1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. कौन थे विक्रम गायकवाड़, जिनकी मौत पर फूटे बॉलीवुड के आंसू, आमिर से लेकर रणवीर सिंह हुए भावुक

कौन थे विक्रम गायकवाड़, जिनकी मौत पर फूटे बॉलीवुड के आंसू, आमिर से लेकर रणवीर सिंह हुए भावुक

 Written By: Jaya Dwivedie @JDwivedie
 Published : May 11, 2025 02:57 pm IST,  Updated : May 11, 2025 02:57 pm IST

बीते दिन खबर आई कि विक्रम गायकवाड़ का निधन हो गया। इनकी मौत ने पूरे बॉलीवुड को उदास कर दिया। कई नामी सितारे जैसे आमिर खान, अनुष्का शर्मा, रणवीर सिंह इनके निधन पर दुख जता रहे हैं। अब लोग जानना चाहते हैं कि आखिर ये कौन थे? जानने के लिए नीचे स्क्रोल करें।

Aamir vikram ranveer singh- India TV Hindi
आमिर खान, विक्रम गायकवाड़ और रणवीर सिंह। Image Source : INSTAGRAM

विक्रम गायकवाड़ का शनिवार को निधन हो गया, वो पेशे से बॉलीवुड के नामी मेकअप आर्टिस्ट थे। उन्होंने अपने लंबे करियर में कई बॉलीवुड फिल्मों में काम किया और कई फिल्मी सितारों के करीबी रहे। 'दंगल', 'संजू', 'ओमकारा', '83', 'उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक' और 'पोन्नियिन सेलवन' जैसी फिल्मों में उनके काम की सराहना हुई। आमिर खान, अनुष्का शर्मा, रणवीर सिंह, ऐश्वर्या राय जैसे कई सितारों का उन्होंने मेकअप किया था। अब उनके निधन से बॉलीवुड उदास है और कई सितारे उनके जाने का गम बर्दाश्त नहीं कर पा रहे हैं। बॉलीवुड के कई नामी सितारों ने उनकी मौत पर शोक जाहिर किया है। अनुष्का शर्मा, आमिर खान, अर्जुन कपूर, रणवीर सिंह और परिणीति चोपड़ा समेत कई बॉलीवुड अभिनेताओं ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरीज पर श्रद्धांजलि दी। 

कौन थे विक्रम

विक्रम गायकवाड़ एक राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता मेकअप आर्टिस्ट थे। सिनेमा में उन्होंने मेकप को एक अलग स्तर पहुंचाया था। उनके काम को अलग पहचान मिली थी और ये किसी परिवर्तनकारी काम से कम नहीं था। विक्राम को इसके लिए काफी सराहा गया। विक्रम को सात मौकों पर सर्वश्रेष्ठ मेकअप आर्टिस्ट का अवॉर्ड मिला। उन्होंने बार नेशनल अवॉर्ड अपने नाम किए। उन्होंने 2012 में विद्या बालन अभिनीत 'डर्टी पिक्चर' के लिए सर्वश्रेष्ठ मेकअप आर्टिस्ट का अवॉर्ड जीता। उन्होंने 2014 में बंगाली फिल्म जातिश्वर के लिए भी पुरस्कार जीता। उन्होंने 'सरदार' फिल्म से अपने शानदार करियर की शुरुआत की थी।

इन फिल्मों में किया काम

हिंदी, मराठी और दक्षिण भारतीय फिल्मों में विक्रम काम कर चुके थे। उन्होंने 'शकुंतला देवी', 'तानाजी: द अनसंग वॉरियर', 'पीके', '3 इडियट्स', 'बालगंधर्व', 'कट्यार कलजात घुसाली' और 'ओ कधल कनमनी' में अभिनेताओं के साथ काम किया। उनके शानदार काम की लिस्म में 'दिल्ली -6', 'कमीने', 'इश्किया', 'भाग मिल्खा भाग', 'लोकमान्य', 'फत्तेशिकस्त' और 'शेर शिवराज' भी शामिल हैं।

Vikram Gaikwad
Image Source : INSTAGRAMविक्रम गायकवाड़ के मौत पर रिएक्शन।

भाई ने बताई मौत की वजह

शनिवार को मुंबई के एक अस्पताल में उनका निधन हो गया। विक्रम के छोटे भाई डॉ प्रसन्ना परांजपे ने पीटीआई को बताया, 'उन्हें तीन दिन पहले रक्तचाप की समस्या के कारण पवई के हीरानंदानी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। आज सुबह करीब 8.30 बजे उनका निधन हो गया। उनका रक्तचाप कम हो रहा था और हम उन्हें बचा नहीं पाए। जब ​​उन्हें भर्ती कराया गया था, तब वे बिल्कुल ठीक थे। हमें उम्मीद नहीं थी कि वे इतनी जल्दी इस दुनिया से चले जाएंगे।' बीते दिन उनका अंतिम संस्कार दादर के शिवाजी पार्क श्मशान घाट पर किया गया।

बॉलीवुड स्टार्स का रिएक्शन

परिणीति चोपड़ा ने विक्रम की एक तस्वीर शेयर की और लिखा, 'हमारे महान विक्रम दादा। शांति से आराम करें। आपके साथ काम करना, आपसे सीखना, आपका जादू देखना सम्मान की बात थी। हमेशा आपका सम्मान करूंगा।' रणवीर सिंह ने लिखा, 'दादा (कबूतर, नजर ताबीज, अनंत प्रतीक, हाथ जोड़े हुए और दिल टूटने वाले इमोजी)।' आमिर ने लिखा, 'यह बहुत दुख की बात है कि हम महान मेकअप आर्टिस्ट विक्रम गायकवाड़ को अलविदा कहते हैं। मुझे उनके साथ दंगल, पीके और रंग दे बसंती जैसी फिल्मों में काम करने का सौभाग्य मिला। वह अपने काम के सच्चे उस्ताद थे और उनके काम ने कई अभिनेताओं को अविस्मरणीय किरदारों में बदल दिया जो स्क्रीन पर हमेशा के लिए जीवित रहेंगे। मेरे और AKP के सभी लोगों की ओर से परिवार के प्रति हार्दिक संवेदना। हम आपको याद करेंगे दादा।'

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन