1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. ओटीटी
  4. वरुण धवन-जाह्नवी कपूर की करण जौहर संग हुई थी अनबन, किस बात पर बिफर गए थे डायरेक्टर? KWK 9 में सामने आई वजह

वरुण धवन-जाह्नवी कपूर की करण जौहर संग हुई थी अनबन, किस बात पर बिफर गए थे डायरेक्टर? KWK 9 में सामने आई वजह

 Written By: Priya Shukla
 Published : Oct 29, 2026 01:43 pm IST,  Updated : Oct 29, 2026 01:43 pm IST

'कॉफी विद करण 9' में वरुण धवन ने करण जौहर के साथ अपने मनमुटाव के बारे में बात की और इसके पीछे की वजह भी बताई। उन्होंने बताया कि कैसे एक फिल्म की रिलीज डेट के चलते दोनों के बीच अनबन हो गई, जिसकी शुरुआत में वरुण को भनक भी नहीं लगी।

karan johar- India TV Hindi
करण जौहर, जाह्नवी कपूर, वरुण धवन। Image Source : INSTAGRAM/@KARANJOHAR

'कॉफी विद करण' सीजन 9 के नए एपिसोड में वरुण धवन और जाह्नवी कपूर गेस्ट बनकर पहुंचे, जहां दोनों ने अपने करियर और निजी जिंदगी पर खुलकर बात की। शो में दोनों ने करण जौहर ने अपनी दोस्ती के एक मुश्किल दौर के बारे में खुलकर बात की। दरअसल, बीते कुछ महीने पहले ऐसी चर्चा थी कि जाह्नवी कपूर और करण जौहर के बीच मतभेद की खबरें सामने आई थीं। ऐसे में अब जाकर इस मनमुटाव की वजह सामने आई है। करण जौहर के शो में दोनों स्टार्स की बातचीत से पता चला कि एक फिल्म की रिलीज डेट को लेकर हुए मतभेद और एक मामूली से कमेंटके कारण करण ने जाह्नवी कपूर और वरुण धवन से बात करना बंद कर दिया था। बातचीत के दौरान ये भी खुलासा हुआ कि वरुण को शुरू में पता ही नहीं चला कि करण उनसे नाराज हैं, हालांकि जाह्नवी को उनके बीच चल रहे तनाव की जानकारी थी।

करण जौहर ने वरुण धवन से बात करना क्यों बंद कर दिया?

बातचीत के दौरान, वरुण ने बताया कि कैसे करण ने अचानक उन्हें जवाब देना बंद कर दिया था। उन्होंने कहा, 'इस रूम में दो ऐसे लोग हैं, जिनसे करण ने बात करना बंद कर दिया था। उन्होंने बस बिना कुछ कहे हमसे दूरी बना ली और बात करना छोड़ दिया। जाह्नवी को इस बात की जानकारी थी कि करण उनसे नाराज हैं, लेकिन मुझे नहीं पता था कि वो मुझसे भी नाराज हैं। मुझे लगा ही नहीं था कि करण मेरे साथ भी नाराज हो सकते हैं।' इस पर जाह्नवी, वरुण को याद दिलाती हैं कि उन्होंने करण को 'बच्चा' कहा था। वरुण अपनी बात पर कायम रहे और बोले, 'मैंने उन्हें बच्चा कहा था, इसमें बुरा मानने वाली कोई बात नहीं है। मैं आज भी अपनी बात पर कायम हूं।'

फिल्म की रिलीज पर हुई अनबन

करण जौहर ने बताया कि ये अनबन तब शुरू हुई जब वरुण ने अपनी एक फिल्म की रिलीज उसी तारीख पर रख दी, जिस तारीख पर करण की भी एक फिल्म 'रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' रिलीज होने वाली थी। करण के मुताबिक, इस बात से उन्हें बुरा लगा क्योंकि वह पहले से ही अपनी फिल्म के लिए एक सही रिलीज डेट ढूंढ़ने में काफी परेशान हो रहे थे। करण ने कहा, 'मैं अपनी एक फिल्म रिलीज कर रहा था, और उसी तारीख पर तुम भी आ गए। क्या मुझे बुरा नहीं लगना चाहिए?'

वरुण धवन ने करण जौहर को पहले ही दे दी थी जानकारी

बातचीत के दौरान वरुण ने कहा कि उन्होंने पहले ही करण को इस बारे में बता दिया था कि उनकी फिल्म भी उसी तारीख पर रिलीज हो सकती है, लेकिन करण का कहना है कि वरुण ने सिर्फ संभावना जताई थी। करण बोलते हैं- 'तुमने कहा था कि 'हो सकता है', लेकिन रिलीज डेट तय नहीं थी। और मुझे उसी डेट पर आना पड़ा, क्योंकि कोई और रिलीज डेट खाली नहीं थी। फिर तुम भी उसी डेट पर आ गए, मगर मैं चुप रहा। मैंने कोी जवाब नहीं दिया। मैंने फोन नहीं उठाया और तुम्हारे मैसेज का भी जवाब नहीं दिया। मुझे सबसे ज्यादा बुरा तब लगा, जब तुमने कहा- 'बच्चों की तरह बर्ताव करना बंद करो।' इस पर वरुण कहते हैं- 'इसमें बुरा मानने वाली क्या बात है? आप खुद को यंग दिखाने की कोशिश में लगे हैं और बच्चे जैसे दिख रहे हैं।'

करण ने बताई नाराजगी की वजह

करण जौहर वरुण धवन की बात सुनकर कहते हैं- 'मैंने तुमसे कभी ये नहीं कहा कि मैं बच्चों जैसा दिखना चाहता हूं। एक लिमिट होती है, मैं तुमसे प्यार करता हूं और तुम ये बात जानते हो। हम दोस्त हैं, लेकिन हर चीज की एक लिमिट होती है, जिसे पार नहीं करना चाहिए और उस मैसेज के जरिए तुमने वही किया। तुम समझ ही नहीं पाए कि मैं क्या करना चाह रहा था।'

वरुण धवन ने दी सफाई

करण जौहर की बात सुनकर वरुण बताते हैं कि वह करण से अपने रिश्ते की तुलना अपने माता-पिता के साथ अपने रिश्ते से करते हैं। वह कहते हैं कि वह कई बार अपने माता-पिता से भी ये पूछ लेते हैं कि वह बच्चों की तरह बर्ताव क्यों कर रहे हैं। वरुण कहते हैं- 'हमारे बीच पिता और बेटे जैसा रिश्ता है। मैं पापा से भी कई बार कहता हूं कि बच्चों कि तरह क्यों बर्ताव कर रहे हैं? कई बार मां से भी यही कहता हूं।' इस पर करण असहमति जताते हुए कहते हैं- 'तुम अपनी मां और पापा से चाहे जैसा व्यवहार करो, मुझसे तुम ऐसा नहीं कह सकते।'

जाह्नवी कपूर ने बताया कि इस अनबन का उन पर क्या असर पड़ा

जाह्नवी ने करण के साथ हुई अनबन के भावनात्मक असर के बारे में भी बात की। उस दौर को याद करते हुए उन्होंने कहा, "हमारी लड़ाई में बहुत दर्द था।' करण ने माना कि उन्हें दोनों कलाकारों से दुख पहुंचा था। उन्होंने कहा, 'मुझे आप दोनों से ही दुख पहुंचा था।' इस पर जाह्नवी ने कहा- 'जब हमारी बातचीत बंद हुई, तो मेरा वजन बढ़ गया। मेरा वजन 6 किलो बढ़ गया था। जब हमने फिर से बात करना शुरू किया, तो मेरा वजन कम होने लगा।' करण ने आगे कहा कि उनकी अनबन बिल्कुल किसी ब्रेकअप जैसी लग रही थी। उन्होंने कहा, 'जाह्नवी और मैंने बिल्कुल ऐसे बर्ताव किया जैसे हमारा ब्रेकअप हो गया हो।'

ये भी पढ़ेंः प्रियंका चोपड़ा ने मनाया करवाचौथ, पिया निक जोनास के लिए लाल जोड़े में सजीं देसी गर्ल, बेटी मालती ने लगाई मेहंदी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। OTT से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन।