1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. ओटीटी
  4. सनी देओल ने की रिजेक्ट, अजय देवगन का भी कटा पत्ता, फिल्म पाकर सुपरस्टार बना एक्टर, बजट से 3 गुना की थी कमाई

सनी देओल ने की रिजेक्ट, अजय देवगन का भी कटा पत्ता, फिल्म पाकर सुपरस्टार बना एक्टर, बजट से 3 गुना की थी कमाई

 Written By: Priya Shukla
 Published : Jun 07, 2025 11:47 pm IST,  Updated : Jun 07, 2025 11:47 pm IST

एक इंटरव्यू के दौरान, सुनील दर्शन ने उस फिल्म का खुलासा किया जो पहले सनी देओल और बाद में अजय देवगन को ऑफर की गई। लेकिन, दोनों ही अभिनेता इस फिल्म का हिस्सा नहीं बन सके और फिल्म किसी और ही एक्टर के खाते में आ गिरी, जो बाद में सुपरहिट साबित हुई।

Sunny Deol- India TV Hindi
सनी देओल, अजय देवगन। Image Source : INSTAGRAM

कई ऐसी ब्लॉकबस्टर फिल्में हैं, जिनकी कहानी तो किसी और ही एक्टर को ध्यान में रखते हुए लिखी गई थी, लेकिन आखिरी मौके पर जाकर किसी और के हाथ लग गई। वैसे भी फिल्म की कहानी शुरू होने से लेकर सिल्वर स्क्रीन तक पहुंचने से पहले कई ऐसे मोड़ लेती है, जिसके बारे में मेकर्स ने सोचा भी नहीं होता। ऐसी ही एक फिल्म साल 1999 में रिलीज हुई थी, जिसके लिए पहले सनी देओल और अजय देवगन को अप्रोच किया गया था, लेकिन दोनों ही सुपरस्टार्स के इनकार के बाद ये फिल्म किसी और ही अभिनेता के हाथ जा लगी, जो आज हिंदी सिनेमा का सुपरस्टार है।

अक्षय कुमार के करियर के लिए टर्निंग पॉइंट साबित हुई ये फिल्म

फिल्ममेकर और प्रोड्यूसर सुनील दर्शन ने इंडिया टुडे के साथ बातचीत में 1999 में रिलीज हुई फिल्म 'जानवर' के बारे में बात की, जो अक्षय कुमार के करियर के लिए टर्निंग पॉइंट साबित हुई। बातचीत के दौरान सुनील दर्शन ने खुलासा किया कि इस फिल्म के लिए सनी देओल और अजय देवगन दोनों को मुख्य भूमिका के लिए संपर्क किया गया था, लेकिन वे अलग-अलग स्टेज में इस प्रोजेक्ट से अलग हो गए, जिसके बाद फिल्म में अक्षय कुमार को कास्ट किया गया। फिल्म में अक्षय कुमार के साथ शिल्पा शेट्टी और करिश्मा कपूर नजर आई थीं।

सनी देओल संग बिगड़ी बात

फिल्म में अक्षय कुमार की कास्टिंग के बारे में चर्चा करते हुए सुनील दर्शन ने कहा- 'जानवर में शुरुआत में सनी देओल और अजय देवगन में से किसी को लिया जाना था, लेकिन दोनों ही एक्टर किसीना किसी वजह से फिल्म का हिस्सा नहीं बन सके। जानवर अक्षय कुमार के लिए कभी नहीं लिखी गई थी। पहले सनी देओल को अप्रोच किया गया, वह तैयार भी हो गए। लेकिन, जैसे ही हम इस पर काम शुरू करने वाले थे कुछ चीजों को लेकर हमारे बीच में मतभेद हो गए और वह फिल्म से अलग हो गए। मैंने किसी और के साथ इस प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाने का फैसला लिया।'

एक ही रात में बदल गया सब

सुनील दर्शन ने आगे कहा, 'एक शनिवार को मैं और अजय देवगन मिले और फिल्म पर सहमति बन गई। हम सोमवार को सब कुछ तय करने वाले थे, लेकिन रविवार को ही सब कुछ बदल गया। डायरेक्टर को एक कॉल आया। यह कॉल किसी ऐसे व्यक्ति से आया था, जिससे मैं पहले कभी नहीं मिला था, वह अक्षय कुमार थे। वह तुरंत मिलना चाहते थे। मैंने उनका स्वागत किया और उन्होंने जानवर में अभिनय करने की अपनी इच्छा व्यक्त की। उन्होंने पूछा, 'क्या आप मेरे साथ फिल्म बनाने के बारे में सोचेंगे?'

Akshay kumar
Image Source : IMDB1999 में रिलीज हुई थी जानवर।

4 करोड़ के बजट में 12 करोड़ की कमाई

सुनील दर्शन ने माना कि शुरुआत में वह फिल्म में अक्षय कुमार को 'जानवर' में कास्ट करने में हिचकिचा रहे थे। उन्होंने कहा- 'वह अपने करियर के सबसे लो पॉइंट पर थे। जैसे-तैसे मैं राजी हो गया। मेरे मन में उन्हें लेकर चल रहा था कि, यहां एक गुड लुकिंग एक्टर है, जो अनुशासित है और अपना 100 प्रतिशत देने वाला है। उन्होंने मुझसे कहा भी- सर मैं अपना 100 प्रतिशत दूंगा और उनके शब्द मेरे साथ रह गए।' 4 करोड़ के प्रोडक्शन बजट के साथ जानवर ने 12 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन किया। बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त कमाई के साथ ही इस फिल्म ने अक्षय कुमार के करियर को भी नई उड़ान दी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। OTT से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन