1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. ओटीटी
  4. सस्पेंस से लबरेज है 8 एपिसोड वाली मर्डर मिस्ट्री सीरीज, सपने में भी नहीं सोचा होगा दिमाग हिलाने वाला क्लाइमेक्स, बेहतरीन है रेटिंग

सस्पेंस से लबरेज है 8 एपिसोड वाली मर्डर मिस्ट्री सीरीज, सपने में भी नहीं सोचा होगा दिमाग हिलाने वाला क्लाइमेक्स, बेहतरीन है रेटिंग

 Written By: Jaya Dwivedie @JDwivedie
 Published : Mar 27, 2026 10:33 pm IST,  Updated : Mar 27, 2026 10:33 pm IST

क्या आप ओटीटी पर फिल्में और सीरीज देखने के शौकीन हैं? क्या आपको सस्पेंस से भरी मर्डर मिस्ट्री पसंद हैं? अगर आपका जवाब हां है तो आपको ये मर्डर मिस्ट्री सीरीज अपनी वॉच लिस्ट में जरूर जोड़ लेनी चाहिए।

Vadhandhi The Fable of Velonie- India TV Hindi
सीरीज से लिया गया एक स्टिल। Image Source : PRIME VIDEO

आजकल ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर फिल्में और वेब सीरीज देखने का क्रेज सातवें आसमान पर है। लोग सिनेमाघरों के बजाय अपने घर की सुख-सुविधा में बैठकर थ्रिलर और सस्पेंस का आनंद लेना पसंद करते हैं। अगर आप भी इस वीकेंड कुछ ऐसा तलाश रहे हैं जो आपकी रातों की नींद उड़ा दे और आपको अंत तक सोचने पर मजबूर कर दे तो हम आपके लिए एक ऐसी जबरदस्त मर्डर मिस्ट्री लेकर आए हैं, जिसे देखने के बाद आप दंग रह जाएंगे। क्राइम थ्रिलर के शौकीनों के लिए यह सीरीज किसी तोहफे से कम नहीं है। इस सीरीज को तगड़ी रेटिंग भी मिली है। ये सीरीज आपको 'दृश्यम', 'अंधाधुन' और 'कहानी' वाला फील जरूर देगी।

सस्पेंस का असली ठिकाना

हम बात कर रहे हैं साल 2022 में आई चर्चित क्राइम थ्रिलर सीरीज ‘वधांधी: द फेबल ऑफ वेलोनी’ की। साउथ सिनेमा खासकर तमिल फिल्मों और सीरीज को पसंद करने वाले दर्शकों के बीच इस सीरीज का जबरदस्त क्रेज देखने को मिलता है। इस सीरीज में कुल 8 एपिसोड हैं, जो सस्पेंस और रहस्यों की एक ऐसी परत खोलते हैं कि दर्शक स्क्रीन से नजरें नहीं हटा पाते। 'वधांधी' शब्द का अर्थ 'अफवाहें' है और पूरी सीरीज इसी के इर्द-गिर्द बुनी गई है कि कैसे समाज में उड़ती अफवाहें किसी की जिंदगी और सच को पूरी तरह बदल सकती हैं।

सीरीज का प्लॉट

सीरीज की शुरुआत एक बेहद शांत और खूबसूरत कस्बे से होती है। कहानी हमें वेलोनी नाम की एक सुंदर लड़की की दुनिया में ले जाती है, जिसकी जिंदगी जितनी रहस्यमयी है, उसकी मौत उससे भी ज्यादा पेचीदा। एक दिन अचानक एक शूटिंग स्पॉट पर वेलोनी की लाश संदिग्ध अवस्था में मिलती है। इस घटना के बाद पूरे कस्बे में सनसनी फैल जाती है। जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ती है, वैसे-वैसे कहानी अफवाहों के जाल में फंसती जाती है। एक ईमानदार पुलिस अधिकारी इस गुत्थी को सुलझाने की कोशिश करता है, लेकिन वह खुद झूठ और धोखे के ऐसे चक्रव्यूह में फंस जाता है जहां हर मोड़ पर एक नया सच और एक नया झूठ खड़ा होता है।

शानदार अभिनय करते दिखे ये सितारे

इस सीरीज की सबसे बड़ी ताकत इसके कलाकार और उनका अभिनय है। इसमें दिग्गज अभिनेता एस.जे. सूर्या ने मुख्य भूमिका निभाई है, जिन्होंने एक पुलिस अधिकारी के रूप में बेहतरीन काम किया है। उनके अलावा सीरीज में लैला, एम. नासिर, विवेक प्रसन्ना, कुमारन और स्मृति वेंकट जैसे मंझे हुए कलाकारों की टुकड़ी नजर आती है। हर कलाकार ने अपने किरदार की गहराई को बखूबी पकड़ा है। सीरीज का निर्देशन और लेखन इतना सधा हुआ है कि हर एपिसोड के खत्म होने पर दर्शक खुद को एक नए सवाल के साथ खड़ा पाते हैं। सस्पेंस का स्तर ऐसा है कि आप आखिरी एपिसोड तक कातिल का अंदाजा नहीं लगा पाएंगे।

क्यों देखें यह सीरीज और कहां है उपलब्ध?

अगर आप मर्डर मिस्ट्री और क्राइम ड्रामा के शौकीन हैं तो 'वधांधी' आपके लिए मस्ट वॉच है। इसे IMDb पर 7.9 की शानदार रेटिंग मिली है, जो दिखाती है कि इसकी कहानी दमदार है। यह सीरीज केवल तमिल में ही नहीं, बल्कि हिंदी, तेलुगू, मलयालम और कन्नड़ भाषाओं में भी उपलब्ध है, जिससे इसे देशभर के दर्शक आसानी से देख सकते हैं। सस्पेंस, थ्रिलर और किरदारों की भावनाओं का जो मिश्रण यहां देखने को मिलता है, वो वाकई अनोखा अनुभव देगा। आप इस रोमांचक सफर का आनंद अमेजन प्राइम वीडियो पर ले सकते हैं। यह सीरीज न केवल आपको मनोरंजन देगी, बल्कि समाज के उस चेहरे को भी उजागर करेगी जहां लोग बिना सोचे-समझे दूसरों के बारे में राय बना लेते हैं। इस वीकेंड अपनी वॉचलिस्ट में 'वधांधी' को जरूर शामिल करें।

ये भी पढ़ें: 'चट्टान की तरह उनके साथ हूं', मुस्लिम एक्टर से सोनाक्षी सिन्हा की शादी पर शत्रुघ्न सिन्हा ने किया रिएक्ट, बातों से जीते दिल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। OTT से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन