1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. टीवी
  4. एक्टर रोहित चंदेल पर लगा 16 साल की नाबालिक संग छेड़छाड़ का आरोप, POCSO के तहत केस दर्ज, आरोपी गिरफ्तार

एक्टर रोहित चंदेल पर लगा 16 साल की नाबालिक संग छेड़छाड़ का आरोप, POCSO के तहत केस दर्ज, आरोपी गिरफ्तार

 Reported By: Saket Rai Written By: Himanshi Tiwari
 Published : Jul 11, 2026 11:40 am IST,  Updated : Jul 11, 2026 11:40 am IST

एक्टर रोहित चंदेल पर 16 साल की नाबालिक लड़की के साथ छेड़छाड़ करने का आरोप लगा है। पुलिस ने POCSO के तहत केस दर्ज करने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।

Rohit Chandel- India TV Hindi
रोहित चंदेल पर लगा नाबालिक संग छेड़छाड़ का आरोप Image Source : INSTAGRAM/@THEROHITCHANDEL

मशहूर टेलीविजन एक्टर रोहित चंदेल को लेकर हैरान करने वाली खबर सामने आई है, जो इन दिनों टीवी सीरियल 'सैरब' में नजर आ रहे हैं। पुलिस की जानकारी के अनुसार एक्टर को पूर्वी उपनगर में 16 साल की लड़की का पीछा करने, बार-बार फोन करने, परेशान करने और मारपीट करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक्टर पर 'प्रोटेक्शन ऑफ चिल्ड्रन फ़्रॉम सेक्सुअल ऑफेंसेज' (POCSO) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। इस मामले की जांच पुलिस तेजी से कर रही है।

रोहित चंदेल को किया गिरफ्तार

29 साल के एक्टर रोहित चंदेल ने 'काशीबाई बाजीराव बल्लाल' में बाजीराव और 'पंड्या स्टोर' में धवल मकवाना का किरदार निभाया था। सख्त POCSO एक्ट के अलावा पंत नगर पुलिस ने पीछा करने और चोट पहुंचाने के लिए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 78 और 115 (2) भी लगाई हैं। इन सभी धाराओं के आधार पर उन्हें पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

रोहित चंदेल पर लगे गंभीर आरोप

रोहित चंदेल को शुक्रवार को दहिसर स्थित उनके घर से गिरफ्तार किया गया और स्पेशल POCSO कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें पुलिस कस्टडी में भेज दिया। पूर्वी उपनगर में रहने वाले एक व्यक्ति की शिकायत के अनुसार आरोपी ने कथित तौर पर नाबालिग लड़की को अपने और कई अन्य नंबरों से बार-बार फोन करके परेशान किया। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि 5 जुलाई को उसने लड़की को उसकी रिहायशी इमारत के पास रोका और उसका पीछा किया। बाद में उससे झगड़ा किया, उसे गालियां दीं और उसके साथ मारपीट की।

कानूनी पचड़े में फंसे रोहित चंदेल 

पुलिस ने बताया कि नाबालिग और आरोपी एक-दूसरे को जानते थे। इस बारे में आगे की जानकारी देते हुए एक अधिकारी ने कहा, 'शिकायत मिलने के बाद मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की आगे की जांच चल रही है।'

ये भी पढे़ं - अजय देवगन की 'धमाल 4' ने की शानदार ओपनिंग, बॉक्स ऑफिस पर दिखाया दम, वर्ल्डवाइड किया 21 करोड़ का आंकड़ा पार

दोस्त की प्री-वेडिंग में आलिया भट्ट ने 'माही वे' पर किया डांस, आकांक्षा रंजन कपूर संग क्यूट बॉन्ड ने जीता दिल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। TV से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन