1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. ओटीटी
  4. जब कंगाली की कगार पर पहुंच गया था भारत, मनोज बाजपेयी की फिल्म 'गवर्नर' खोलेगी इतिहास के पन्ने, ट्रेलर में दिखी झलक

जब कंगाली की कगार पर पहुंच गया था भारत, मनोज बाजपेयी की फिल्म 'गवर्नर' खोलेगी इतिहास के पन्ने, ट्रेलर में दिखी झलक

 Written By: Jaya Dwivedie @JDwivedie
 Published : May 26, 2026 05:16 pm IST,  Updated : May 26, 2026 05:16 pm IST

विपुल अमृतलाल शाह की ‘गवर्नर’ का ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है। मनोज बाजपेयी उस अनसुने हीरो की कहानी लेकर आए हैं जिसने भारत को कंगाल होने से बचाया था। 36 साल पुराने इतिहास को पहली बार बड़े पर्दे पर दिखाया जाएगा।

manoj bajpayee- India TV Hindi
मनोज बाजपेयी। Image Source : STILL FROM GOVERNOR TRAILER

भारतीय सिनेमा में इतिहास के अनसुने और संवेदनशील पन्नों को पर्दे पर लाने का चलन तेजी से बढ़ा है। इसी कड़ी में विपुल अमृतलाल शाह की सनशाइन पिक्चर्स के बैनर तले बनी नई फिल्म 'गवर्नर' दर्शकों के बीच आने के लिए तैयार है। इस फिल्म का निर्देशन मराठी सिनेमा के जाने-माने निर्देशक चिन्मय मांडलेकर ने किया है, जबकि मुख्य भूमिका में राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता अभिनेता मनोज बाजपेयी नजर आएंगे। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर चर्चित रही 'द केरल स्टोरी' के निर्माताओं की अगली प्रस्तुति है। हाल ही में फिल्म का ट्रेलर जारी किया गया है, जो दर्शकों को भारत के इतिहास के एक बेहद चुनौतीपूर्ण दौर से रूबरू कराता है।

36 साल पुराना दौर

फिल्म 'गवर्नर' की कहानी काल्पनिक न होकर वास्तविक ऐतिहासिक घटनाओं पर आधारित है। यह फिल्म मुख्य रूप से साल 1990 के उस दौर को दिखाती है जब भारत एक अभूतपूर्व आर्थिक संकट और दिवालियापन की कगार पर पहुंच गया था। ट्रेलर में देश की गिरती हुई आर्थिक स्थिति, उसके कारण आम जनता में फैला आक्रोश और सड़कों पर मचे हाहाकार को सरलता से दर्शाया गया है। इस गंभीर संकट के समय देश की व्यवस्था को संभालने और भारत को आर्थिक रूप से डूबने से बचाने के लिए जो कड़े और ऐतिहासिक कदम उठाए गए थे, यह फिल्म उसी के इर्द-गिर्द घूमती है।

मनोज बाजपेयी और अदा शर्मा का अभिनय

इस फिल्म में मनोज बाजपेयी एक केंद्रीय भूमिका में हैं, जहां वह रिजर्व बैंक के 'गवर्नर' के एक बेहद संजीदा और कड़क किरदार को निभा रहे हैं। उनके करियर में यह पहला मौका है जब वह इस तरह की भूमिका में बड़े पर्दे पर दिखाई देंगे। उनके साथ फिल्म में अभिनेत्री अदा शर्मा भी एक महत्वपूर्ण किरदार में नजर आने वाली हैं। ट्रेलर में दोनों ही कलाकारों के बीच के दृश्यों और संवादों को काफी पसंद किया जा रहा है। फिल्म के संवाद काफी सीधे और प्रभावशाली रखे गए हैं, जो आम दर्शकों को उस समय की जटिल आर्थिक परिस्थितियों को समझने में मदद करते हैं।

युवाओं के लिए विशेष स्क्रीनिंग

फिल्म के निर्माताओं ने हाल ही में देश के युवाओं के लिए एक विशेष स्क्रीनिंग का आयोजन किया था। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आज की पीढ़ी को साल 1990 के इस बड़े आर्थिक घटनाक्रम से परिचित कराना था, क्योंकि कई युवा इस ऐतिहासिक बदलाव से वाकिफ नहीं थे। इस दौरान युवाओं को न सिर्फ ट्रेलर देखने को मिला, बल्कि उन्हें फिल्म की स्टारकास्ट और मेकर्स से बातचीत करने का अवसर भी मिला। तकनीकी पक्ष की बात करें तो इस फिल्म की कहानी और पटकथा को सुवेंदु भट्टाचार्य, सौरभ भारत, रवि असरानी और खुद विपुल अमृतलाल शाह ने मिलकर लिखा है। फिल्म के सह-निर्माता आशिन ए शाह हैं। इसके अलावा फिल्म का एक और बड़ा आकर्षण इसका संगीत है। जाने-माने गीतकार जावेद अख्तर के लिखे गानों को संगीतकार अमित त्रिवेदी ने अपनी धुनों से सजाया है। यह फिल्म 12 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है।

ये भी पढ़ें:  Made in India: A Titan Story: विदेशी घड़ियों के दौर में जब JRD टाटा और जरक्सीज देसाई ने ठाना, ऐसे वजूद में आया टाइटन, अब OTT पर छाएगी कहानी            

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। OTT से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन