हिंदी सिनेमा में ऐसी कई लव स्टोरीज हैं, जो कभी मुकम्मल नहीं हो पाईं। इस लव स्टोरी में कभी कोई तीसरा तो कभी अपना ही विलेन बन गया। 80 के दशक में रिलीज हुई 'लव स्टोरी' से रातों-रात स्टार बनीं विजयता पंडित के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ। विजयता पंडित को इस फिल्म में काम करते हुए फिल्म के हीरो यानी कुमार गौरव से प्यार हो गया और कुमार गौरव भी उन्हें अपना दिल दे बैठे। लेकिन, एक्टर के सुपरस्टार पिता राजेंद्र कुमार उनकी लव स्टोरी में रोड़ा बन गए। राजेंद्र कुमार को बेटे कुमार गौरव का विजयता पंडित के साथ रिश्ता मंजूर नहीं था, जिसके चलते दोनों का रिश्ता टूट गया।
Related Stories
डेब्यू फिल्म से ही स्टार बन गई थीं विजयता पंडित
विजयता पंडित 1981 में अपने डेब्यू के साथ ही हर तरफ छा गईं और फिल्म निर्माताओं की भी पहली पसंद बन गईं, लेकिन सुपरस्टार के बेटे प्यार में पड़कर उनका करियर बर्बाद हो गया। इसका खुलासा खुद विजयता पंडित ने किया था। लहरें रेट्रो के साथ बात करते हुए विजयता पंडित ने बताया था कि कैसे कुमार गौरव ने राज कपूर की बेटी रीमा से रिश्ता तोड़कर और उन्हें भी धोखा देकर संजय दत्त की बहन नम्रता दत्त से शादी कर ली थी।
तेरे लिए प्रिंसेस लाऊंगा
विजयता पंडित ने एक्टर के साथ अपनी लव स्टोरी पर बात करते हुए कहा था- 'वह पहला लड़का था, जिसे मैंने गले से लगाया था। ये अनुभव मेरे लिए एकदम नया था। हम दोनों को प्यार हो गया। फिल्म की 3 महीने कश्मीर में शूटिंग चली और कुमार गौरव मुझसे बहुत आकर्षित थे। वह मेरे पीछे रहते थे, लेकिन मेरे लिए सिचुएशन थोड़ी डिफरेंट थी, क्योंकि मेरी बहन मेरे साथ रहती थी। मेरी बहन मुझे उनसे बात करने से मना करती थी, फिर भी मुझे उनसे प्यार हो गया। लेकिन, उनके पिता राजेंद्र कुमार इसके खिलाफ थे। उन्हें ये पसंद नहीं था, जिसके चलते दोनों के बीच काफी लड़ाई भी होती थी। राजेंद्र कुमार ने कुमार गौरव से कहा- मैं तुम्हारे लिए प्रिंसेस लेकर आऊंगा।'
लव स्टोरी के बीच ही सगाई कर दी
विजयता पंडित ने आगे कहा था- 'राजेंद्र कुमार और राज कपूर की पहले ही बात हो गई थी कि दोनों रीमा और गौरव की शादी करेंगे। हमारा रिलेशनशिप चल रहा था और इसी बीच गौरव और रीमा की सगाई हो गई। मैं भी उनकी सगाई में सज-धजकर गई थी। मैंने उनके हाथ में बड़ी सी डायमंड की रिंग देखी और कहा- बंटी (कुमार गौरव) ये रिंग बहुत ही खूबसूरत है, ये सुनकर वह गुस्सा हो गए और रीमा के सामने ही रिंग उतारकर कहा कि अगर तुम्हें नहीं पसंद तो मैं नहीं पहनूंगा। उस दौरान रीमा भी हमारे साथ खड़ी थीं। मैंने कहा, ये पागल हो रहा है और मैं वहां से निकल गई।'
सगाई के बाद भी आते थे घर
विजयता पंडित ने अपने इंटरव्यू में यह भी दावा किया था कि कुमार गौरव, रीमा से सगाई के बाद भी उनसे मिलने आते थे। उन्होंने कहा- 'वो सगाई के बाद भी मेरे घर आता था, जिस पर मेरे पिता काफी नाराज हुए थे। उन्होंने कुमार गौरव को समझाया कि वह यहां ना आया करें, क्योंकि तुम्हारी सगाई राज कपूर की बेटी से हो गई है। बंटी ने कहा- मेरी सगाई हो गई है, लेकिन मैं शादी विजयता से ही करूंगा। उन्होंने मेरी मां के सामने कसम खाई कि वह मुझसे शादी करेंगे और थोड़े दिन बाद पता चला कि उनका नम्रता दत्त से अफेयर था।' विजयता के अनुसार, कुमार गौरव और नम्रता दत्त की सगाई तुड़वाने में उनका कोई हाथ नहीं था। उन्होंने ये भी दावा किया कि एक फिल्म के बाद उन्हें राजेंद्र कुमार के चलते कोई काम नहीं मिला।