साउथ सुपरस्टार अल्लू अर्जुन अपनी ब्लॉकबस्टर 'पुष्पा' फ्रैंचाइजी से घर-घर में मशहूर हुए हैं। आज उन्हें देश का हर बच्चा जानता है। सुकुमार द्वारा निर्देशित इस मास एक्शन ड्रामा ने बॉक्स ऑफिस पर सभी मौजूदा रिकॉर्ड तोड़ दिए और नया इतिहास रचा था। दरअसल, 'पुष्पा 2: द रूल' भारत में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में से एक है, जिसने प्रभास की 'बाहुबली 2' के लंबे समय से चले आ रहे रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। इसने न केवल बॉक्स ऑफिस के रिकॉर्ड तोड़े, बल्कि कई पुरस्कार भी जीते। शनिवार, 6 सितंबर को दुबई में आयोजित SIIMA 2025 में 'पुष्पा 2' की टीम ने विभिन्न श्रेणियों में पांच से ज्यादा पुरस्कार जीते। इस खुशी के मौके पर सुकुमार ने 'पुष्पा 3 द रैम्पेज' को लेकर बड़ी अपडेट दी।
निर्देशक सुकुमार ने पुष्पा 3 का ऐलान किया
जब पुष्पा की टीम पुरस्कार लेने मंच पर गई तो होस्ट ने मजाक में कहा, 'पार्टी लेधा पुष्पा?' (क्या कोई पार्टी नहीं है, पुष्पा?) और यह बात उन्होंने फिल्म से फहद फासिल के किरदार भंवर सिंह शेखावत की फेमस लाइन से ली। लेकिन, हलचल तब मच गई जब होस्ट ने सुकुमार से पूछा कि क्या पुष्पा 3 बनेगी या नहीं। निर्माता और अल्लू अर्जुन कुछ देर तक शांत रहे फिर बाद में सुकुमार ने फिल्म को लेकर अपडेट दिया। उन्होंने कहा, 'जाहिर है कि हम पुष्पा 3 बना रहे हैं।' ये खुशखबरी सुनते ही दर्शक तालियां और सीटियां बजाने लगे।
पुष्पा 3 में नए विलेन की होगी एंट्री
बता दें कि 'पुष्पा 2' के अंतिम क्रेडिट सीन में तीसरी किस्त को लेकर एक बड़ा अपडेट दिया गया था। दर्शक 'पुष्पा 3' का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, जिसे एक टैगलाइन दी गई है- द रैम्पेज। अल्लू अर्जुन, रश्मिका मंदाना और फहद फासिल की मोस्ट अवेटेड अपकमिंग किस्त में नए विलेन की एंट्री होगी, जिसके बाद कहानी में नया मसाला देखने को मिलेगा।
पुष्पा 2 ने SIIMA 2025 में जीते पांच पुरस्कार जीते
'पुष्पा 2' ने पांच SIIMA पुरस्कार जीते, जिसमें अल्लू अर्जुन को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार, रश्मिका मंदाना को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार, सुकुमार को सर्वश्रेष्ठ निर्देशन का पुरस्कार, देवी श्री प्रसाद को सर्वश्रेष्ठ संगीतकार का पुरस्कार और शंकर बाबू कंदुकुरी को पीलिंग्स के लिए सर्वश्रेष्ठ पार्श्व गायक (पुरुष) का पुरस्कार मिला।
सुपरस्टार को तीन बार मिला बेस्ट एक्टर अवॉर्ड
अल्लू अर्जुन ने अपने पुरस्कार का श्रेय सुकुमार को दिया और एक सोशल मीडिया पोस्ट में आभार व्यक्त किया। उन्होंने लिखा,'SIIMA, आपके निरंतर प्यार और पहचान के लिए धन्यवाद। लगातार तीन SIIMA पुरस्कार जीतना वाकई एक यादगार पल है। सभी विजेताओं और नामांकितों को बधाई। इसका श्रेय मेरे निर्देशक @aryasukku garu, मेरे कलाकारों, मेरे तकनीशियनों, मेरे निर्माताओं और पुष्पा की पूरी टीम को जाता है और मैं ये पुरस्कार अपने प्रशंसकों को समर्पित करता हूं... उनके अटूट प्यार और समर्थन के लिए। धन्यवाद।'