कभी-कभी किस्मत की लकीरें गरीबी की धूल में छिपी होती हैं, जिन्हें निखारने के लिए मेहनत का पसीना बहाना पड़ता है। हरियाणा के एक साधारण से कस्बे में जन्मे एक बच्चे की कहानी भी कुछ ऐसी ही है। उस वक्त किसी ने नहीं सोचा था कि अपनी मासूम मुस्कान के पीछे संघर्षों का सैलाब छिपाए यह बच्चा एक दिन पूरे देश को हंसाने का जिम्मा उठाएगा। उसकी यात्रा केवल एक कलाकार की सफलता की कहानी नहीं है, बल्कि यह जीत है अटूट संकल्प की, जिसने विपरीत परिस्थितियों को भी घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया। हम बात कर रहे हैं कपिल शर्मा के साथी सुनील ग्रोवर की जिन्होंने कपिल से काफी पहले अपनी जर्नी की शुरुआत की और आज वो मुकाम हासिल कर लिया है, जिसे छूने में किसी और कॉमेडियन को जमाने लग जाएंगे।
शिक्षा और प्रारंभिक संघर्ष
बचपन में आर्थिक तंगी का साया हमेशा सुनील ग्रोवर के साथ रहा, लेकिन उन्होंने अपनी पढ़ाई को कभी प्रभावित नहीं होने दिया। गुरबत के दिनों में भी उन्होंने शिक्षा को अपना हथियार बनाया और चंडीगढ़ के पंजाब विश्वविद्यालय से थिएटर में मास्टर डिग्री हासिल की। अभिनय की कला को बारीकी से समझने के बाद वे अपनी आंखों में स्टारडम के बड़े सपने संजोकर सपनों की नगरी मुंबई पहुंचे। सुनील को करियर में पहला मौका भी दिग्गज कॉमेडियन जयपाल भट्टी ने दिया। उन्होंने एक नजर में ही सुनील के हुनर को परख लिया था। शरुआती काम के साथ मुंबई की चमक-धमक के पीछे छिपे अंधेरे ने उनका स्वागत हुआ। शुरुआती दिनों में उनकी कमाई महज 500 रुपये प्रति महीने थी। मनोरंजन जगत की अनिश्चितता और कम आमदनी ने कई बार उनका मनोबल तोड़ा, लेकिन वे डटे रहे। उन्हें खुद पर और अपनी प्रतिभा पर अटूट विश्वास था और इसका परिणाम था कि सालों के संघर्ष के बाद वे घर-घर में पहचाना जाने वाला नाम बन गए।
यहां देखें पोस्ट
पहचान और प्रसिद्धि का दौर
मनोरंजन जगत के बेताज बादशाह सुनील ग्रोवर ने अपने करियर में कई उतार-चढ़ाव देखे। हालांकि उन्होंने आमिर खान की फिल्म 'गजनी' और भारत के पहले साइलेंट कॉमेडी शो 'गुटर गू' में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई थी, लेकिन उन्हें असली पहचान मिली 'द कपिल शर्मा शो' के गुत्थी और डॉ. मशहूर गुलाटी जैसे किरदारों से। इन किरदारों ने उन्हें न केवल कॉमेडी का दिग्गज बनाया, बल्कि फिल्म और ओटीटी जगत के दरवाजे भी उनके लिए खोल दिए। आज मिमिकरी की दुनिया में उनसे कोई टक्कर नहीं ले सकता, वो जिसे चाहे उसे हू-ब-हू पर्दे पर उतार देते हैं और उनकी ये कला हाल के दिनों में 'द ग्रेट इंडिया कपिल शो' में देखने को मिली, जहां वो आमिर खान से लेकर गुलजार की मिमिकरी करते दिखे।
मौत को मात और वापसी
जब सुनील सफलता के शिखर पर थे, तभी नियति ने उनकी सबसे कठिन परीक्षा ली। साल 2022 उनके जीवन का सबसे चुनौतीपूर्ण मोड़ साबित हुआ। मात्र 44 वर्ष की उम्र में जब वे एक तरफ कपिल शर्मा संग लड़ाई के चलते विवादों में थे, तभी उन्हें दिल का दौरा पड़ा। अस्पताल में जांच के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि उनकी दो आर्टरीज पूरी तरह से ब्लॉक थीं और तीसरी 90 प्रतिशत तक ब्लॉक थी। इतना ही नहीं सर्जरी के वक्त वे कोविड-19 से भी संक्रमित पाए गए। ऐसे में उनकी स्थिति बेहद नाजुक थी। डॉक्टरों को उनकी चार बाईपास सर्जरी करनी पड़ी। जीवन और मृत्यु के इस संघर्ष में उनकी पत्नी ने एक मजबूत स्तंभ की तरह उनका साथ दिया। महीनों के इलाज और कड़े संयम के बाद सुनील न केवल फिट हुए बल्कि उन्होंने पर्दे पर दोबारा जोरदार वापसी की। आज सुनील ग्रोवर के पास वह सब कुछ है जिसका सपना एक आम इंसान देखता है, आलीशान घर, लग्जरी गाड़ियां और करोड़ों प्रशंसकों का प्यार।