1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. ओटीटी
  4. फिर लौट रहे भठकंडी के डॉ प्रभात, Panchayat से पहले मचेगा तहलका, तय हुई 'ग्राम चिकित्सालय 2' की रिलीज डेट

फिर लौट रहे भठकंडी के डॉ प्रभात, Panchayat से पहले मचेगा तहलका, तय हुई 'ग्राम चिकित्सालय 2' की रिलीज डेट

 Written By: Jaya Dwivedie @JDwivedie
 Published : Jun 04, 2026 02:00 pm IST,  Updated : Jun 04, 2026 02:00 pm IST

डॉ. प्रभात की वापसी होने जा रही है, 'पंचायत' से पहले ही 'ग्राम चिकित्सालय' के नए सीजन की रिलीज का ऐलान हो गया है। टीवीएफ की चहेती वेब सीरीज की रिलीज डेट का भी ऐलान हो गया है।

Gram Chikitsalaya 2- India TV Hindi
ग्राम चिकित्सालय 2 Image Source : IMDB

इस साल की शुरुआत में ही प्राइम वीडियो ने अपनी अपकमिंग फिल्मों और वेब सीरीज की सूची जारी कर दी थी। इसमें TVF की कई फिल्में और सीरीज शामिल थी। इसमें 'पंचायत', 'एस्पिरेंट्स' और 'ग्राम चिकित्सालय' जैसी सफल सीरीज का भी नाम है। 'एस्पिरेंट्स' का नया सीजन पहले ही रिलीज कर दिया गया है और अब 'पंचायत' की रिलीज से पहले 'ग्राम चिकित्सालय' को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं। मेकर्स ने इसकी रिलीज डेट का आज ऐलान कर दिया है। 7.1 IMDb रेटिंग वाली वेब सीरीज वापसी के लिए पूरी तरह तैयार है। इस सीरीज का अब तक एक सफल सीजन आया हैं, जिसमें 5 एपिसोड्स हैं। अब दूसरे सीजन पर लोगों की निगाहें टिकी हैं।

कब आएगी सीरीज?

प्राइम वीडियो ने आज दर्शकों का इंतजार खत्म कर दिया और 23 जून को सीरीज की रिलीज तय कर दी है। ललितम तिवारी के निर्देशन में बनी सीरीज 'ग्राम चिकित्सालय' को द वायरल फीवर ने प्रोड्यूस किया है, जिसकी कहानी वैभव सुमन और श्रेया श्रीवास्तव ने लिखी है। भठकंडी नाम के एक काल्पनिक गांव पर आधारित यह दिल को छू लेने वाली कॉमेडी-ड्रामा सीरीज में इस बार भी 5 एपिसोड्स होने की चर्चाएं हैं। इस बार भी हंसी-मजाक और जज्बातों से भरे अपने सफर के जरिए देश के गांवों में स्वास्थ्य सेवा की कड़वी सच्चाइयों को ये सीरीज उजागर करने वाली है। इस सीरीज में गांव के लोगों के जुझारूपन, उनका प्यार और उनके अनोखे अंदाज को भी बखूबी दिखाया गया है।

वेब सीरीज का कास्ट

ग्राम चिकित्सालय में  अमोल पाराशर, आकाश मखीजा, आनंदेश्वर द्विवेदी, विनय पाठक, आकांक्षा रंजन कपूर और गरिमा विक्रांत सिंह  फिर से अपने-अपने किरदारों में नजर आने वाले हैं, जबकि इस सीजन में दिनेश लाल यादव ने भी एक अहम किरदार निभाया है। नया सीजन भारत के साथ-साथ दुनिया भर के 240 देशों एवं क्षेत्रों में 23 जून को सिर्फ प्राइम वीडियो पर हिंदी में प्रीमियर के लिए तैयार है।

कैसी होगी कहानी?

पहला सीजन जहां खत्म हुआ था, वहीं से इसके आगे की कहानी शुरू होती है। इस नए सीजन में भी डॉ प्रभात (अमोल पाराशर ) का सफर जारी है जो भठकंडी के एक बदहाल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को फिर से पहले जैसा बनने के अपने मिशन में जुटे हैं। गांव वालों के मन में थोड़ा शक होने के बाद भी वे धीरे-धीरे उनका भरोसा तो जीत लेते हैं, लेकिन उनके जीवन की मुश्किलें खत्म होने का नाम ही नहीं लेतीं। कहानी में इस बार सिद्धांतों और कड़वी हकीकत के बीच के जबरदस्त टकराव को दिखाने का प्रयास किया गया हैं। डॉ प्रभात को इस बार समझ आएगा कि गांव के अस्पताल को चलाने के लिए सिर्फ डॉक्टरी की पढ़ाई ही काफी नहीं होती है, बल्कि कई और योजनाओं का भी ध्यान देना पड़ता है।

क्या है मेकर्स का कहना?

इस मौके पर प्राइम वीडियो इंडिया के डायरेक्टर और कंटेंट लाइसेंसिंग हेड मनीष मेघानी ने कहा , 'दर्शकों की पसंद धीरे-धीरे बदलती जा रही है और हमने देखा है कि अब उन्हें सिर्फ शहरों की ही नहीं, बल्कि गांव की मिट्टी से जुड़ी कहानियां भी खूब पसंद आ रही हैं। ग्राम चिकित्सालय ने रोजमर्रा के आम जीवन को दर्शाने वाली कहानी और दिल को छू लेने वाले जज्बातों के जरिए इसी ट्रेंड को दर्शकों के सामने पेश किया है। पहले सीजन को मिले जबरदस्त प्यार के बाद, हमें गांव की कहानी दिखाने वाले इस कॉमेडी-ड्रामा का अगला भाग दर्शकों के सामने लाते हुए बेहद खुशी हो रही है।'

ये भी पढ़ें: शाहरुख खान ने किया तगड़ा प्रैंक, घबरा गए अर्जुन रामपाल और प्रीति जिंटा, सैफ भी मान बैठे सच, पूरी टीम की हो गई सिट्टी पिट्टी गुम

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। OTT से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन