1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. 'विक्की कौशल को देखने लोग थिएटर नहीं गए', छावा की सफलता पर ये क्या बोल गए महेश मांजरेकर?

'विक्की कौशल को देखने लोग थिएटर नहीं गए', छावा की सफलता पर ये क्या बोल गए महेश मांजरेकर?

 Written By: Priya Shukla
 Published : Apr 28, 2025 09:38 am IST,  Updated : Apr 28, 2025 09:38 am IST

महेश मांजरेकर ने हाल ही में विक्की कौशल की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'छावा' के बारे में बात की। इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 800 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन किया है। लेकिन, महेश मांजरेकर का मानना है कि इस फिल्म की सफलता की वजह विक्की कौशल नहीं हैं।

Mahesh Manjrekar- India TV Hindi
महेश मांजरेकर ने छावा की सफलता पर दी प्रतिक्रिया। Image Source : INSTAGRAM

लक्ष्मण उतेकर द्वारा निर्देशित विक्की कौशल की फिल्म 'छावा' ने पिछले दिनों बॉक्स ऑफिस हिलाकर रख दिया। इस फिल्म न केवल बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाया है, बल्कि दर्शकों के बीच भी गर्व की भावना भी जगाई है, खास तौर पर महाराष्ट्र में। विक्की कौशल, रश्मिका मंदाना, अक्षय खन्ना और आशुतोष राणा जैसे कलाकारों वाली ये फिल्म मराठा योद्धा छत्रपति संभाजी महाराज के जीवन पर आधारित, ऐतिहासिक एक्शन ड्रामा है, जिसने दुनिया भर में 800 करोड़ रुपये की कमाई करते हुए कई रिकॉर्ड तोड़ दिए। इस बीच छावा की ऐतिहासिक सफलता पर अभिनेता-निर्देशक महेश मांजरेकर ने भी प्रतिक्रिया दी।

छावा की सफलता पर बोले महेश मांजरेकर

मिर्ची मराठी से बातचीत में महेश मांजरेकर ने 'छावा' की जबरदस्त सफलता पर अपनी राय बेहद बेबाकी के साथ रखी। अभिनेता के अनुसार, छावा की सफलता का श्रेय विक्की कौशल को नहीं जाता, बल्कि उस किरदार को जाता है जो विक्की ने निभाया। महेश मांजरेकर के अनुसार, ये फिल्म मराठा योद्धा संभाजी महाराज के किरदार के चलते इतनी सफलता हासिल कर सकी है।

विक्की कौशल नहीं हैं छावा की सफलता की वजह- महेश मांजरेकर

महेश मांजरेकर ने कहा- 'विक्की कौशल बहुत शानदार एक्टर हैं। उनकी फिल्म छावा ने 800 करोड़ रुपए कमाए। लेकिन विक्की कौशल यह नहीं कह सकते कि लोग उन्हें देखने थिएटर पहुंचे थे। अगर ऐसा होता तो लोग उनकी पिछली पांच फिल्में भी देखने थिएटर आए होते। दर्शक यहां संभाजी महाराज का किरदार देखने के लिए जा रहे थे। उनकी पिछली फिल्मों ने ऐसा प्रदर्शन नहीं किया।'

महाराष्ट्र ने फिल्म की सफलता में निभाई अहम भूमिका- महेश मांजरेकर

इसी के साथ महेश मांजरेकर ने इस बात पर भी जोर दिया कि यह महाराष्ट्र ही था जिसने फिल्म के ऐतिहासिक सफर को सही मायने में आगे बढ़ाया। उन्होंने आगे कहा- "मेरे महाराष्ट्र ने हिंदी फिल्म इंडस्ट्री को बचाया है, इसे याद रखें। आज, छावा अच्छा प्रदर्शन कर रही है और इसका 80% श्रेय महाराष्ट्र को जाता है। वास्तव में, इसका 90% श्रेय पुणे और आसपास के क्षेत्रों को जाता है। महाराष्ट्र ही है जो इस इंडस्ट्री को बचा सकता है।"

800 करोड़ पार कलेक्शन

'छावा' की बात करें तो लक्ष्मण उतेकर द्वारा निर्देशित इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 800 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन किया है। इस ब्लॉकबस्टर फिल्म में विक्की कौशल ने संभाजी महाराज की दमदार भूमिका निभाई है और रश्मिका मंदाना ने उनकी पत्नी येसुबाई भोंसले की भूमिका भी निभाई। इसके अलावा फिल्म में अक्षय खन्ना, आशुतोष राणा और दिव्या दत्ता जैसे कलाकारों ने भी अहम भूमिका निभाई है।

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन