनके पिता अब हर तरह के शारीरिक कष्ट से दूर एक सुकून भरी जगह पर हैं।

आमिर खान और 'लगान' की टीम का जताया आभार

प्रदीप रावत के अंतिम संस्कार में बॉलीवुड और दक्षिण भारतीय सिनेमा की कई जानी-मानी हस्तियां शरीक हुईं। आमिर खान और फिल्म 'लगान' की पूरी टीम ने वहां पहुंचकर दिवंगत अभिनेता को अंतिम श्रद्धांजलि दी। इस कठिन समय में साथ खड़े होने के लिए विक्रमादित्य ने पूरी फिल्म इंडस्ट्री का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि उनके पिता यह देखकर बेहद खुश होंगे कि उन्हें विदा करने इतने सारे लोग आए।

सिनेमा जगत में अमर रहेगा प्रदीप रावत का योगदान

प्रदीप रावत को भारतीय सिनेमा में उनके नकारात्मक और सशक्त किरदारों के लिए हमेशा याद रखा जाएगा। बीआर चोपड़ा के प्रसिद्ध धारावाहिक 'महाभारत' में 'अश्वत्थामा' की भूमिका हो, या फिर आमिर खान की ब्लॉकबस्टर फिल्मों 'गजनी' और 'लगान' में उनके यादगार अभिनय, उन्होंने हर रोल में अमिट छाप छोड़ी। हिंदी के अलावा उन्होंने दक्षिण भारतीय सिनेमा में भी कई बड़ी और सफल फिल्मों में काम किया था।

ये भी पढ़ें: कौन हैं मिनी माथुर? जिन्होंने 'अलाएंस' के फिनाले में पलटा पासा, अली गोनी और रूही दोसानी को पछाड़ बनीं विजेता

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन