1. होम
  2. मनोरंजन
  3. मूवी रिव्यू
  4. बांद्रा बॉय

Bandra Boy Review: सच से पहले सुर्खियों की होड़, नीरू शर्मा की 'बांद्रा बॉय' ने मचाई धूम, सच्ची घटनाओं से प्रेरित है फिल्म

 Written By: Priya Shukla
 Published : Jul 28, 2026 08:12 pm IST,  Updated : Jul 29, 2026 12:00 am IST

नीरू शर्मा की डेब्यू फिल्म 'बांद्रा बॉय' अब खूब सुर्खियां बटोर रही है। हाल ही में रिलीज हुई इस फिल्म में आह्वान कुमार लीड रोल में हैं और उनके साथ धर्मेंद्र गोहिल, लोचन बरसागड़े और ऐश्वर्या मनोहर जैसे कलाकार भी अहम रोल में हैं।

ahvaan
बांद्रा बॉय। Photo: INSTAGRAM/@AHVAANRJ13
  • फिल्म रिव्यू: बांद्रा बॉय
  • स्टार रेटिंग 3.5/5
  • पर्दे पर: 27 जुलाई, 2026
  • डायरेक्टर: नीरू शर्मा
  • शैली: थ्रिलर

आज के दौर में जब डिजिटल प्लेटफॉर्म्स और सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली फिल्मों पर फिल्म निर्माता करोड़ों खर्च कर देते हैं, इसी बीच कुछ ऐसी फिल्में रिलीज होती हैं, जो कम बजट और किसी बड़े नामी सितारे के बिना भी अपनी कहानी से ही दर्शकों के दिल छू लेती हैं। हाल ही में एक ऐसी ही फिल्म ने दस्तक दी है, जो साहसिक सिनेमाई कोशिश है। न्यूजरूम की दुनिया से फिल्मों की दुनिया में कदम रखने वाली नीरू शर्मा के निर्देशन में बनी 'बांद्रा बॉय' अब दर्शकों के बीच है और इस फिल्म के जरिए नीरू शर्मा ने एक ऐसी दुनिया का दरवाजा खोला है, जिसे लेकर समाज के एक बड़े हिस्से की दिलचस्पी बनी रहती है। फिल्म 'बांद्रा बॉय' एक ऐसी फिल्म है, जो सच और अफवाह के बीच की पतली रेखा को प्रभावी तरीके से दर्शाती है। नीरू शर्मा की फिल्म बताती है कि कैसे सुर्खियां सच से पहले चल जाती हैं, और इन्ही सुर्खियों के चलते धारणाएं किसी ठोस सबूत से पहले बन जाती हैं।

सच्ची घटनाओं से प्रेरित है फिल्म की कहानी

'बांद्रा बॉय' की कहानी की बात करें तो ये सच्ची घटनाओं से प्रेरित फिल्म है, जो न सिर्फ रोमांच देती है, बल्कि दर्शकों को सोचने पर भी मजबूर करती है। फिल्म के टाइटल और इसकी कहानी को देखकर दर्शकों के मन दिमाग में फिल्म इंडस्ट्री का एक चर्चित केस सामने आ जाता है, लेकिन नीरू शर्मा ने जिस अंदाज से इसे पेश किया है, वो देखने लायक है। फिल्म की कहानी एक मशहूर हस्ती सिद्धार्थ ओबेरॉय (आह्वान कुमार) से शुरू होती है, जिसे पुलिस एक छापे के दौरान पकड़ लेती है। लेकिन, सिद्धार्थ के पास न तो ड्रग्स मिलते हैं और न ही उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आती है मगर उसे फंसाने का खेल खत्म होने का नाम नहीं लेता। वहीं सिद्धार्थ का पिता देवराज ओबेरॉय (धर्मेंद्र गोहिल) मामले को खत्म करने के लिए करोड़ों की सौदेबाजी करता है और इसी बीच एक वीडियो वायरल होता है, जिससे कहानी में एक नया मोड़ आ जाता है। फिल्म का क्लाईमैक्स बेहद जबरदस्त है।

कैसी है एक्टिंग?

एक्टिंग की बात करें तो अह्वान कुमार ने अपने किरदार को बहुत अच्छे से निभाया है। धर्मेंद्र गोहिल की दमदार अदाकारी उनके किरदार को बिल्कुल असली जैसा महसूस कराती है। सहायक कलाकार यश पेडणेकर, लोचन बरसागड़े, पवन तिवारी, श्याम थोंबरे, ऐश्वर्या मनोहर और हिमांशी मंडलिया ने भी अपने-अपने रोल को पूरी ईमानदारी से निभाया है। फिल्म सिर्फ 21 मिनट की है, लेकिन इसके सभी किरदार कहानी में अपनी अहम भूमिका निभाते हैं। यही बात Bandra Boy को एक सफल शॉर्ट फिल्म बनाती है। इसे देखते समय ऐसा लगता है जैसे आप एक पूरी फीचर फिल्म देख रहे हों। यही वजह है कि इस फिल्म को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी काफी सराहना मिली है। न्यूयॉर्क इंटरनेशनल वुमन फेस्टिवल में भी इस फिल्म ने विजेता का खिताब हासिल किया है।

कैसा है निर्देशन

निर्देशन की बात करें तो नीरू शर्मा की यह पहली फिल्म है, लेकिन इसे देखकर ऐसा बिल्कुल नहीं लगता। उन्होंने कहानी को सादगी और समझदारी के साथ पर्दे पर उतारा है। फिल्म की कहानी शुरू से आखिर तक दर्शकों को बांधे रखती है और अपने मुख्य विषय से कहीं नहीं भटकती। मीडिया और जनमत जैसे गंभीर मुद्दों को भी फिल्म में बहुत आसान और स्वाभाविक ढंग से दिखाया गया है। तकनीकी पक्ष भी फिल्म की बड़ी ताकत है। कौशल महावीर का बैकग्राउंड म्यूजिक हर दृश्य का असर बढ़ाता है। आयुष शाह की शानदार सिनेमैटोग्राफी फिल्म को खूबसूरत बनाती है, वहीं संदीप कुरुप की सधी हुई एडिटिंग कहानी की रफ्तार को बनाए रखती है। कुल मिलाकर, पूरी टीम की मेहनत फिल्म को एक मजबूत और यादगार अनुभव बनाती है।

वर्डिक्ट

यह फिल्म दर्शकों को सोचने पर मजबूर करती है कि कई बार लोगों के बारे में बिना पूरी सच्चाई जाने ही राय बना ली जाती है। कैसे कई बार जल्दबाजी किसी इंसान की छवि खराब कर देती है, जिसका असर उसके पूरे करियर पर पड़ सकता है। 'बांद्रा बॉय' नीरू शर्मा के निर्देशन की शानदार शुरुआत है। इसका सबसे बड़ा श्रेय नीरू शर्मा को जाता है। मीडिया की दुनिया से जुड़े कई लोग आगे चलकर सफल फिल्म निर्देशक बने हैं। अब नीरू शर्मा का नाम भी इस सूची में जुड़ता हुआ दिखाई देता है। यह तो उनके सफर की शुरुआत है और उम्मीद है कि आने वाले समय में दर्शकों को उनके निर्देशन में कई अच्छी फिल्में देखने को मिलेंगी।

ये भी पढ़ेंः Musafir Cafe Review: भागदौड़ भरी जिंदगी के बीच सुकून की एक धीमी चुस्की, विक्रांत मैसी का फिर चला जादू

Advertisement