1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. ओटीटी
  4. 'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' में हुआ धोखा? सुनील पाल ने खोला समय रैना के साथ रोस्टिंग विवाद का सच

'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' में हुआ धोखा? सुनील पाल ने खोला समय रैना के साथ रोस्टिंग विवाद का सच

 Written By: Jaya Dwivedie @JDwivedie
 Published : May 08, 2026 02:44 pm IST,  Updated : May 08, 2026 02:44 pm IST

'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' में हुए हालिया विवाद को लेकर सुनील पाल ने चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने रोस्टिंग और समय रैना से हुई बातचीत को लेकर जवाब दिया और बताया कि सच्चाई क्या है।

Sunil pal samay raina- India TV Hindi
सुनील पाल और समय रैना। Image Source : NETFLIX

नेटफ्लिक्स पर प्रसारित होने वाले 'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' का हालिया 'लाफ्टर डे' स्पेशल एपिसोड इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। इस एपिसोड में कपिल शर्मा ने स्टैंडअप कॉमेडी की दुनिया के उभरते सितारे समय रैना और मशहूर पॉडकास्टर रणवीर इलाहाबादिया को गेस्ट के रूप में आमंत्रित किया था। हालांकि शो में असली हलचल तब शुरू हुई जब कपिल ने पुराने दिग्गज कॉमेडियन सुनील पाल की सरप्राइज एंट्री कराई। इस रीयूनियन ने न केवल दर्शकों को चौंकाया, बल्कि विवादों और स्पष्टीकरणों का एक नया सिलसिला भी शुरू कर दिया।

पुरानी अदावत और ऑन-स्क्रीन रीयूनियन

सुनील पाल और समय रैना का इतिहास काफी विवादास्पद रहा है। दोनों के बीच वैचारिक मतभेद इतने गहरे थे कि समय अक्सर अपने शोज में सुनील पाल को रोस्ट करते नजर आते थे, वहीं सुनील पाल ने भी एक समय में स्टैंडअप कॉमेडियंस को लेकर बेहद सख्त और विवादित टिप्पणियाँ की थीं। ऐसे में जब ये दोनों कलाकार कपिल के मंच पर एक साथ आए तो माहौल में तनाव और व्यंग्य का मिश्रण साफ देखा गया। शो के दौरान शब्दों की जंग शुरू हुई और जल्द ही सुनील पाल, समय और कपिल के निशाने पर आ गए। दर्शकों को लगा कि यह पूरी तरह से सुनील पाल को रोस्ट करने के लिए रचा गया एक सुनियोजित ड्रामा था।

सुनील पाल ने तोड़ी चुप्पी

एपिसोड प्रसारित होने के बाद सोशल मीडिया पर यह बहस छिड़ गई कि क्या सुनील पाल को केवल बेइज्जत करने के लिए बुलाया गया था? इन अटकलों पर विराम लगाते हुए सुनील पाल ने हाल ही में एक साक्षात्कार में अपनी स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने बताया कि उन्हें शो पर यह कहकर बुलाया गया था कि उन्हें वहां स्टैंडअप कॉमेडी परफॉर्म करनी है। सुनील इसी तैयारी के साथ गए थे, लेकिन मंच पर स्थितियां बदल गईं। उन्होंने कहा, 'मुझे लगा था कि मुझे अपना एक्ट करने का मौका मिलेगा, लेकिन वहां सिर्फ वही बातचीत और नोक-झोंक हुई जो दर्शकों ने पर्दे पर देखी।'

रोस्टिंग पर सुनील पाल का नजरिया

जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्हें शो में बुलाकर उनके साथ धोखा किया गया तो उन्होंने बहुत ही परिपक्वता से जवाब दिया। सुनील ने कहा कि वे इसे 'धोखा' जैसा बड़ा शब्द नहीं देंगे, लेकिन यह सच है कि जो सोचकर वे गए थे, वैसा वहां नहीं हुआ। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि शो के दौरान हुई रोस्टिंग से उन्हें बुरा नहीं लगा क्योंकि यह सब मनोरंजन का हिस्सा था। उनके अनुसार अगर वे चाहते तो पलटवार कर सकते थे, लेकिन उन्होंने माहौल की गरिमा बनाए रखी।

ये भी पढ़ें:  बिना किसी शोर-शराबे के नेटफ्लिक्स टॉप ट्रेंडिंग में पहुंची स्पोर्ट्स ड्रामा, 2 घंटे 39 मिनट में हिलने नहीं देगी फिल्म            

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। OTT से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन