मोहित सूरी की फिल्म 'सैयारा' इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर छाई है। फिल्म 18 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज हुई है और 105 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन कर चुकी है। इस बीच फिल्म से डेब्यू करने वाले अहान पांडे भी काफी चर्चा में हैं। पहली ही फिल्म से अहान पांडे स्टार बन चुके हैं और सफलता का स्वाद चख रहे हैं। बॉक्स ऑफिस पर ये फिल्म धड़ाधड़ कमाई कर रही है। मोहित सूरी डायरेक्टेड इस फिल्म को देखने के लिए थिएटर्स में दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ रही है। फिल्म में अनीत पड्डा, अहान पांडे के साथ लीड रोल में हैं। सैयारा में अहान ने कृष कपूर और अनीत ने वाणी की भूमिका निभाई है, लेकिन क्या आप जानते हैं अहान की रियल लाइफ वाणी कौन है? सैयारा की रिलीज के साथ ही अहान पांडे की रूमर्ड गर्लफ्रेंड की काफी चर्चा हो रही है।
इस एक्ट्रेस संग जुड़ रहा है अहान पांडे का नाम
अहान पांडे का नाम इन दिनों मॉडल और एक्ट्रेस श्रुति चौहान के साथ जुड़ रहा है। दरअसल, सैयारा की सक्सेस के बाद श्रुति चौहान ने एक पोस्ट शेयर किया था, जिसने हर किसी का ध्यान अपनी तरफ खींच लिया। अपने पोस्ट में श्रुति ने अनीत पड्डा, मोहित सूरी की जमकर तारीफ की। लेकिन, अहान पांडे के लिए उन्होंने जो लिखा, उसने डेटिंग रूमर्स को हवा दे दी। अपने पोस्ट में श्रुति ने अहान के लिए लिखा - 'उस लड़के के लिए जिसने अपनी पूरी जिंदगी इस पल का ख्वाब देखा। उसने तब भी विश्वास रखा जब कोई और नहीं रख पाया। जिसने इस एक पल के लिए अपना सब कुछ झोंक दिया। जो इस मुकाम का सबसे अधिक हकदार है। ये स्टेज तुम्हारा है अहान। आई लव यू सो मच, तुम पर मुझे गर्व है। मैं बस यही दुआ कर रही हूं कि तुम्हारे लिए ऐसे कई और मौके आएं। अब दुनिया को तुम्हारी काबिलियत का पता चल जाएगा।'
क्या सच में श्रुति चौहान को डेट कर रहे हैं अहान?
श्रुति के पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर उनके और अहान के रिलेशनशिप की रूमर्स फैलने लगीं। एक तरफ जहां सोशल मीडिया यूजर अहान और श्रुति के इंस्टाग्राम पोस्ट्स के जरिए ये पता लगाने में जुटे हैं कि दोनों सच में एक-दूसरे को डेट कर रहे हैं दूसरी तरफ इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार अहान पांडे और श्रुति चौहान एक-दूसरे को डेट नहीं कर रहे हैं। सूत्रों के हवाले से न्यूज पोर्टल को मिली खबर के अनुसार, अहान और श्रुति की डेटिंग की खबरें सिर्फ अफवाहें हैं, इनमें कोई सच्चाई नहीं है। एक्ट्रेस ने ये पोस्ट सिर्फ अहान को सपोर्ट करने के लिए की थी।
कौन हैं श्रुति चौहान?
श्रुति चौहान एक एक्ट्रेस और मॉडल हैं और जयपुर की रहने वाली हैं और 28 साल की हैं। उन्होंने ज्योति विद्यापीठ कॉलेज से आर्ट्स की पढ़ाई की है। वह जुबिन नौटियाल के म्यूजिक वीडियो 'हद से' में नजर आई थीं और जोया अख्तर की 'गली बॉय' का भी हिस्सा रह चुकी हैं। इस फिल्म में उन्होंने माया का किरदार निभाया था। श्रुति चौहान इंस्टाग्राम पर भी काफी फेमस हैं। उनके इंस्टाग्राम पर 226K से ज्यादा फॉलोअर हैं।
सोशल मीडिया पर ग्लैमरस तस्वीरों की भरमार
श्रुति इंस्टाग्राम पर काफी एक्टिव हैं और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उनकी कई तस्वीरें मौजूद हैं, जिनमें उनका ग्लैमरस और खूबसूरत अवतार देखने को मिलता है। इंस्टाग्राम पर श्रुति को कई नामी सितारे भी फॉलो करते हैं, जिनमें अलाया एफ, अनन्या पांडे, अलिजेह अग्निहोत्री, सुहाना खान, रणवीर सिंह, नव्या नवेली नंदा, रणवीर सिंह, अनन्या पांडे, ईशान खट्टर और पलक तिवारी जैसे चर्चित नाम शामिल हैं।