भारतीय ओटीटी स्पेस में मर्डर मिस्ट्री और साइकोलॉजिकल थ्रिलर का चलन पुराना है। हमेशा से ही इस जॉनर की फिल्मों और वेब सीरीज में लोगों को खासा दिलचस्पी रही है। यही वजह थी कि टीवी के दौर में भी 'ब्योमकेश बक्शी' लोगों का पसंदीदा शो था। हर साल इस जॉनर की कुछ शानदार फिल्में रिलीज होती हैं, जो बड़ी उड़ान के साथ नई ऊंचाइयां सेट करती हैं। ऐसी ही एक वेब सीरीज साल 2021 में रिलीज हुई, जिसका नाम 'कैंडी' है। इस सीरीज में लबालब सस्पेंस, मर्डर मिस्ट्री, नशे का जाल और भी कई खौफनाक चीजें थ्रिल के साथ परोसी गई हैं।
'कैंडी' जियो हॉटस्टार पर उपलब्ध है, यह पेशकश सिर्फ एक मर्डर मिस्ट्री नहीं है, बल्कि यह इंसानी लालच, नशे के जाल और पहाड़ों की ओट में छिपे खौफनाक सच की एक गहरी परत है। आठ कड़ियों की यह सीरीज उत्तराखंड के एक काल्पनिक शहर 'रुद्रकुंड' की ठंडी वादियों में रची गई है, जहां का वातावरण जितना शांत दिखता है, उसके पीछे का सच उतना ही विचलित करने वाला है। कहानी की शुरुआत एक बोर्डिंग स्कूल के छात्र की रहस्यमयी मौत से होती है। रुद्रकुंड का शक्तिशाली विधायक अपने बेटे वायु के जरिए पूरे शहर में 'कैंडी' के नाम से ड्रग्स का कारोबार फैला रहा है। वायु का सपना खुद को इस पहाड़ी इलाके का बेताज बादशाह बनाना है, लेकिन जैसे ही बच्चों की हत्याओं का सिलसिला शुरू होता है, शहर में एक नरभक्षी राक्षस मसान के होने की अफवाह उड़ने लगती है।
यहीं पर एंट्री होती है रोनित रॉय की, जो एक ऐसे शिक्षक की भूमिका में हैं जिसने अपना सब कुछ खो दिया है। उनके साथ ऋचा चड्डा एक तेज-तर्रार पुलिस अफसर के रूप में नजर आती हैं। दोनों के अपने-अपने संघर्ष हैं, लेकिन उनका मकसद एक ही है, रुद्रकुंड के इस रहस्यमयी हत्यारे और 'कैंडी' के पीछे के मास्टरमाइंड को बेनकाब करना।
इस सीरीज की सबसे बड़ी ताकत इसके कलाकार हैं। रोनित रॉय ने अपनी गंभीर आवाज और सधे हुए अभिनय से किरदार में जान फूंक दी है। दिलचस्प बात यह है कि इस रोल के लिए निर्माताओं ने पहले अनिल कपूर और अक्षय खन्ना जैसे दिग्गज कलाकारों पर विचार किया था, लेकिन अंततः यह भूमिका रोनित रॉय के पास आई, जिसे उन्होंने बखूबी निभाया। ऋचा चड्डा और मनु ऋषि चड्डा की मौजूदगी कहानी को और अधिक विश्वसनीय बनाती है। हर पात्र के पास अपना एक अतीत है, जो कहानी के वर्तमान को प्रभावित करता है, जिससे दर्शक अंत तक सीरीज से जुड़े रहते हैं।
'कैंडी' केवल मनोरंजन ही नहीं करती, बल्कि यह समाज के काले पक्ष और युवाओं में बढ़ती नशे की लत पर भी प्रहार करती है। ये सीरीज कमाल की है, इसका प्रमाण इसकी 8/10 IMDb रेटिंग पेश करती है और इसे मिले तीन प्रतिष्ठित पुरस्कार ये बताने के लिए काफी हैं कि सीरीज की कहानी दिलचस्प है। मिले हुए अवॉर्ड्स में दादा साहेब फाल्के इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल अवॉर्ड भी शामिल है। सिनेमैटोग्राफी और बैकग्राउंड स्कोर मिलकर एक ऐसा माहौल बनाते हैं जो दर्शक को लगातार बेचैन रखता है। यदि आप कुछ ऐसा देखना चाहते हैं जो आपकी बुद्धि को चुनौती दे और हर पल आपको अगले एपिसोड पर क्लिक करने के लिए मजबूर करे तो 'कैंडी' आपकी लिस्ट में सबसे ऊपर होनी चाहिए। यह सस्पेंस और थ्रिलर का एक ऐसा डार्क कॉकटेल है, जिसका स्वाद आप लंबे समय तक नहीं भूल पाएंगे।
ये भी पढ़ें: पार्टी में मिस्ट्री मैन संग कोजी हुईं मलाइका अरोड़ा, छिपते दिखे वहीं मौजूद रूमर्ड बॉयफ्रेंड, लगने लगीं अटकलें
कौन हैं ईशान किशन की गर्लफ्रेंड अदिति हुंडिया? T20 WC फाइनल में भारत की जीत के बाद एक साथ मनाया जश्न
संपादक की पसंद