1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. 'जासूस मत बनिए', गोविंदा-कोमल रानी की डेटिंग की चर्चाओं पर भड़कीं कुब्रा सैत, गोविंदा के सपोर्ट में उठाए सवाल

'जासूस मत बनिए', गोविंदा-कोमल रानी की डेटिंग की चर्चाओं पर भड़कीं कुब्रा सैत, गोविंदा के सपोर्ट में उठाए सवाल

 Written By: Jaya Dwivedie
 Published : Sep 30, 2026 03:29 pm IST,  Updated : Sep 30, 2026 03:29 pm IST

कुब्रा सैत ने गोविंदा और कोमल रानी स्वर्णकार की डेटिंग अफवाहों पर प्रतिक्रिया देते हुए लोगों से निजी जिंदगी में दखल न देने की अपील की। उन्होंने कहा, फैन बनिए और गॉसिप को जजमेंट मत बनाइए।

Kubbra Sait- India TV Hindi
कुब्रा सैत। Image Source : KUBBRA SAIT INSTAGRAM

बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा की निजी जिंदगी पिछले कुछ समय से लगातार चर्चा में है। अभिनेत्री और उनकी को-स्टार कोमल रानी स्वर्णकार के साथ अभिनेता की कई मौकों पर मौजूदगी ने उनके रिश्ते को लेकर अफवाहों को हवा दी है। दोनों को एयरपोर्ट से लेकर मुंबई के लालबागचा राजा तक साथ देखा गया, जिसके बाद सोशल मीडिया पर तरह-तरह की अटकलें लगाई जाने लगीं। इस बीच अभिनेत्री कुब्रा सैत ने गोविंदा के बचाव में आवाज उठाई है। उन्होंने इन चर्चाओं को महज गॉसिप बताते हुए लोगों से किसी की निजी जिंदगी पर फैसला सुनाने से बचने की अपील की है।

गोविंदा के सपोर्ट में उतरीं कुब्रा सैत

बुधवार को कुब्रा सैत ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा किया। इसमें उन्होंने गोविंदा और कोमल रानी को लेकर चल रही चर्चाओं पर सवाल उठाए। कुब्रा ने कहा कि आखिर लोग कब किसी कलाकार के फैन से उसकी निजी जिंदगी की जांच-पड़ताल करने वाले बन गए। उन्होंने गोविंदा को याद करते हुए कहा कि वह खुद उनकी फिल्में देखकर बड़ी हुई हैं और उनके लिए अभिनेता 90 के दशक के बड़े सुपरस्टार, आइकन और लीजेंड रहे हैं। कुब्रा ने कहा कि आज अगर कोई महिला किसी अभिनेता के आसपास नजर आ जाए या उसके साथ दिखाई दे, तो तुरंत उसे ‘मिस्ट्री वुमन’ या ‘कथित गर्लफ्रेंड’ कहना शुरू कर दिया जाता है। उन्होंने सवाल किया कि आखिर ऐसी बातों का निष्कर्ष कौन निकाल रहा है और किस आधार पर किसी के रिश्ते को लेकर इस तरह की धारणाएं बनाई जा रही हैं।

यहां देखें वीडियो

‘गॉसिप कब जजमेंट बन गई?’

कुब्रा ने साफ किया कि वह गोविंदा को व्यक्तिगत तौर पर नहीं जानतीं, लेकिन उनकी पत्नी सुनीता आहूजा से उनकी मुलाकात हो चुकी है। उन्होंने सुनीता को मजाकिया, बेबाक और शानदार व्यक्तित्व वाली महिला बताया। हालांकि कुब्रा को इस बात पर आपत्ति है कि अफवाहों के बाद सुनीता या किसी अन्य महिला से बार-बार सफाई देने की उम्मीद की जाती है। अभिनेत्री ने कहा कि जिस तरह की अटकलें लोग खुद शुरू करते हैं, बाद में उसी पर संबंधित लोगों से जवाब मांगना उचित नहीं है। उन्होंने सवाल किया कि आखिर गॉसिप कब गॉसिप न रहकर किसी व्यक्ति के बारे में फैसला सुनाने का जरिया बन गई।

‘फैन बनकर रहिए, निजी जिंदगी में दखल न दें’

कुब्रा ने अपने वीडियो में सोशल मीडिया पर किसी की निजी जिंदगी को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां करने और सिर्फ वायरल होने के लिए वीडियो बनाने की प्रवृत्ति पर भी बात की। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में रहने वाले लोगों का काम और उनकी निजी जिंदगी अलग-अलग चीजें हैं। उन्होंने महिलाओं के सम्मान का मुद्दा उठाते हुए कहा कि महिलाओं का सम्मान सिर्फ किसी बड़ी या गंभीर घटना के बाद प्रतिक्रिया देने तक सीमित नहीं होना चाहिए। रोजमर्रा की जिंदगी में भी महिलाओं की पसंद और निजी फैसलों का सम्मान किया जाना चाहिए। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी महिला को अपनी जिंदगी या फैसलों के लिए बार-बार सफाई देने के लिए मजबूर नहीं किया जाना चाहिए। कुब्रा ने अंत में लोगों को सलाह दी कि अगर किसी के बारे में अच्छी बात नहीं कह सकते तो कुछ न कहें और सिर्फ उसके फैन बनकर उसकी कला का आनंद लें।

गोविंदा ने भी अफवाहों पर दी सफाई

गोविंदा और कोमल रानी स्वर्णकार के रिश्ते को लेकर चर्चाएं उस समय तेज हुईं, जब दोनों को अलग-अलग मौकों पर साथ देखा गया। खासतौर पर एयरपोर्ट और लालबागचा राजा में उनकी मौजूदगी के बाद सोशल मीडिया पर डेटिंग की अटकलें लगने लगीं। इस बीच गोविंदा ने इन खबरों को खारिज करते हुए कहा था कि कोमल के साथ उनका रिश्ता पेशेवर है। अभिनेता के मुताबिक लालबागचा राजा जाने का मकसद भी उनकी फिल्म ‘रूपा’ की सफलता के लिए प्रार्थना करना था। गोविंदा ने इन चर्चाओं को लेकर यह दावा भी किया कि उनके और उनके परिवार के बीच दूरी पैदा करने तथा उनकी छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने इसे एक रणनीतिक रूप से योजनाबद्ध प्रयास बताया था।

ये भी पढ़ें: ‘बहन को पीटा था’, पूजा भट्ट से मारपीट के बाद रणवीर शौरी पर फूटा था राहुल भट्ट का गुस्सा, तोड़ दी थी पसली

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन।