1. होम
  2. मनोरंजन
  3. मूवी रिव्यू
  4. रजनीकांत कुली फिल्म समीक्षा

Coolie Movie Review: रजनीकांत ने उठाया एंटरटेनमेंट का बीड़ा, नागार्जुन संग इस एक्टर की पॉवर पैक्ड परफॉर्मेंस ने जीता दिल

 Written By: Himanshi Tiwari
 Published : Aug 14, 2025 04:03 pm IST,  Updated : Aug 14, 2025 04:43 pm IST

लोकेश कनगराज के डायरेक्शन में बनी रजनीकांत स्टारर 'कुली' स्वतंत्रता दिवस के एक दिन पहले सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। सोशल मीडिया पर नागार्जुन और आमिर खान की खूब तारीफ हो रही है तो ऐसे में चलिए जानते हैं कि फिल्म में कितना दम है।

Coolie Movie Review
रजनीकांत फिल्म कुली रिव्यू Photo: X/@RAMESHLAUS
  • फिल्म रिव्यू: रजनीकांत कुली फिल्म समीक्षा
  • स्टार रेटिंग 3.5/5
  • पर्दे पर: August 14,2025
  • डायरेक्टर: Lokesh Kanagaraj
  • शैली: Action/Thriller

थलाइवा रजनीकांत के फिल्म इंडस्ट्री में 50 साल पूरे होने की खुशी में लोकेश कनगराज ने उन्हें ट्रिब्यूट देते हुए पॉवर पैक मास एंटरटेनर फिल्म 'कुली' रिलीज की है। स्वतंत्रता दिवस के ठीक एक दिन पहले 14 अगस्त को 2025 की मोस्ट अवेटेड फिल्म ने सिनेमाघरों में दस्तक देते ही तहलका मचा दिया है। लोकेश कनगराज द्वारा निर्देशित 'कुली- द पावरहाउस' नागार्जुन, श्रुति हासन, सत्यराज और आमिर खान जैसे सितारों से सजी एक बिग बजट फिल्म है। फिल्म की लोकप्रियता को देखते हुए उम्मीदें आसमान छू रही थीं और दर्शकों के बीच इस मूवी को देखने का क्रेज इतना ज्यादा था कि इसके शो सुबह से ही शुरू हो गए थे। फिल्म में साउथ सुपरस्टार रजनीकांत को खूंखार विलेन बने नागार्जुन और सोबिन शाहिर से अपने दोस्त की मौत का बदला लेते हुए दिखाया गया है, जिसमें उनका साथ 19 कुली देते हैं। साथ ही फिल्म में रजनीकांत और श्रुति हासन के बीच पिता और बेटी की खूबसूरत बॉन्ड को भी दिखाया गया है, जिसके लिए एक्टर अपनी जान की बाजी लगा देता है। आइये आपको हमारे रिव्यू में बताते हैं कि ये फिल्म कैसी है।

कुली की धांसू कहानी

कहानी की शुरुआत होती है साइमन जेवियर (अक्किनेनी नागार्जुन) से जो एक तस्करी नेटवर्क चलाता है। इसमें साइमन का साथ उसका भरोसेमंद आदमी दयाल (सोबिन शाहिर) देता है जो अंडरकवर पुलिस कांस्टेबल है। वह उसकी मदद से सोने की घड़ियों और लोगों के अंगों की तस्करी करता है। वहीं, साइमन का बेटा अर्जुन कस्टम अधिकारी बन जाता है और अपने पिता के बुरे कामों से दूर रहने की कोशिश करता है। फिल्म में देखने को मिलता है कि एक पुलिस अधिकारी बंदरगाह के कुली के रूप में अंडरकवर होकर साइमन के कामों की जानकारी निकालने की कोशिश करता है, लेकिन दयाल उसे खोज लेता है और मार डालता है। कुछ ही समय बाद दयाल घोषणा करता है कि कुलियों में पुलिस का एक और अंडरकवर अधिकारी भी शामिल है और उसकी पहचान बताने वाले को 2 करोड़ रुपये का इनाम मिलेगा। दूसरी तरफ, देवराज 'देवा' (रजनीकांत) एक मेसन चलाता है, जहां स्टूडेंट्स को कम पैसों में रहने को जगह दी जाती हैं। उस मेसन में उन स्टूडेंट्स के अलावा देवा को मिलकर कुल 19 कुली भी रहते हैं। वहां पर रहने वालों के लिए एक नियम भी था कि धूम्रपान और शराब पीना मना है। कहानी में नया मोड़ तब आता है जब देवा को पता चलता है कि उसके दोस्त राजशेखर (सत्यराज) की मौत हो गई है। यहीं से शुरू होता है खूनी खेल का वो तमाशा, जिसके बारे में कोई कल्पना भी नहीं कर सकता है।

'कुली' के सॉलिड फर्स्ट हाफ में देखने को मिलेगा कि देवा अपने दोस्त राजशेखर की अतिंम विदाई में जाता है, जहां उसे पता चलता है कि उसकी हत्या की गई है। इस दौरान श्रुति हासन की एंट्री होती है, जिसने फिल्म में प्रिती का किरदार निभाया है। वह देवा से नफरत करती है। कमाल की बात यह है कि देवा को कहानी के अंत के पहले पता चल जाता है कि उसके दोस्त की बेटी ही उसकी औलाद, जिसे राजशेखर ने पाला-पोसा था। लेकिन, देवराज उसे यह बात कभी नहीं बताता है। वहीं 'कुली' में जब रजनीकांत का किरदार देव अपने दोस्त के हत्यारे का पता लगा रहा होता है तो उस वक्त उसे शेखर की बनाई गई एक ऐसी कुर्सी के बारे में पता चलता है, जिसमें मरे हुए जानवर को बैठकर जलाकर राख कर सकते हैं। लेकिन, इस बारे में साइमन को भी पता चल जाता है और वह उसे उनके दुश्मनों को राख करने के लिए मजबूर करता है, जिसके बदले उसे अपनी बेटियों की पढ़ाई के लिए पैसे देता है। कहानी यहीं खत्म नहीं होती है आगे ये काम देवा और प्रिती साथ में करते हैं ताकि वह राजशेखर की मौत का बदला उसके हत्यारे से ले सकें।

इसी दौरान देवा और प्रिती की मुलाकात साइमन से होती है जो उन्हें बताता है कि उसके दोस्त की मौत का जिम्मेदार कौन है? फिर क्या यही से शुरू होती है बदले की वो खौफनाक कहानी, जिसे देख दर्शक सिनेमाघरों में हूटिंग करने लगे। साइमन के बेटे को दयाल मार देता है और देवा की बेटी को भी किडनैप कर लेता है। इसके बाद दयाल की सच्चाई साइमन के सामने आ जाती है और वह उसकी पत्नी को उसी के सामने बेरहमी से मार डालता है। वहीं साइमन, देवा को धमकी देता है कि वह उसके दोस्त की बेटी को भी खत्म कर देगा, लेकिन वह ऐसा नहीं कर पाता है। देवराज उसे याद दिलाता है कि उसने ही उसके पिता जेवियर को भगवान के पास पहुंचाया था क्योंकि उसने 500 से ज्यादा कुलियों को झूठे ड्रग्स के केस में फंसाया था। यह जान वह आग बबूला हो जाता है और फिर फिल्म में वो सीन दिखाया जाता है, जिसका दर्शकों को बेसब्री से इंतजार होता है। रजनीकांत और नागार्जुन की लड़ाई, जिसमें देवा ड्रग्स स्मगलर साइमन का किस्सा खत्म कर देता है। इसमें उनका साथ तेलुगु फिल्मों के स्टार उपेंद्र राव देते हैं, जिन्होंने कुली कलीशा का किरदार निभाया है।

'कुली' का क्लाइमैक्स बहुत ही जबरदस्त था। फिल्म के अंत में बॉलीवुड सुपरस्टार आमिर खान की दाहा के रोल में धांसू एंट्री होती है। कहानी में देखने को मिलता है कि दाहा और देवराज दोस्त बन जाते हैं और साथ में काम करने का फैसला करते हैं, लेकिन कुली की कहानी जिस तरह खूनी खेल से शुरू हुई थी वैसे ही खत्म हुई है। देवा ने जिस आस्तीन के सांप दयाल को बचाया था। उसे मारकर उसकी लाश को जमीन में गाड़ देता है।

फिल्म 'कुली' का डायरेक्शन

निर्देशक फिल्म की कहानी को स्क्रीन पर दिखाने के लिए एक विजन तैयार करता है और उसे दर्शकों के सामने पेश करता है। ये काम लोकेश कनगराज ने बहुत ही अच्छे से किया। लोकेश कनगराज ने फिल्म 'कुली' का डायरेक्शन बहुत ही शानदार तरीके से किया गया है। डायरेक्शन की वजह से फिल्म की कहानी से लेकर एक्शन तक बहुत ही बेहतरीन तरीके से बड़े पर्दे पर दिखाया है। अपनी एक्शन फिल्मों के लिए मशहूर लोकेश कनगराज ने एक बार फिर दर्शकों को अपने निर्देशन में बनी 'कुली' की स्टार कास्ट, कहानी और डायलॉग्स से इंप्रेस कर दिया है।

थलाइवा का पॉवर पैक्ड एक्शन

फिल्म 'कुली' में रजनीकांत का दमदार एक्शन, धांसू लुक और डायलॉग्स लोगों को बहुत पसंद आ रहे हैं। रजनीकांत ने एक बार फिर अपने एक्शन से तहलका मचा दिया है। 'कुली' के क्लाइमैक्स के बाद और भी जबरदस्त सस्पेंस से भरे सीन और खतरनाक एक्शन देखने को मिलेंगे जो आपको सुपरस्टार की फिर से तारीफ करने पर मजबूर करने वाले हैं।

नागार्जुन-आमिर का रहा जलवा

फिल्म 'कुली' में रजनीकांत के अलावा सुपरस्टार नागार्जुन भी नजर आए। वहीं, कैमियो रोल में आमिर खान दिखाई दिए। बॉलीवुड स्टार आमिर खान दाहा का रोल प्ले कर खूब लाइमलाइट बटोर रहे हैं। वहीं, गैंगस्टर बने नागार्जुन ने साइमन के किरदार में चार चांद लगा दिए। वहीं, 'कुली' में नजर आए सोबिन शाहिर ने अपने धमाकेदार डांस और खूंखान विलेन के रोल में सभी का दिल जीत लिया। फिल्म में पूजा हेगड़े का एक डांस नंबर था, जिसमें उन्हें मोनीका के किरदार में देखा गया। 'कुली' के 'मोनिका' गान में सोबिन शाहिर और पूजा हेगड़े साथ में डांस करते नजर आए।

कुली बैकग्राउंड म्यूजिक

साउंडट्रैक अनिरुद्ध रविचंदर ने तैयार किए है जो 'मास्टर', 'विक्रम' और 'लियो' के बाद अब 'कुली' के बैकग्राउंड म्यूजिक की वजह से छा गए हैं। यह चौथी बार है जब अनिरुद्ध रविचंदर ने लोकेश के लिए काम किया है। वहीं, 'पेट्टा', 'दरबार' (2020), 'जेलर' और 'वेट्टैयान' के बाद रजनीकांत के साथ ये उनकी पांचवीं मूवी है, जिसके लिए उन्होंने म्यूजिक बनाए। ऑडियो राइट्स सन पिक्चर्स कंपनी के पास हैं। इसका पहला गाना 'चिकितु' 25 जून 2025 को और दूसरा सॉन्ग 'मोनिका' 11 जुलाई 2025 को रिलीज हुआ था। फिल्म का बज बनाए रखने के लिए 'कुली' का तीसरा गाना 'पावरहाउस' 22 जुलाई 2025 को रिलीज किया गया। एल्बम के बारी जो एक्शन में सुनाई देने वाले बैकग्राउंड ट्रैक थे, उनके ऑडियो लॉन्च 2 अगस्त 2025 को चेन्नई के नेहरू स्टेडियम में किया गया था। 'कुली' के एक्शन सीन में सुनाई देने वाले बैकग्राउंड म्यूजिक ने इसमें जान फूंक दी है। 

कुली फिल्म एडिटिंग

फिल्म 'कुली' की एडिटिंग बहुत ही शानदार है। फिल्म के हर एक्शन को सीन बहुत ही अच्छे से पेश किया गया है। बता दें कि फिल्म 'कुली' के सिनेमेटोग्राफर गिरीश गंगाधरन और एडिटर फिलोमिन राज हैं। कमाल की बात यह है कि फिल्म में कई जगह एक ऐसा सीन दिखाया गया है, जिसमें इंसान को इस कुर्सी में बैठाकर राख कर दिया जाता है। वो सीन इतना रियलिटी है कि आप खुद सोच में पड़ जाएंगी कि ये मखन जैसी एडिटिंग कैसे की होगी। ऐसे में यह फिल्म 3.5 स्टार की हकदार है।

क्यों देखें ये फिल्म?

'कुली' एक ऐसी फिल्म है, जिसमें हर स्टार को उनके किरदार के अनुसार स्क्रीन स्पेस मिली है। एक्शन से भरपूर इस फिल्म में दोस्ती और रिश्ता को भी बहुत अच्छे से पेश किया गया है। कहानी इतनी सुलझी हुई है कि इसे एक नहीं बल्कि दो बार भी देखा जा सकता है। 2 घंटे 50 मिनट की 'कुली' में हर मिनट धमाकेदार सीन देखने को मिलेंगे। यह रोमांटिक या कॉमेडी फिल्म नहीं है बल्कि रिवेंज पर बनी कुछ कुलियों की कहानी है। अगर आप ऐसी कहानी देखना चाहते हैं तो आप इसे अपने नजदीकी सिनेमा हॉल में देख सकते हैं।

Advertisement