ओटीटी की दुनिया के सबसे लोकप्रिय और पसंदीदा हिंदी शोज में से एक ‘गुल्लक’ अपने पांचवें सीजन के साथ दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए पूरी तरह तैयार है। 'मिश्रा परिवार' की खट्टी-मीठी कहानियां हमेशा से ही दर्शकों के दिलों को छूती आई हैं। लेकिन इस बार फैंस के लिए एक बहुत बड़ा झटका भी सामने आया है। सीरीज के सबसे चहेते किरदार यानी बड़े बेटे 'अन्नू भैया' का रोल निभाने वाले अभिनेता वैभव राज गुप्ता इस नए सीजन में नजर नहीं आएंगे। उनकी जगह अब एक नया चेहरा मिश्रा परिवार का हिस्सा बन चुका है। अचानक हुए इस कास्ट रिप्लेसमेंट से शो के फैंस काफी हैरान और निराश हैं और हर कोई जानना चाहता है कि आखिर ऐसा क्या हुआ कि पुराने अन्नू भैया का पत्ता कट गया।
इस वजह से कटा पुराने अन्नू भैया का पत्ता
शो की रिलीज की उल्टी गिनती के बीच मेकर्स की ओर से एक सोर्स ने बताया कि वैभव राज गुप्ता के शो छोड़ने की असली वजह क्या है। सूत्र के मुताबिक ‘गुल्लक’ में अन्नू का किरदार निभाकर घर-घर में मशहूर हुए वैभव ने इस सीजन के लिए अपनी फीस में भारी बढ़ोतरी की मांग की थी। पोस्ट में यहां तक दावा किया गया है कि पिछले सीजन में भी उन्हें शो के कुल बजट के अनुपात में काफी मोटी फीस दी गई थी। इस बार जब उन्होंने अपनी फीस और ज्यादा बढ़ाने की डिमांड रखी, तो मेकर्स के लिए बजट को संभाल पाना मुश्किल हो गया।
विवाद के बाद मेकर्स ने खोज लिया नया चेहरा
चूंकि ‘गुल्लक’ अपनी सादगी और सीमित बजट में बेहतरीन कहानी पेश करने के लिए जाना जाता है, इसलिए इसके निर्माता TVF और स्ट्रीमिंग पार्टनर सोनी लिव के लिए वैभव की इस भारी-भरकम डिमांड को पूरा करना मुमकिन नहीं था। अगर मेकर्स उनकी बात मान लेते तो शो के बेसिक प्रोडक्शन खर्चों में कटौती करनी पड़ती और बाकी कलाकारों की फीस पर भी इसका सीधा असर पड़ता। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फीस के इसी मुद्दे को लेकर वैभव और मेकर्स के बीच एक बड़ा विवाद हुआ और बात सहमति पर नहीं बन पाई। इसके बाद मेकर्स ने तुरंत नया रास्ता निकाला और सुपरहिट फिल्म ‘12वीं फेल’ से अपनी खास पहचान बनाने वाले टैलेंटेड एक्टर अनंत वी जोशी को नए 'अन्नू भैया' के रोल के लिए साइन कर लिया। हालांकि इस पूरे मामले पर अभी तक वैभव या मेकर्स की तरफ से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
नए चेहरे के साथ 5 जून से सजेगी मिश्रा परिवार की महफिल
तमाम विवादों और बदलावों के बीच ‘गुल्लक’ सीजन 5, 5 जून को सोनी लिव पर स्ट्रीम होने के लिए पूरी तरह तैयार है। भले ही अन्नू भैया का चेहरा बदल गया हो, लेकिन मिश्रा परिवार का बाकी का पुराना कुनबा इस बार भी धमाल मचाने आ रहा है। शो में जमील खान (संतोष मिश्रा - पिता), गीतांजलि कुलकर्णी (शांति मिश्रा - मां) और हर्ष मायर (अमन मिश्रा - छोटा बेटा) अपने पुराने अंदाज में नजर आएंगे। इनके अलावा सुनीता राजवार (बिट्टू की मम्मी), गोपाल दत्त, हेली शाह और मनुज शर्मा भी इस सीजन में अपनी अदाकारी का तड़का लगाएंगे। पलाश वासवानी, अमृत राज गुप्ता और श्रेयांश पांडे के निर्देशन में बनी यह सीरीज एक बार फिर मध्यमवर्गीय परिवार के करियर, खर्चों और रिश्तों के ताने-बाने को पर्दे पर जीवंत करेगी।
ये भी पढ़ें: 'पैसा मायने नहीं रखता', क्या 'बंदर' के लिए बॉबी देओल ने ली मोटी फीस? स्टारडम को छोड़ एक्टर ने चुना दमदार किरदार